कोल्हान टाईगर चंपई सोरेन के करीबी मझगांव विधायक निरल पूर्ति पर हेमन्त सोरेन की पैनी नजर
-(1).jpg)
चाईबासा: कोल्हान टाईगर चंपई सोरेन जेएमएम से बगावत और अपनी नई पार्टी बनाने की घोषणा के बाद लगातार कोलहान के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूम कर अपनी जमीनी स्थिति को मजबूत करने में जुटे हैं लेकिन उनके सबसे नजदीकी माने जाने वाले मझगांव विधायक निरल पूर्ति का शांत होना और इस पूरे प्रकरण पर मौन धारण करने से राजनीतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं और मायने निकाले जा रहे हैं।
ऐसा इसलिए क्योंकि निरल पूर्ति ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत चंपई सोरेन की संगति में ही रहकर शुरू की थी और आज उनकी ही देन है कि निरल पूर्ति लम्बे समय से सफल राजनेता माने जाते हैं। तीस साल के राजनीतिक जीवन में मझगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता ने कई बार उन्हें अपना विधायक चुन विधानसभा भेजा है। आज कोल्हान क्षेत्र के जेएमएम विधायकों के सामने उधेड़बुन की स्थिति है। एक तरफ़ दिशोम गुरु की पार्टी झामुमो है, जिसकी कमान अनौपचारिक रूप से हेमन्त सोरेन के पास है और सरकार की बागडोर भी उनके हाथों में ही है तो दूसरी तरफ अचानक से पार्टी से नाराज़ होकर बगावत कर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री कोल्हान टाईगर चंपई सोरेन हैं, जिन्होंने नई पार्टी बनाने का एलान कर दिया है और वह कोल्हान के विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
हेमंत सोरेन और चंपाई सोरेन के आमने-सामने की स्थिति में कोल्हान के विधायक अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फूंक-फूंक कर कदम रखना चाह रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जेएमएम नेतृत्व की ओर से कोल्हान विधायकों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मझगांव विधायक पर भी हेमन्त सोरेन की पैनी नजर है। सूत्रों के अनुसार चंपाई सोरेन के मुख्यमंत्री रहते निरल पूर्ति काफ़ी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे, यूं कहा जा रहा है कि उस समय निरल पूर्ति को चंपई सोरेन का राइट हैंड माना जा रहा था। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि सीएम बनने के बाद चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन के करीबियों को दरकिनार करने का काम किया है।
ऐसा कहने वालों का तर्क यह भी है कि चंपाई सोरेन ने अपनी सरकार में कोल्हान विधायक दीपक बिरुआ को न सिर्फ कैबिनेट मंत्री बनाया बल्कि अपने पूर्व के विभागों परिवहन को भी देने का काम किया , ऐसे में दीपक बिरुआ उस समय के ऐतिहासिक समय को याद रखते हुए चंपई सोरेन के प्रति सहानुभूति से भी इनकार नहीं करते हैं। जेएमएम के विधायक अपने फोन टेपिंग होने की संभावना से इंकार नहीं कर सकते।
