सिटी केयर हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर में पायी गई अनियमितताएं, अल्ट्रासाउंड यूनिट सील

MANOJ KUMAR
बोकारो : जिले के विभिन्न अल्ट्रासाउंड मशीनों और क्लिनिकों की पीसी-पीएनटी की टीम द्वारा जांच अभियान तेज कर दिया गया है और इसी क्रम में चास के सिटी केयर हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर में जांच करते हुए टीम ने काफी अनियमितताएं पायी. इसी आधार पर अस्पताल के अल्ट्रासाउंड यूनिट को सील कर दिया गया. बोकारो उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर चास के अनुमंडल पदाधिकारी ओम प्रकाश गुप्ता एवं बोकारो के सिविल सर्जन डॉ दिनेश कुमार के साथ बोकारो सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर अरविंद कुमार नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार जिला डाटा प्रबंधक कंचन कुमारी और एनजीओ प्रतिनिधि प्रगति शंकर भी जांच टीम में शामिल थे.

डॉक्टर की रिपोर्ट में गड़बड़ी व एक्सपायर्ड दवा भी टीम को मिली
जांच टीम ने चास के सिटी केयर हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर का जब निरीक्षण किया तो कई तरह की अनियमितताएं पायी गई. मरीजों के विवरणी का संधारण ढंग से नहीं पाया गया. इसके अलावा अल्ट्रासाउंड की तकनीकी पहलुओं और डॉक्टर की रिपोर्ट का भी मिलान किया गया और इसमें गड़बड़ी पाई जाने के बाद तत्काल प्रभाव से अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया. जो जानकारी मिली है उसके हिसाब से अल्ट्रासाउंड क्लिनिक संचालन में पीसीपीएनडीटी के नियमों का अनुपालन नहीं किया जा रहा था. यहां तक की अस्पताल में एक्सपायर्ड दवा भी मौके पर टीम को प्राप्त हुई है.
