सीएम हेमंत पर भारी इरफान! कोलकता कैश कांड के बाद जोरदार वापसी, जानिये, किसके हिस्से कितना बजट

रांची: कोलकता कैश कांड की सुर्खियों के बाद जामताड़ा विधायक इरफान की जोरदार वापसी हुई है. कहा जा सकता है कि जिस तेवर के साथ इरफान अंसारी के द्वारा भाजपा को निशाने पर लिया जाता रहा है, पार्टी ने उसका भरपूर इनाम दिया है और इसके कारण संताल को एक साथ चार मंत्रियों की सौगात भी मिली. जबकि हजारीबाग-कोडरमा को एक बार फिर से निराशा हाथ लगी. इरफान अंसारी की जोरदार एंट्री बरही विधायक उमाशंकर अकेला के लिए भी झटका है, जिनके द्वारा सार्वजनिक रुप से यादव जाति को मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी प्रदान करने की मांग की जाती रही है. इस बात का दर्द रहा है कि महागठबंधन की सरकार में यादव जाति को समूचित प्रतिनिधित्व नहीं प्रदान मिला. आबादी के अनुरुप सियासी भागीदारी नहीं मिली. जिसके कारण उन्हे अपने विधान सभा के अंदर मतदाताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ता है. हालांकि मतदाताओं की नाराजगी कितनी है, और खुद के लिए मंत्री पद की चाहत कितनी, यह खुद में ही एक बड़ा सवाल है. लेकिन कांग्रेस आलाकमान की प्राथमिकता में ना तो हजारीबाग और कोडरमा का प्रतिनिधित्व रहा और ना ही यादव जाति की सियासी हिस्सेदारी का सवाल. हालांकि उमाशंकर अकेला भी दो बार के विधायक है, लेकिन उनके अंदर वह वाचालता नजर नहीं आती जो विधायक इरफान के पास है.
सीएम हेमंत के पास 16,833 करोड़ बजट तो इरफान अंसारी के पास 18,496 करोड़ का बजट
कांग्रेस रणनीतिकारों के सामने अल्पसंख्यक आबादी को प्रतिनिधित्व प्रदान करने की चुनौती भी रही, आलमगीर आलम के इस्तीफे के बाद इरफान अंसारी के लिए रास्ता बिल्कुल साफ था. लेकिन जिस तरीके से अपनी पहली ही एंट्री में इरफान अंसारी के हाथ झारखंड की तिजोरी आयी है, वह दूसरे कई मंत्रियों के लिए ईर्ष्या का कारण हो सकता है. इरफान अंसारी सिर्फ मंत्रिमंडल में शामिल दूसरे नये मंत्रियों की तुलना में ही भारी नहीं है, बल्कि खुद सीएम हेमंत भी बजट के मामले में इरफान अंसारी से पीछे हैं. यदि हम योजना बजट राशि के हिसाब से चीजों को समझने की कोशिश करें तो इरफान अंसारी कोआवंटित ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एंव पंचायती राज विभाग का कुल बजट 18,496 करोड़ रुपये का है. दूसरे स्थान पर खुद हेमंत सोरेन है, जिनके पास कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, ऊर्जा, गृह (कारा सहिता), पथ निर्माण, भवन निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग है, जिसका कुल बजट 16,833 करोड़ का है. जबकि हेमंत पार्ट टू में मंत्री बनाये गये बैधनाथ राम के पास कुल 6,274 करोड़ का बजट है. दीपिका पांडेय सिंह के कृषि पशुपालन एवं सहकारिता तथा आपदा प्रबंधन विभाग का कुल बजट भी महज 5,308 करोड़ का है. इस हालत में देखना होगा कि इरफान अंसारी विधान चुनाव के पहले-पहले बजट का कितना हिस्सा खर्च कर पाते हैं.
