सुर्खियों के आदी गोड्डा सांसद निशिकांत ने फिर से छोड़ा सियासी तीर! सात दिनों के अंदर कल्पना सोरेन की ताजपोशी का दावा

रांची: अपने इस दावे के बावजूद कि यदि कांग्रेस दीपिका पांडेय सिंह के बजाय प्रदीप यादव को गोड्डा के सियासी अखाड़े में उतराती है, वह प्रचार-प्रसार के लिए भी नहीं निकलेंगे, और सीधे मतगणना के दिन जीत का प्रमाण पत्र लेने जायेंगे, जैसे ही कांग्रेस ने दीपिका पांडेय सिंह को पीछे करते हुए प्रदीप यादव पर अपना दांव लगाया, निशिकांत दूबे अपने बेटे और पत्नी के साथ चिलमिलाती धूप में गोड्डा की सड़कों पर भटकते नजर आयें, कांटे का संघर्ष हुआ, जीत तो मिली, लेकिन जीत-हार का अंतर सिमट गया. अब इस कांटे के संघर्ष से बाहर आने के बाद निशिकांत एक बार फिर से सियासी तीर छोड़ने की अपनी पुरानी रिवायत पर वापस लौटते दिख रहे हैं. सोशल मीडिया एक्स एक बार फिर से सक्रियता तेज हुई है, सियासी भविष्यवाणियां, जिसके वे पुराने खिलाड़ी रहें है, एक बार फिर से उस मोर्चे पर वापस लौटते नजर आ रहे हैं,
कई बार महज प्रोपगंडा साबित हुई है निशिकांत दुबे की भविष्यवाणी
हालांकि, पहले भी कई बार ये सियासी भविष्यवाणियां महज प्रोपगंडा साबित हुआ है. देखना होगा कि इस बार की भविष्यवाणी में कितना दम है. हालांकि गलत हो या सही, निशिकांत दुबे अपनी भविष्यवाणियों के माध्यम से सुर्खियों केन्द्र में जरुर बने रहतें हैं. राहत बस इतनी है कि इस बार निशिकांत दुबे ने झामुमो की विदाई का दावा नहीं किया है, महज इस बात की भविष्यवाणी की है कि सात दिनों के अंदर-अंदर सीएम चंपाई की विदाई और कल्पना सोरेन की ताजपोशी होने वाली है. यानि झारखंड में सीएम में बदलाव का दावा.
होटवार जेल में पूर्व सीएम हेमंत के साथ सीएम चंपाई की मुलाकात
जैसा की पहले भी होता रहा है, जैसे ही निशिकांत दुबे की यह भविष्यवाणी सामने आयी, कल्पना सोरेन की तोजपोशी की खबरें मीडिया में जोर-शोर से चलने लगी. इन अटकलों को जोर इस बात से मिली की कि इधर निशिकांत दुबे की भविष्यवाणी सामने आयी और उधर सीएम चंपाई सोरेन पूर्व सीएम हेमंत से मुलाकात करने होटवाल जेल पहुंच गयें. इस मुलाकात को भी सीएम के चेहरे में बदलाव से जोड़कर देखा जाने लगा.
विधान सभा चुनाव तक सीएम चेहरे में कोई बदलाव नहीं
हालांकि कई सियासी जानकारों का दावा है कि विधान सभा चुनाव तक झामुमो सीएम चेहरे में बदलाव नहीं करने जा रही. बहुत हुआ तो आलमगीर आलम के संभावित इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल का एक और विस्तार हो सकता है. और आलमगीर आलम के स्थान पर किसी नये चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. एक दावा यह भी है कि विधायक इरफान अंसारी को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है, वहीं कई सियासी जानकारों का दावा है कि इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में एक के बजाय दो चेहरे को जगह मिल सकती है. जिसमें एक चेहरा कल्पना सोरेन का भी हो सकता है. ताकि चंपाई सोरेन के नेतृत्व में काम करते हुए कल्पना सोरेन को सरकार चलाने का अनुभव प्राप्त हो सके और विधान सभा चुनाव के बाद राज्य की बागडोर सौंपी जा सकें.
