जल जंगल और जमीन पर भारी पड़ी ‘कल्पना’! जानिये कैसे पैर छूते ही बदला सदाबहार बागी लोबिन का स्वर

रांची: आदिवासी-मूलवासी की सियासत और झारखंड की राजनीति में बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम की पहचान एक सदाबहार बागी की है. लोबिन झामुमो का वह चेहरा है, जो सदन हो या सड़क हर बार अपनी ही सरकार को आईना दिखलाता है. उन वादों की याद दिलाता है, जो झामुमो की घोषणा पत्र का हिस्सा है. जिस जल जंगल और जमीन को लेकर झामुमो अपनी पूरी सियासी बिसात बिछाती है, लोबिन हर बार उसे उसी मुद्दे पर नंगा कर जाते हैं. यह सवाल खड़ा करते हैं कि आदिवासी-मूलवासियों की इस सरकार में आदिवासी जमीन की लूट बंद क्यों नहीं हुई? आखिर क्या कारण है कि रांची से लेकर संताल तक आदिवासियों की जमीन पर गैर आदिवासियों की आलिशान बिल्डिंगों का निर्माण हो रहा है? कौन है इसका क़सूरवार?

झामुमो के नये नायक हेमंत के चारों ओर गैर आदिवासी-मूलवासी चहरों की भीड़ क्यों?

1932 का खतियान की बात करने वाली झामुमो के नये नायक हेमंत के चारों ओर गैर आदिवासी-मूलवासी चहरों की भीड़ क्यों? क्यों हेमंत सोरेन को एक अदद मीडिया सलाहकार के लिए भी अभिषेक प्रसाद पिंटू का चेहरा ही याद आता है? क्यों आदिवासी-मूलवासी राजनीति का दंभ भरने वाले झामुमो को सुप्रियो भट्टाचार्य को अपना प्रवक्ता बनाना पड़ता है, आखिर इस आदिवासी-मूलवासी सियासत में आदिवासी कहां है? और उसके मुद्दे कहां है? क्या आदिवासी- मूलवासी का नारा सिर्फ सियासी फसल काटने के लिए है?  या इस नारे से आदिवासी-मूलवासी समाज का सियासत में हिस्सेदारी और जिंदगी में बदलाव भी आना  है? 

लोबिन हेम्ब्रम का दूसरा चेहरा 

लेकिन इस सदाबहार बागी वाले छवि के साथ ही लोबिन का एक और चेहरा भी है, लोबिन सियासत की उस रेखा को भी समझते हैं, जो दिशोम गुरु के पास से गुजरता है. झामुमो को उसके ही विमर्श पर कटघरे में खड़ा करते हुए भी लोबिन दिशोम गुरु के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा को एलान करने से भी पीछे नहीं रहते, हालांकि कई बार लोबिन के इस स्वर में संताल के बंजर भूमि पर भाजपा को एक नई  पौध खिलती नजर आती है, लेकिन लोबिन हर बार भाजपा को निराश कर जाते हैं, वह चाहे पारसनाथ की पहाड़ी पर स्थित मारांग बुरु  का मामला हो या अभिषेक प्रसाद पिंटू का सवाल, अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा करने के बावजूद वह अपने आप को पार्टी का सबसे वफादार सिपाही बताते हैं, जिसका इरादा महज झामुमो को उसकी अपनी सियासी जमीन पर बनाये रखने की है, लोबिन का संदेश साफ है कि वह पार्टी की कई नीतियों से इतफाक नहीं रखते, लेकिन पार्टी से दूर जाने का कोई इरादा भी नहीं है. इसकी एक झलक कल विधान सभा के अंदर भी देखने को मिली, जिस लोबिन को राजमहल में पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोलने के कारण निष्कासित करने का फरमान सुना दिया गया है. बहुमत परीक्षण के दौरान वह भतीजे हेमंत के पक्ष में मतदान कर सारे सियासी अटकलों पर विराम लगा दिया.

जब लोबिन पर पड़ी कल्पना की नजर

दरअसल गांडेय विधान सभा से निर्वाचित होकर विधान सभा पहुंची कल्पना की नजर जैसे ही लोबिन हेम्ब्रम पर पड़ी, इस बात को भूल कि चाचा लोबिन बागी हो चुके हैं, पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है, कल्पना सोरेन सीधा लोबिन के पास पहुंची. पैर छुआ और आशीर्वाद की कामना की. यह एक अद्भूत नजारा था.  लोबिन के चेहरे में कमल खिलाने का सपना पाल रहे भाजपा की बात तो दूर, खुद झामुमो के कई नेताओं को लिए भी यह दृष्य अकल्पनीय था. उनकी आंखों को यह विश्वास नहीं हो रहा था कि सोरेन परिवार की बहू, उस लोबिन का पैर पकड़ रही है,  जिसे पार्टी ने अभी –अभी बाहर का रास्ता दिखलाया है और बात-बात में हेमंत की सियासत को कटघरे में खड़ा करने वाले झामुमो का सदाबहार बागी लोबिन सियासी सफलता का आशीर्वाद दे रहा है.  हालांकि बाद में लोबिन ने इस आशीर्वाद को आदिवासी संस्कृति के जोड़ते हुए साफ किया कि जिन मुद्दों को लेकर वह झाममो पर निशाना साधते रहे हैं, आज भी वह उन मुद्दे के साथ उसी सिद्दत के साथ खड़ा हैं, रही बात पार्टी से बाहर का रास्ता दिखलाये जाने की,  तो वह पार्टी से दूर कतई नहीं है.  कल भी झामुमो के साथ थें, आज भी झाममो के साथ हैं. अंतर सिर्फ इतना है कि  आईना दिखलाने का सामर्थ्य रखते हैं.  पार्टी को उस सियासी जमीन पर बनाये रखना चाहते हैं, जिसकी बुनियाद दिशोम गुरु ने खड़ी की है, जिसने संघर्ष का वह दौर नहीं देखा है, उसके लिए राजनीति सिर्फ विधान सभा की सीढ़ियों तक पहुंचने का नाम है, लेकिन गुरुजी का सपना विधान सभा की सीढ़ियों तक पहुंचना नहीं था. आदिवासी मूलवासी समाज की जिंदगी में बदलाव लाना था.लोबिन की लड़ाई, लोबिन की बगावत बस पार्टी को अपने मूलभूत मुद्दों पर बनाये रखने की है और यदि इसके लिए विरोध के स्वर भी उठाने पड़े तो कोई गुरेज नहीं.

पार्टी में एंट्री का रास्ता तलाश रहे लोबिन?

हालांकि लोबिन के इस बदले रुख को राजमहल में मिली हार से भी जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा खोल कर लोबिन ने अपनी सियासी ताकत को जांच -परख लिया कि संताल की जमीन पर वह कहां ख़ड़े हैं. आज भी उनकी जीत के पीछे पार्टी का सिम्बल है, यदि पार्टी ने यह सिम्बल छीन लिया, तो यह बगावती तेवर भी दम तोड़ जायेगा. देखना होगा कि आने वाले दिनों में लोबिन को लेकर पार्टी क्या रुख रहता है, क्या पार्टी एक बार फिर से बोरिया से उन्हे अपना उम्मीदवार बनाती है, या लोबिन एक बार फिर से गुरुजी का नाम लेते हुए निर्दलीय मैदान में कूदने का फैसला करते हैं.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More