झारखंड में 30-31 जुलाई को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, अब मानसून के रफ्तार पकड़ने के आसार

रांची: झारखंड में 30 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा। इससे पूरे राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में अब तक मानसून कमजोर था, लेकिन 30 जुलाई से एक अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। 30 जुलाई को पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में अच्छी बारिश की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बना है। अगले 24 घंटे तक इसका विस्तार होगा। इसके कारण 30 जुलाई से राज्य में अच्छी बारिश की उम्मीद है। इस बारिश से राज्य में खेती-किसानी के काम में तेजी आने की उम्मीद है। अब तक कम बारिश के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हजारीबाग में सबसे ज्यादा 77.1 मिमी बारिश हुई
पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ जिलों में सामान्य बारिश हुई। सबसे ज्यादा 77.1 मिमी बारिश हजारीबाग के दारू में दर्ज की गई। सरायकेला में 76.0 मिमी, खरसावां में 66.2 मिमी, भवनाथपुर में 65.3 मिमी, रामगढ़ में 65.0 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 57.2 मिमी, धनबाद में 56.1 मिमी, जमशेदपुर में 48.8 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 47.0 मिमी, बोकारो में 28.8 मिमी, चतरा में 22.0 मिमी और गुमला में 13.0 मिमी बारिश हुई। इनके अलावा राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
रांची में अब तक 400 मिमी बारिश
इस मानसून में राजधानी में अब तक करीब 400 मिमी बारिश हुई है। जमशेदपुर में 242, बोकारो में 396 और चाईबासा में करीब 300 मिमी बारिश हुई। फिलहाल राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश सामान्य से कम हुई है। बादल और बारिश के कारण रांची समेत लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
