भाजपा जदयू पर भारी रघुवर! जमशेदपुर के अखाड़े से ‘धनबाद’ की झलक

रांची: सरयू राय का जदयू में एंट्री को कई सियासी विश्लेषकों के द्वारा रघुवर दास का गेम ओवर के रुप में प्रस्तूत करने की कोशिश की जा रही है. दावा किया जा रहा है सरयू राय के रुप में नीतीश कुमार ने झारखंड की सियासत में वह पासा फेंका है, जिसकी काट फिलहाल भाजपा के पास नहीं है. जिसके कंधों पर केन्द्र की सरकार खिंची जा रही है, उसकी शर्त मानने की भाजपा की मजबूरी है. दावा तो यह भी किया जा रहा है कि सरयू राय की जदयू में एंट्री के पहले भाजपा से पूर्वी जमशेदपुर की सीट को लेकर रजामंदी भी ले ली गयी है. लेकिन इस तथ्य को भूला दिया जा रहा है कि खुद सरयू राय की चाहत जदयू के बजाय भाजपा की सवारी करने की थी, लेकिन रघुवर दास के वीटो के कारण दरवाजा नहीं खुला और थक-हार कर विकल्पहीनता की स्थिति में जदयू की सवारी करनी पड़ी. और खुद नीतीश कुमार ने भी झारखंड की सियासत में सरयू की अहमियत को कोई खास तवज्जो नहीं दिया. यदि नीतीश कुमार को यह विश्वास होता कि झारखंड में जदयू की नैया सरयू ही पार लगा सकते हैं, तो पटना में सरयू राय के स्वागत खीरु महतो और दूसरे सेकेंड -थर्ड लाईन नेताओं के बजाय खुद नीतीश कुमार कर रहे होंते.

 सियासी हालात से तय होता है नीतीश की रणनीति 

भाजपा जदयू पर भारी रघुवर! जमशेदपुर के अखाड़े से 'धनबाद' की झलक
नीतीश कुमार (फाइल फोटो)

आपको याद रहे कि नीतीश कुमार की गिनती मित्रता निभाने वाले राजनेताओं में नहीं की जा जाती. यह श्रेय आज भी लालू यादव के पास है. शिवानन्द तिवारी से लेकर, ऐसे अनेक उदाहरण है, जिन्होंने चारा मामले में लालू यादव को जेल के सीखचों के पीछे भेजवाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ा. लेकिन जब उनके राजनीतिक अवसान की शुरुआत हुई, दुर्दिन के बादल मंडराने लगे, तब उसी लालू ने सियासी संबल प्रदान किया. लेकिन इसके विपरीत आज का एक भी पुराना सहयोगी नीतीश कुमार के साथ नहीं है. लालू यादव के विपरीत नीतीश कुमार की गिनती खांटी राजनेताओं में की जाती है, जहां रिश्तों का कोई कद्र नहीं होता, सम्मान और दूरी सब कुछ सियासी कद और हालात से तय होता है. यदि आपके चेहरे के लाभ की स्थिति बनती है, नीतीश कुमार की सियासी महत्वाकांक्षा को पंख लगता है, तब तो आप कृपा पात्र हैं, लेकिन यदि आप चूके हुए तीर है, तब ना तो दोस्ती और ना दुश्मनी ही बेहतर है. 1995 के बाद नीतीश  के साथ कई चेहरे आये, जिन्हे बेहद करीबी और यहां तक की उत्तराधिकारी भी माना गया, आज वे सारे चेहरे गुम है.

जदयू में एंट्री सरयू राय की सियासी विवशता

भाजपा जदयू पर भारी रघुवर! जमशेदपुर के अखाड़े से 'धनबाद' की झलक
जदयू की सदस्यता ग्रहण करते सरयू राय (फाइल फोटो)

निश्चित रुप से सरयू राय को भी यह चाहत रही होगी कि उनकी जदयू में एंट्री के वक्त नीतीश कुमारी उपस्थिति हो, और इसी चाहत में एंट्री का आयोजन पटना में किया गया, लेकिन बावजूद इसके नीतीश कुमार ने दूरी बनाना ही बेहतर समझा. तो फिर इसके मायने क्या है? संकेत साफ है कि जदयू में एंट्री की चाहत सरयू राय की रही होगी, लेकिन नीतीश कुमार के मन में इसकी प्रति कोई विशेष उत्साह नहीं था. इस हालत में यह मानने की भूल कर लेना कि एक सरयू राय की चाहत के लिए नीतीश कुमार पूर्वी जमेशदुर की सीट के लिए भाजपा से दूरी बनाने की हद तक जायेंगे, एक ख्याली पुलाव से ज्यादा कुछ नहीं होगा, हालांकि फिलहाल बिहार की सियासत जिस मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है, नीतीश कुमार जिस अंदाज में भाजपा की घेरेबंदी करते नजर आ रहे हैं, यदि आने वाले दिनों नें बिहार की सियासत से कोई नयी तस्वीर निकलती दिखे तो यह भी आश्यर्च की बात नहीं होगी. लेकिन वह नीतीश कुमार का अपना फैसला और अपनी सियासत होगी. और यदि ऐसा होता है तो फिर झारखंड की सियासत में सरयू राय का चेहरा बड़ा करने की कोशिश की जायेगी.

बिहार में बदली तस्वीर, तब झारखंड में सरयू राय के चेहरे को बड़ा करने की होगी कोशिश

एक तरफ खीरु महतो और दूसरे नेताओं को सामने कर कुर्मी पॉलिटिक्स को धार देने की कवायद होगी, तो दूसरी तरफ सरयू राय के सहारे अगड़ी जातियों को साथ लाने की रणनीति. लेकिन यदि भाजपा के साथ बिहार में रिश्ता कमफर्टेबल रहता है, तो उस हालात में सरयू राय को अपने हिस्से की लड़ाई खुद लड़नी होगी. नीतीश कुमार सरयू राय को लेकर झारखंड भाजपा में कोई रार खड़ा करना पसंद नहीं करेंगे.

रघुवर दास का निर्दलीय ताल ठोंकने की स्थिति में क्या होगी तस्वीर?

भाजपा जदयू पर भारी रघुवर! जमशेदपुर के अखाड़े से 'धनबाद' की झलक
रघुवर दास ( फाइल फोटो)

लेकिन, इससे भी रोचक सवाल है कि यदि भाजपा और जदयू संयुक्त ताकत के साथ सरयू राय को पूर्वी जमशेदपुर की सीट से अपना उम्मीदवार घोषित भी कर देती है और रघुवर दास ने गर्वनर के पद से त्याग पत्र देकर निर्दलीय रुप से अखाड़े में उतरने का एलान कर दिया तब की तस्वीर क्या होगी? क्या जदयू के पास अपना कोई वोट बैंक उस जमशेदपुर की सीट पर है, जहां से रघुवर दास 1995 से लगातार जीत दर्ज करते रहे हैं, और 2019 में सरयू राय के हाथों हार का सामना करना पड़ा. क्या उस हालत में वैश्य समाज जो भाजपा का कोर वोटर रहा है, भाजपा के साथ अटूट रह पायेगा? कहा जा सकता है कि वर्ष 2019 के मुकाबले में जब सरयू राय निर्दलीय मैदान में कूदे थें, और रघुवर दास सीएम की कुर्सी पर विराजमान थें, उस हालात में भी 73,945 वोट पाया था, जबकि रघुवर दास का कांटा 58,112 पर अटक गया था. लेकिन इस तर्क को सामने रखते हुए यह भी नहीं भूलना चाहिये कि उस मुकाबले में सरयू राय को हेमंत सोरेन का साथ मिल रहा था, कांग्रेस की ओर से भी गौरव बल्लभ को अखाड़े में उतारा गया था, उनकी कोई जमीनी पकड़ नहीं थी. वह महज प्रतीकात्मक रुप से अखाड़े में मौजूद थें. लेकिन इन पांच वर्षो में परिस्थितियां बदल चुकी है. और पांच- पांच बार का विधायक रहने और कुछ दूसरे कारण से भी रघुवर दास प्रति एक नाराजगी थी, आज स्थिति उलट चुकी है, आज इन पांच वर्षों का हिसाब सरयू राय से मांगा जायेगा.

पूर्वी जमशेदपुर का सामाजिक समीकरण

इस सियासी चुनौती को समझने के पहले जरुरी है कि हम पूर्वी जमशेदुर के सामाजिक समीकरण पर नजर डाल लें. एक आंकड़े के अनुसार पूर्वी जमशेदपुर में अनुसूचित जाति के मतदाता करीबन 15 फीसदी है, मुस्लिम-6 फीसदी, इसके साथ ही वैश्य और दूसरी पिछड़ी जातियों की एक बड़ी आबादी है. असली खेल यहीं से शुरु होता है, यदि वैश्य और दूसरी पिछड़ी जातियों में यह धारणा बनी या बनाने की कोशिश हुई कि सरयू राय को आगे कर एक वैश्य और पिछड़े चेहरे को किनारा करने की साजिश रची जा रही है, तो पूरा गेम एक बारगी बदलने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है. उस हालत में सरयू राय को सिर्फ अगड़ी जातियों का ही सहारा होगा, भाजपा के साथ के कारण छह फीसदी मुस्लिम और अनुसूचित जनजाति का एक हिस्सा जो वर्ष 2019 में उनके साथ खड़ा था, इस बार अपना नया ठिकाना खोजेगा.

पिछड़े-आदिवासी नेताओं पर वार, सरयू राय का पुराना इतिहास

भाजपा जदयू पर भारी रघुवर! जमशेदपुर के अखाड़े से 'धनबाद' की झलक
लालू यादव और मधु कोड़ा (फाइल फोटो)

और यह कोई मुश्किल काम भी नहीं है, क्योंकि उस हालात में सरयू राय का पूरे सियासी सफर को खंगाला जायेगा, सरयू राय ने लालू यादव से लेकर मधु कोड़ा की सियासत का जो हश्र किया, जेल के सीखचों के पीछे भेजवाने में अपनी भूमिका निर्वाह किया, और अब जिस तरीके से रघुवर दास की सियासत को खत्म करने की कोशिश होगी, उसके सामाजिक आयाम को भी समझने की कोशिश होगी. यह सवाल भी उठाया जायेगा कि आखिर सरयू राय के निशाने पर हर बार कोई दलित आदिवासी और पिछड़ा नेता ही क्यों होता है?  क्यों सरयू राय को दलित  पिछड़े और आदिवासी समाज से आने वाले नेताओं का भ्रष्टाचार ही दिखलायी पड़ता है. आज भी झारखंड की सियासत में कई ऐसे अगड़े चेहरे हैं, जिनकी काली कमाई आसमान छू रही है, लेकिन सरयू राय ने उस काली कमाई पर कभी  कोई पुस्तक तो नहीं लिखी. कोयलांचल की लूट पर कभी कोई किताब तो नहीं लिखा, मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड और नीतीश सरकार में सृजन महिला विकास सहयोग समिति के खाते में जो सरकारी पैसा गया, क्या सरयू राय ने कभी उस पर भी अपना कलम चलाया. रघुवर दास का निर्दलीय रुप से अखाड़े में कूदने के साथ ही ऐसे सवालों की छड़ी लग जायेगी. और यदि ऐसा हुआ तो फिर क्या पूर्वी जमशेदपुर के अखाड़े में धनबाद की झलक देखने को नहीं मिलेगी? धनबाद में भी सरयू राय की एंट्री के बाद ही अगड़ा पिछड़ा का खेल शुरु हुआ था, जिस अंदाज सरयू राय ने ढुल्लू महतो को निशाना साधा था, भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा करने की कोशिश की थी, पिछड़ी जातियों को यह खेल समझने में देरी नहीं हुई, उस वक्त भी यह सवाल खड़ा हुआ था कि सरयू राय को सिर्फ आदिवासी दलित और पिछड़े राजनेताओं का भ्रष्टाचार ही क्यों दिखलायी पड़ता है.और उसकी परिणति क्या हुई, जगजाहीर है, जिस ढुल्लू महतो को भाजपा की कमजोर कड़ी मानी जा रही है थी, उसी ढुल्लू महतो ने अपना पिछड़ा कार्ड खेल कर अनुप सिंह की सियासी महत्वाकांक्षा को ढेर कर दिया, ना तो सरयू राय का आशीर्वाद काम आया और ना ही इंडिया गठबंधन का “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी का नारा”

पूर्णिमा ललित दास के द्वारा मोर्चा संभालने की चर्चा तेज

Untitled design (44)
पूर्णिमा ललित दास (फाइल फोटो)

 

हालांकि, अब तक रघुवर दास ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया गया है कि वह एक बार फिर से अखाड़े में उतरने जा रहे हैं. हालांकि पतोह पूर्णिमा ललित दास के द्वारा मोर्चा संभालने की चर्चा जरुर है.  पूर्णिमा ललित दास भाजपा की सदस्य नहीं है, इस हालत में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप भी चस्पा नहीं किया जा सकता और यदि धनबाद का पिछड़ा कार्ड जमशेदपुर में काम कर गया तो सरयू राय के सामने सियासी संकट खड़ा हो सकता है. उस हालत में उनके सामने भाजपा को कोर वोटर को ही संभालने की चुनौती खड़ी हो जायेगी, और इसके साथ ही जमशेदपुर की सियासत में सरयू राय के सामने सिर्फ रघुवर की चुनौती नहीं है, कई दूसरे नेता भी ताल ठोंकने की तैयारी में है. वह पूर्वी जमशेदपुर की सीट हो पश्चिमी जमशेदपुर की, कील कांटे हर जगह मौजूद है. देखना होगा कि इन कील काटों की मौजदूगी में सरयू राय का बेड़ा पार होता है या रघुवर के प्रकोप से सियासी हसरतों पर विराम लगता है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More