“सागर से भी गहरा हूँ.. कितने कंकड़ फेंकोगे” हेमंत के निशाने पर भाजपा

रांची: करीबन पांच महीनों तक जेल की उंची दीवारों के बीच कैद रहने के बाद, जब से पूर्व सीएम हेमंत की वापसी हुई है. एक दिन भी ऐसा नहीं गुजरा, जब भाजपा निशाने पर नहीं हो. कभी भोगनाडीह से एक और उलगुलान का दावा तो कभी इस बात की हुंकार, आज ही चुनाव की घोषणा करवा दो, कल झारखंड से भाजपा का सफाया हो जायेगा. हेमंत सोरेन की भाव भंगिमा और बॉडी लैंग्वेज से साफ है कि इस बार भाजपा के साथ दो-दो हाथ करने की तैयारी में हैं, साथ ही इस बात का एहसास भी है कि एक बार फिर से षडयंत्रों का ताना बाना बूना जा सकता है और कैदखाने की उंची दीवारों के बीच से कैद किया जा सकता है. मानो जितना भी वक्त मिला है, एक-एक पल का उपयोग करते हुए 2024 के विधान सभा चुनाव की तैयारियों को पूरा कर लिया जाय, ताकि किसी षडयंत्र का असर नहीं हो.
तानों के भी शोर में रहकर सच कहने की आदत है
इसी मनोभाव की एक झलक सोशल मीडिया पोस्ट में देखने को मिल रही है, सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखते हैं कि इस जग में जितने ज़ुल्म नहीं, उतने सहने की ताकत है….तानों के भी शोर में रहकर सच कहने की आदत है, मैं सागर से भी गहरा हूँ… तुम कितने कंकड़ फेंकोगे,चुन-चुन कर आगे बढूँगा मैं…तुम मुझको कब तक रोक़ोगे…तुम मुझको कब तक रोक़ोगे”
एक दूसरे पोस्ट में लिखते हैं कि “जिसके शरीर में वीर क्रांतिकारियों का खून दौड़ रहा हो, जिसके सिर पर करोड़ों झारखण्डवासियों का आशीर्वाद हो, जिसने दिशोम गुरुजी के पदचिन्हों पर चलकर कभी झुकना नहीं सीखा, यह तानाशाही ताकतें उसे झुकाने चली थीं? बहुत बड़ी भूल थी उनकी, झारखण्ड के साथ हुए षड्यंत्र का एक-एक कर हिसाब लिया जाए” यह तो अभी शुरुआत भर है, जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की रणभेरी तेज होगी, और भी आक्रमकता देखने को मिलेगी. लेकिन इस बीच भाजपा भी इन दावों की खिल्ली उड़ाने में पीछे नहीं है, हालांकि उसे इस बात का एहसास भी है कि हेमंत की गिरफ्तारी गले की हड्डी बन चुकी है, इसका खामियाजा लोकसभा चुनाव में चुकानी पड़ी है, और विधान सभा चुनाव में ही यह खतरा मंडरा रहा है. और अब वह इस बात का दावा कर रही है कि जेल भी कोर्ट के आदेश से भेजा गया था और मुक्ति भी कोर्ट के आदेश से हुई, इसमें भाजपा कहां खड़ी है?
निशिकांत की चुप्पी की भाजपा की बदली रणनीति का हिस्सा?
यानि जिस गिरफ्तारी को हथियार बना कर झामुमो आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं का धुर्वीकरण चाहती है, भाजपा उस खतरे से अनजान नहीं है. वह निशाना साधने के बजाय कोर्ट का मामला बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करती नजर आ रही है. खास कर गोड्डा सांसद निशिकांत की चुप्पी गौर करने के लाइक है, बात-बात पर हेमंत सोरेन और झामुमो को निशाने पर लेने वाले निशिकांत दुबे भी हेमंत सोरेन के किसी भी बयान पर पलटवार करने के बजाय राहुल गांधी पर निशाना साधते दिखलायी पड़ रहे हैं. जबकि झारखंड की सियासत में उनकी पहचान ही झामुमो और हेमंत सोरेन को लेकर दिन प्रति दिन के दावों से हैं. ईडी क्या करने वाली है, अगल नम्बर किसका है, किस दिन जेल जाने तय है, झारखंड की सत्ता के कितने दिन शेष बचे हैं, किस दिन हेमंत सरकार की विदाई होने वाली है, चंपाई सोरेन की कुर्सी महज चंद दिनों में जाने वाली है, खबरदार, होशियार कर सुर्खियों में छाने वाले निशिकांत दुबे की चुप्पी हैरान भले ही करती हो, लेकिन यह भाजपा की बदलती रणनीति का हिस्सा है. और इस बात का भय भी है कि इस वक्त हेमंत पर निशाना साधना, उल्टा परिणाम दे सकता है. खास विधान सभा चुनाव में इसकी विपरीत प्रतिक्रिया सामने आ सकती है.
