लोबिन के बोरियो पर हेमलाल की नजर! अधर में जेएमएम के सदा बहार बागी का भविष्य?

रांची: विधायकी छोड़ संसद पहुंचने की ख्वाहिश पालने वालने लोबिन हेम्ब्रम राजमहल में अपना करिश्मा दिखलाने में असफल साबित हुए. जिस लोबिन हेम्ब्रम को विजय हांसदा के विजय रथ पर ताला माना जा रहा था, वह महज 42140 वोट लाकर तीसरे स्थान पर सिमट गयें. इसके साथ ही लोबिन की सियासत भी फंसती नजर आ रही है. विधान सभा की रणभेरी बज चुकी है, झामुमो हो या भाजपा अपने-अपने लिए मजबूत सियासी घोड़े की तलाश में जूट चुके हैं.

सियासी चक्रव्यूह में लोबिन हेम्ब्रम

लेकिन बोरियो से पांच बार विधान सभा का सफर करने वाले लोबिन का आज कहां खड़े है?  यह सवाल गहराने लगा है. झामुमो पार्टी विरोधी गतिविधि का आरोप लगाते हुए पहले ही निष्कासन का नोटिस थमा चुकी है और जिस जल, जंगल और जमीन की सियासत लोबिन करते रहे हैं, 1932 का खतियान, झारखंडी भाषा और अस्मिता का मुद्दा उठाते रहे हैं, खुले रुप में भाजपा को आदिवासी विरोधी बताते रहे हैं, लोबिन का अगला सियासी पड़ाव क्या होगा? यह एक अबूझ पहेली बनती नजर आ रही है, हालांकि लोबिन अभी भी अपने आप को झामुमो का सिपाही ही बताते हैं, इस बात का दावा ठोंकते हैं कि उनकी कोशिश  झामुमो को उसके कोर मुद्दे की याद दिलाने की थी, भावी सियासी फजीहत से बचाने की थी, लेकिन झामुमो को फजीहत से बचाने का दावा कर रहे लोबिन खुद ही इस सियासी चक्रव्यूह में फजीहत के मुहाने पर खड़े नजर आ रहे हैं.

 निष्कासन वापसी के फैसले पर पार्टी की चुप्पी  

हालांकि जेल यात्रा से हेमंत सोरेन की वापसी और ताजपोशी के बाद लोबिन हेम्ब्रम ने विश्वास मत के दौरान झामुमो के पक्ष में ही मतदान किया, लेकिन निष्कासन का फैसला अभी वापस  नहीं लिया गया है और यदि विधान सभा चुनाव के पहले -पहले निष्कासन का फैसला वापस नहीं होता है, तो लोबिन के सामने दो ही विकल्प बचते हैं. पुराने मुद्दे और सियासत को अलविदा कहते हुए भाजपा की सवारी, या फिर निर्दलीय रुप से मैदान में कूदने  की तैयारी. लेकिन क्या पुराने मुद्दों को अलविदा कहने के बावजूद लोबिन के लिए भाजपा की सवारी आसान रहने वाली है? यदि भाजपा लोबिन को पार्टी में एंट्री का हरि झंडी दिखलाती भी है, तो फिर उस ताला मरांडी की सियासत का क्या होगा? जो 2014 और 2005 में उसी बोरियो से लोबिन को सियासी शिकस्त दे चुके हैं? इस हालत में भाजपा के लिए ताला मरांडी के लिए नये ठिकाने की खोज करनी पड़ेगी और क्या ताला मरांडी को यह स्वीकार होगा? यह भी एक बड़ा सवाल होगा. वैसे भी ताला मरांडी का पार्टी बदलने का पुराना इतिहास रहा है. सियासी जीवन की शुरुआत भी कांग्रेस के साथ ही हुई थी और आजसू का भी ठिकाना रहा है. इस हालत में यदि इधर लोबिन की एंट्री होती है और उधर ताला मरांडी पलटी मार जाय तो यह हैरत की बात नहीं होगी. वैसे भी इन दिनोंं, संताल और कोल्हान का जो सियासी मिजाज दिख रहा है,  विधान सभा पहुंचने की हसरत पाले ताला मरांडी के लिए कांग्रेस-झामुमो की सवारी सियासी रुप से ज्यादा मुफीद नजर आयेगा. यानि भाजपा के सामने लोबिन की एंट्री से ज्यादा घर बचाने की चुनौती होगी.

लोबिन को चुनौती देने की तैयारी में हेमलाल मुर्मू

लेकिन इस बीच 10 वर्षों के सियासी वनवास के बाद घर वापसी करने वाले हेमलाल मुर्मू ने पार्टी नेतृत्व से बोरियो से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है. हालांकि हेमलाल की इस चाहत पर पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है, लेकिन पार्टी के अंदर हेमलाल के लिए नये ठिकाने और अवसर की खोज जरुर तेज है और यदि ऐसा होता है तो यह लोबिन के लिए एक बड़ा सियासी संकट होगा. आपको बता दें कि हेमलाल मुर्मू झामुमो के टिकट पर राजमहल के विधायक रहे हैं, लेकिन वर्ष 2014 में वह झामुमो  के साथ छोड़कर भाजपा की सवारी कर बैठे, भाजपा की ओर से वर्ष 2014 और 2019 में राजमहल लोकसभा से उम्मीदवार बनाया गया, लेकिन दोनों ही बार हेमलाल मुर्मू को विजय हांसदा के हाथों मात खाना पड़ा, इस बीच भाजपा ने लिट्टीपाड़ा के उपचुनाव में भी उतारा, लेकिन वहां भी झामुमो के साइमन मरांडी के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा,  लगातार हार के बाद हार का सामने करते  हेमलाल मुर्मू ने आखिरकार इसी वर्ष घर वापसी का फैसला कर लिया, अब पार्टी के अंदर केन्द्रीय प्रवक्ता की जिम्मेवारी सौंपी गयी है और इसके साथ ही किसी सियासी अवसर की तलाश भी की जा रही है.

हेमलाल की चाहत का सम्मान या गुरुजी के सबसे प्यारे शिष्य लोबिन को अभयदान

लेकिन हेमलाल मुर्मू ने उसी बोरियो से विधान सभा चुनाव में उतरने की इच्छा जाहिर की है, जिसे अब तक लोबिन किला माना जाता रहा है. हालांकि लोकसभा चुनाव में लोबिन के प्रर्दशन के साफ हो गया कि जिस जन समर्थन को लोबिन अपनी ताकत समझने की भूल कर रहे थें, दरअसल उस जनसमर्थन के पीछे झामुमो की ताकत खड़ी थी, झामुमो को झंडा जहां भी रहता है, यह जन समर्थन उसी के साथ चलता है. कभी हेमलाल मुर्मू को भी यही भ्रम हुआ था, लेकिन 10 वर्षों के वनवास के बाद यह बात समझ में आ गयी कि संताल में यदि किसी का जोर चलता है, तो वह गुरुजी के चेहरे का है, दूसरे किसी भी चेहरा का कोई स्थायी प्रभाव नहीं रहता. इस हालत में देखना होगा कि झामुमो की ओर से अंतिम फैसला क्या लिया जाता है, हेमलाल की चाहत पूरी की जाती है या लोबिन का निष्कासन वापस कर गुरुजी के सबसे प्यारे शिष्य को एक और जीवनदान दिया जाता है, क्योंकि झामुमो की मौजूदा नीतियों पर लोबिन चाहे जितना सवाल खड़ा करें, लेकिन गुरुजी के प्रति निष्ठा अटूट और अडिग रही. उस हालत में हेमलाल के लिए विकल्प की तलाश भी एक चुनौती होगी और शायद विधान सभा चुनाव में हेमलाल के लिए किसी ठिकाने की खोज की जा रही हो.  वैसे भी हेमलाल को कभी संताल में पार्टी का चेहरा माना जाता था, उनकी तूती बोलती थी, इसका एहसास को हेमंत और उनके सहयोगियो को भी है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More