झारखंड में मानसून की दस्तक, अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अनुमान

 रांची : आखिरकार मानसून शुक्रवार (28 जून) को पूरे झारखंड में पहुंच गया। पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में बने एक निम्न दबाव यानी लो प्रेशर एरिया के असर से झारखंड में अगले 2-3 दिनों तक जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है।

29 जून से 1 जुलाई तक झारखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने बताया है कि 29 जून को झारखंड के पश्चिमी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। 30 जून और 1 जुलाई को भी झारखंड के कई इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस संबंध में येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

29 और 30 जून को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद बताया कि शनिवार (29 जून) को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। 30 जून को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा जिले में कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।

झारखंड में 53.2 मिलीमीटर ही हुई है मानसून की वर्षा
मौसम वैज्ञानिक ने रविवार (30 जून) के मौसम पूर्वानुमान के बारे में कहा कि इस दिन गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। मानसून के देरी से आने की वजह से अब तक झारखंड में बारिश भी बहुत कम हुई है। 1 जून से 28 जून के बीच मात्र 53.2 मिलीमीटर वर्षा हो पाई है, जो सामान्य से 69 फीसदी कम है।

3 दिन में 4 डिग्री तक घटेगा अधिकतम तापमान
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 3 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी. उच्चतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है. इसके बाद 2 दिन तक इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

रांची में कल आसमान में छाए रहेंगे बादल, होगी वर्षा
राजधानी रांची में कल के मौसम के बारे में पूछने पर मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहेंगे। मध्यम दर्जे की वर्षा भी होगी। उच्चतम और न्यूनतम तापमान में 1-1 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आ सकती है। 30 जून और 1 जुलाई को भी अधिकतम तापमान में 1-1 डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड पर स्थिर रहने की संभावना है।
सबसे ज्यादा 32.4 मिमी बारिश मुसाबनी में
पिछले 24 घंटे के दौरान गरज और आंधी के साथ कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक 32.4 मिलीमीटर वर्षा पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 38.9 डिग्री सेंटीग्रेड डालटेनगंज में रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रांची में रिकॉर्ड किया गया।

लेखक के बारे में

By Nivedita Jha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More