कोडरमा: भारी बारिश ने छीना गरीबों का आशियाना, ढह गए कई कच्चे मकान
कोडरमा: जिले में तीन दिनों से हो रही बारिश ने कई लोगों के घरों को नुकसान पहुंचाया है. कई कच्चे घर टूट गए हैं. जयनगर प्रखंड अंतर्गत पंचायत तिलोकरी ग्राम तिलोकरी निवासी जगत दुलारी देवी पति जगरन्नाथ पांडेय का मकान भारी बारिश के कारण गिर गया. लगातार 72 घंटे से हो रहे तेज बारिश में आम आवाम को काफी नुकसान पहुंचाया है. दुलारी देवी अपने पति के साथ मिट्टी के बने मकान में रहती थी. कई बार इन्होंने पक्के मकान के लिए सरकार से गुहार लगाई लेकिन आज तक इनका सरकार से लाभ नहीं मिल पाया. अब हालत ऐसी है कि बचा हुआ मिट्टी का मकान भी ढह कर टूट गया. इनका रहने का आशियाना बिखर गया.

मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में इन्होंने पक्के मकान के लिए फार्म भी भरा था लेकिन इनको सरकारी लाभ अभी तक नहीं मिल पाया. बताते चलें कि अबुआ आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को आशियाना मिलने का योजना थी, परंतु गरीबों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है. यदि सही जांच पड़ताल किया जाए तो बहुत बड़ा घोटाला खुलकर सामने आने की संभावना है. इन्होंने सरकार से अपने रहने की एवं बच्चों के पालन पोषण के लिए आशियाना की मांग की है.
इधर मरकच्चो प्रखंड मे दो तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिस के कारण कई कच्चे मकान गिर गए. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात मरकच्चो कोटवार मुहल्ला निवासी संदीप सोनी की पत्नी मुन्नी कुमारी अपने दो छोटे छोटे बच्चे के साथ खाना खाकर सोने गयी थी. इसी दौरान मिट्टी का मकान भारी बारिश के कारण भरभरा कर गिर गया. ग्रामीणों ने उन लोगों को किसी तरह निकाला लेकिन समान वगैरह सब मलबे के अंदर दबा हुआ है. हालांकि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है. वहीं प्रखण्ड में भारी बारिश के कारण कई कच्चा मकान गिरने का सामाचार है. बारिश के कारण बगल में ही उसी आंगन में फुलवा देवी का कच्चा मकान, भगवती डीह निवासी बिनोद गिरी का कच्चा मकान, दरगाह मुहल्ला निवासी शेख सलीम, शेख कयूम, विनय पोद्धार, इनामूल शेख का कच्चा मकान गिर गया है.
