कोयलांचल में जयराम का खेल शुरु! गोमिया में गुणानंद महतो ने छोड़ा भाजपा का साथ

रांची: जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, दलबदल का खेल शुरु हो चुका है. पालाबदल के इस खेल में झारखंड की जनभावनाओं और जन मुद्दों की उपेक्षा का आरोप भी सामान्य है, हर दल बदल करने वाला सियासी कार्यकर्ता इसी आरोप के साथ पार्टी को अलविदा कहता है और फिर टिकट के जुगाड़ में दूसरी पार्टियों का रुख करता है. कुछ यही स्थिति गोमिया विधान सभा में भी देखने को मिली. भाजपा के पूर्व कार्यसमिति सदस्य गुणानंद महतो भी 1932 आधारित खतियान, स्थानीय नियोजन नीति, बेरोजगारी और विस्थापन के सवाल पर पार्टी की चुप्पी को आधार बनाते हुए अपना इस्तीफा सौंप दिया. जबकि जिन मुद्दों को लेकर गुणानंद महतो ने अपना इस्तीफा सौंपा है, वह कभी भी भाजपा का कोर एजेंडा रहा ही नहीं, भाजपा तो बांग्लादेशी घुसपैठ के तीर के सहारे अपनी वापसी का ताना बाना बून रही है. संकेत साफ है कि गुणानंद महतो का अगला सियासी सफर की शुरुआत कहां से होनी है. आज इन मुद्दों के दो ही सबसे बड़े पैरोकार हैं. एक तो सत्तारुढ़ झामुमो और दूसरा जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा. अब चूंकि गुणानंद महतो 1932 आधारित खतियान, स्थानीय नियोजन नीति, बेरोजगारी और विस्थापन का सवाल उठा रहे है, और साथ ही इस मुद्दे पर झामुमो को भी घेरने की कोशिश कर रहे हैं तो संकेत साफ है किअगली सियासी यात्रा की शुरुात जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के साथ होने वाली है. खबर है कि गुणानंद महतो जल्द ही जयराम का दामन थाम सकते हैं.
लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का झंडा उठाने की तैयारी
दरअसल गुणानंद महतो की मुश्किल यह थी कि भाजपा आजसू गठबंधन के तहत यह सीट आजसू के खाते की है, जहां से अभी आजसू के लंबोदर महतो विधायक है, इस हालत में गुणानंद महतो के लिए टिकट का जुगाड़ नामुमकिन था. यही पालाबदल की एकमात्र वजह है. दूसरी ओर आजसू की सीट होने के बावजूद लोकसभा चुनाव में गोमिया विधान सभा में जयराम महतो को 70,828 वोट मिला, जबकि आजसू उम्मीदवार चन्द्रप्रकाश चौधरी को 66,488 और मथुरा महतो को 58,828 वोट मिला. साफ है कि भले ही लोकसभा चुनाव में जयराम महतो को हार मिली हो, लेकिन गोमिया विधान सभा से मजबूत बढ़त मिली, लोकसभा चुनाव के बाद ही माना जा रहा था कि इस बार यहां से जयराम की पार्टी भी अखाड़े में होगी, पहले तो खुद जयराम महतो को अखाड़े में उतरने की चर्चा थी, लेकिन अब लगता है कि जयराम गोमिया के बजाय टूंडी या गिरिडीह से अखाड़े में उतरना पसंद करेंगे. इन दोनों विधान सभा में भी जयराम को मजबूत बढ़त मिली है.
कोयलांचल की कई सीटों पर जयराम की नजर
दरअसल जयराम की नजर इस बार कोयलांचल की कई सीटों पर लगी हुई है. जिसमें झरिया, चंदनकियारी, निरसा, सिंदरी के साथ ही बाधमारा, बोकारो, टूंडी और बेरमो की सीट भी है. आने वाले दिनों में इन सीटों पर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है. जिसका नुकसान झामुमो और भाजपा को उठाना पड़ सकता है, इस बीच खबर है कि कोयलांचल में सक्रिय मासस का माले में विलय होने जा रहा है. जिसके बाद महागठबंधन के तहत माले इन सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक सकता है, कुल मिलाकर इस बार विधान सभा चुनाव में कोयलांचल और उसके निकटवर्ती विधान सभा सियासी दलों के लिए शक्ति प्रर्दशन का केन्द्र बनने वाला हैऔर गुणानंद महतो का यह पालाबदल उसकी शुरुआत भर है.
