जमशेदपुर पश्चिमी: बन्ना के सामने भाजपा का चेहरा कौन! ‘पंजा’ रिटर्न या खिलेगा कमल

रांची: वर्ष 1967 से जमशेदपुर पश्चिमी के सियासी अखाड़े में अब तक के कुल 13 मुकाबले में चार बार कांग्रेस को जीत की वरमाली मिली है तो पांच बार भाजपा के हिस्से जीत आयी है. इस सीट पर पहली बा पंजा लहराने का श्रेय सी व्यास के नाम जाता है, उन्होंने 1967 के पहले मुकाबले में कांग्रेसी की झोली में इस डालने में कामयाबी हासिल की थी. लेकिन उसके कांग्रेस को अपनी दूसरी जीत के लिए 13 वर्षों का लम्बा इंतजार करना पड़ा, यह इंतजार वर्ष 1980 में तब खत्म हुआ जब मोहम्मद शमसुद्दीन ने इस सीट से कांग्रेस को दूसरी जीत दिलवायी. उसके बाद एक बार फिर से 29 वर्षों का लम्बा इंतजार हुआ और आखिरकार यह सूखा वर्ष 2009 में बन्ना गुप्ता ने खत्म किया. लेकिन वर्ष 2014 में यह सीट एक बार फिर से कांग्रेस के हाथ से निकल गयी और सरयू राय ने कमल खिला दिया. 2019 में बन्ना गुप्ता ने वापसी करते हुए भाजपा के देवेन्द्रनाथ सिंह को 22 हजार के विशाल अंतर से पराजित कर एक बार फिर से यह सीट भाजपा के हाथ से छीनने में कामयाबी हासिल की.

पहली बार मृगेन्द्र प्रताप सिंह ने खिलाया कमल
जहां तक भाजपा की बात है तो उसे पहली सफलता मृगेन्द्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1985 में दिलवायी थी. लेकिन 1990 में मोहम्मद हसन रिजवी ने झामुमो का झंडा बुलंद करते हुए मृगेन्द्र प्रताप सिंह की वापसी पर विराम लगा दिया. लेकिन इसके बाद मृगेन्द्र प्रताप सिंह ने जबरदस्त वापसी की और वर्ष 1995 और 2000 में लगातार कमल खिलाने मे कामयाब रहें. वर्ष 2005 में पहली बार सरयू की एंट्री होती है. उस मुकाबले में जहां सरयू राय ने 47,428 ने जीत हासिल की थी वहीं बन्ना गुप्ता को 34,733 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. यह बन्ना गुप्ता और सरयू का पहला सियासी मुकाबला भी था. जिसमें बाजी सरयू राय के हाथ लगी. लेकिन 2009 के मुकाबले में सरयू राय को बन्ना के हाथों करीबन तीन हजार से मात खाना पड़ा. हालांकि वर्ष 2014 में वापसी करते हुए सरयू राय ने बन्ना गुप्ता को करीबन 11 हजार से शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की. लेकिन इसी बीच भाजपा अंदर सरयू राय के साथ खेल हुआ, भाजपा ने अपने सीटिंग विधायक सरयू राय को टिकट देने के बजाय देवेन्द्रनाथ सिंह को मोर्चे पर तैनात किया. लेकिन बन्ना के सामने देवेन्द्रनाथ सिंह कोई खास करिश्मा नहीं कर पायें और करीबन 22 हजार से मात खाना पड़ा.
रघुवर प्रयोग में पूर्वी और पश्चिमी दोनों से भाजपा का सफाया
इधर सरयू राय ने इस अपमान का बदला पूर्वी जमशेदपुर सीट से निर्दलीय ताल ठोंकते हुए तात्कालीन सीएम रघुवर दास को 15,833 मतों से पराजित करते हुए लिया, उस मुकाबले में जहां सरयू राय को 73,945 वोट मिले वहीं रघुवर दास को 58,112 वोट पर सिमटना पड़ा. दावा किया जाता है कि सरयू राय को बेटिकट करने में रघुवर दास की ही भूमिका थी, लेकिन सिर्फ इस एक प्रयोग या सियासी जिद्द से ना सिर्फ पश्चिमी जमशेदपुर की सीट भाजपा के हाथ से निकल गयी बल्कि खुद रघुवर दास को सीएम की कुर्सी पर रहते हार का सामना करना पड़ा.
बन्ना के खिलाफ किसे मोर्चे पर उतारेगी भाजपा
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस बार पश्चिमी जमशेदपुर से भाजपा किस चेहरे पर दांव लगायेगी. देवेन्द्र नाथ सिंह पहले ही प्रयोग में 22 हजार के विशाल अंतर से पराजित हो चुके हैं. हालांकि हार और जीत बन्ना गुप्ता और सरयू के बीच भी होती रहती थी. लेकिन तब हार और जीत का मार्जिन बेहद कम होता था. लेकिन मोदी लहर के बावजूद देवेन्द्रनाथ सिंह को इतनी बड़ी हार का सामना करन इस बात का सबूत है कि सरयू राय का मैदान छोड़ने के बाद पश्चिमी जमशेदपुर में भाजपा की सियासी जमीन कमजोर हुई है. इस हालत में भाजपा बन्ना के विजय रथ को रोकने के लिए किसे मोर्चे पर तैनात करेगी, यह एक चुनौती पूर्ण फैसला होगा. इधर इन पांच वर्षों में भाजपा की चुनौती और गंभीर हुई है. बन्ना अब विधायक से मंत्री का सफर तय कर चुके हैं, सियासी कद में विस्तार हुआ है. इस हालत में भाजपा के सामने एक मजबूत उम्मीदवार उतारने की चुनौती होगी.
भाजपा के अंदर दावेदारों की बड़ी फौज

जहां तक भाजपा के अंदर दावेदारों की बात है, एक साथ कई चेहरे मैदान में कूदने को बेकरार हैं. इसमें से पहला नाम तो उन्ही देवेन्द्रनाथ सिंह का है, जो वर्ष 2019 में 22 हजार के विशाल अंतर से पराजित हो चुके हैं. देवेन्द्रनाथ सिंह को पूर्व सीएम रघुवर दास का बेहद करीबी बताया जाता है, दावा किया जाता है कि वर्ष 2019 में भी देवेन्द्रनाथ को टिकट दिलवाने में रघुवर दास की अहम भूमिका थी. देखना होगा कि इस बार देवेन्द्रनाथ सिंह के लिए बैंटिंग करने कौन सामने आता है. सवाल यह भी है क्या बाबूलाल मरांडी रघुवर दास के इस सियासी प्रयोग को आगे बढ़ाने का फैसला करते हैं या फिर खुद उनके पास भी अपना कोई सियासी घोड़ा है.

एक दूसरा नाम नीरज सिंह का है, नीरज सिंह को वर्तमान सांसद विद्यूत वरण महतो का करीबी माना जाता है. इस हालत में देखना होगा कि विद्यूत वरण महतो का टिकट वितरण में क्या भूमिका होती है, और उनकी सलाह को कितनी तव्वजो मिलती है.एक तीसरा नाम विकास सिंह का है.

विकास सिंह को सरयू राय का करीबी माना जाता है और सरयू राय अब खूद भाजपा का झंडा छोड़ जदयू का बैट पकड़ चुके हैं. इस हालत में देखना होगा कि इस बार विकास सिंह की ओर से कौन पैरोकार सामने आता है. चौथा नाम पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद सिंह का है, विनोद सिंह को अर्जुन मुंडा का करीबी माना जाता है, इस बार के लोकसभा चुनाव में अर्जुन मुंडा ने तमाड़ का चुनाव प्रभारी भी बनाया था, लेकिन विनोद सिंह अपने तमाम आश्वासनों के बावजूद अर्जुन मुंडा को तमाड़ से बढ़त दिलवाने में नाकामयाब रहें, हालांकि अंत-अंत तक बढ़त का ताल ठोंकते रहें. जीत का आश्वासन भी देते रहें, लेकिन आखिरकार अर्जुन मुंडा के हिस्से में हार आयी. इस हालत में अर्जुन मुंडा विनोद सिंह के लिए कितना जोर लगायेंगे और भाजपा के अंदर इस हार के बावजूद कितनी सुनी जायेगी, यह भी एक सवाल है.
किस चेहरे पर दांव लगाना जीत की गारंटी
पांचवा नाम राजकुमार श्रीवास्तव का है. राजकुमार श्रीवास्तव भी भाजपा का जिलाध्यक्ष रहे चुके हैं. इस प्रकार पश्चिमी जमशेदपुर सीट से भाजपा के अंदर दावेदारी की एक लम्बी फौज है. हालांकि इसमें कौन सा चेहरा जीताउ होगा. किस चेहरे पर दांव लगाना जीत की गारंटी होगी, कहना बेहद मुश्किल है, इस बार भी चुनौती मजबूत है. बन्ना के सामने कौन? से ज्यादा महत्वपूर्ण यह सवाल है कि सामाजिक किलेबंदी के आधार पर किसका चेहरा ज्यादा उपयुक्त है. यदि सामाजिक संरचना को सामने रख उम्मीदवारों का चयन किया गया तो मुकाबले को रोचक बनाया जा सकता है, नहीं तो एक बार फिर से यह सीट भाजपा के हाथ से निकल सकती है.
