निशिकांत पर भारी पड़े नारायण! बड़े भाई तो बड़े भाई अब तो छोटे ने भी खोला मोर्चा
.jpg)
देवघर: लोकसभा चुनाव के बाद जब से भाजपा के अंदर समीक्षा का दौर शुरु हुआ है. भापजा नेतृत्व हलकान है. जहां दुमका में हार के बाद सीता सोरेन पार्टी नेतृत्व पर ही सवाल खड़ा रही है, वहीं गोड्डा में जीत के बाद भी देवघर में हर दिन बवाल कट रहा है. पार्टी का एक दलित विधायक खूले आम अपने अपमान का सार्वजनिक बखान कर रहा है. इस बात का दावा कर रहा है कि यह कोई पहली बार नहीं है कि उसे अपमान का घूंट पीने को मिल रहा है, बल्कि पिछले कई वर्षों से अपने ही पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे के हाथों अपमानित होना पड़ा रहा है.
क्या है विवाद की वजह
यहां बता दें कि नारायण दास देवघर आरक्षित से सीट से 2014 से विधायक है, उनका दावा है कि 2019 में विधान सभा चुनाव के पहले गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को यह कह कर फड़काने की कोशिश की थी कि इस बार नारायण दास को टिकट नहीं मिलने जा रहा है, उसके पीछे ज्यादा दौड़ने की जरुरत नहीं है. लेकिन पार्टी ने हम पर विश्वास जताया और जीत भी मिली, इस बार लोकसभा चुनाव के वक्त जब गोड्डा में राजनाथ सिंह की सभा हुई तो एक ओबीसी विधायक के साथ हमने भी मंच तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन हम दोनों को मंच के पास भटकने भी नहीं दिया गया. हमारी गलती महज इतनी थी कि हम दोनों में एक ओबीसी और दूसरा दलित था. इस बार लोकसभा चुनाव में हमें भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे ने कभी भी किसी कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी, बावजूद इसके हम पार्टी का काम करते रहें, जिसका नतीजा यह रहा है कि पार्टी को देवघर विधान सभा से बढ़त मिली, लेकिन इस मेहनत का इनाम हमें मां-बहन की गालियों के रुप में मिली. हमारे सार्वजनिक रुप से हमारे गिरबान पर हाथ डाला गया. और यह करने वाला कोई भाजपा कार्यकर्ता नहीं था, बल्कि गोड्डा सांसद निशिकांत का भेजा गया गुंडा था.
संतोष दुबे ने भी विधायक नारायण दास के खिलाफ खोला मोर्चा
जैसे ही यह खबर सामने आयी, पूरी भाजपा दो हिस्सों में बंटती नजर आयी, एक तरफ निशिकांत के समर्थक नारायण दास के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, वहीं दूसरी ओर नारायण दास के समर्थक निशिकांत दुबे का पुतला जला रहे हैं. उधर निशिकांत अपने को बीमार बताते हुए इससे बचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब इस लड़ाई में निशिकांत दुबे के छोटे भाई संतोष दुबे की एंट्री होती दिख रही है. अपने सोशल मीडिया एकाउंट फेसबूक पर संतोष लिखते हैं कि “जो जिस भाषा में समझे उसी भाषा मे समझाना चाहिये..कल मेरी बारी थी..आज तेरी है..सब्र रखो “कलियुग का पैचा, कलियुग में निस्तार”..कर्म फल भोगने के लिये तैयार हो जाओ..आज शुरुआत हुई है..अंत ये नहीं है..इस्तीफा गैंग के कर्मठ भाजपाइयों और गद्दार के मुखारबिंद से निकले विशेषण “गुंडा”..दोनों को प्यार भरा नमस्कार..जितना मेहनत आपलोगो ने लोकसभा चुनाव में किया था..उससे कम मेहनत हमारे तरफ से नहीं होगा..मेहनत देखकर अपनी भाषा मर्यादित रखना बस”
विधान सभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार नारायण दास के खिलाफ भाजपा की मोर्चेबंदी?
साफ कि इशारा आने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर है. मेहनत करने की बात है, अब मेहनत किस दिशा में होगी, यह तो वक्त बतलायेगा, लेकिन जिस तरीके से इस विवाद में निशिकांत दुबे के भाई की एंट्री हुई है, उसके बाद साफ है कि यह विवाद अभी और भी गहरायेगा, और इसकी तपीश विधान सभा चुनाव में भी महसूस होगी. क्योंकि अब यह विवाद नारायण दास से ज्यादा दलित जाति की अस्मिता से जुड़ता नजर आ रहा है. दलित जातियों की ओर से मोर्चेबंदी की शुरुआत भी हो चुकी है, यदि आने वाले समय में इस विवाद में दलित संगठनों की एंट्री हो, तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी. क्योंकि इसकी गूंज अब झारखंड से निकलकर दिल्ली तक सुनाई पड़ने लगी है.
