मंत्रिमंडल विस्तार: सुपर सीएम के रूप में कल्पना की एंट्री या चाचा चंपाई के सानिध्य में सरकार चलाने की ट्रेनिंग?

रांची: पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में चल रही अटकलबाजियों पर मुहर लगाते हुए सीएम चंपाई ने भी यह साफ कर दिया कि जल्द ही कैबिनेट का विस्तार होने वाला है. हालांकि सीएम चंपाई ने यह साफ नहीं किया कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में कल्पना सोरेन सरकार की हिस्सा होगी या नहीं, लेकिन यदि इशारों को समझे तो कल्पना सोरेन का मंत्रिमंडल में शामिल होना अवश्यंभावी है, सवाल सिर्फ इतना है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस की ओर से किसकी किस्मत खुलने वाली है. सियासी गलियारों में दो नाम तेजी से उछल रहा है, एक नाम जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी तो दूसरा महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह का है. फिलहाल दोनों के समर्थक इस मंत्रिमंडल विस्तार पर नजर जमाये हुए है. चर्चा इस बात की भी है कि कांग्रेस कोटे से एक-दो मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, मंत्री बादल पत्रलेख और बन्ना गुप्ता को संगठन में बैठाया जा सकता है. फिलहाल सबकी नजर दिल्ली दरबार पर टिकी हुई है. जैसे ही दिल्ली से निर्देश आता है, मंत्रिमंडल विस्तार की पूरी तस्वीर साफ हो जायेगी.

कल्पना सोरेन के विभाग को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम

लेकिन इस मंत्रिमंडल विस्तार में एक नाम जिसको अवश्यंभावी माना जा रहा है, वह नाम है कल्पना सोरेन का. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि क्या कल्पना सोरेन की एंट्री इस मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होने वाले दूसरे चेहरों की तरह होगी, या फिर कल्पना सोरेन सुपर सीएम की भूमिका में होगी? किसी महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेवारी सौंपी जायेगी? सियासी जानकारों की माने तो फिलहाल कल्पना सोरेन की कोशिश चंपाई सोरेन के नेतृत्व में मंत्रालय संचालन में आने वाली जटिलताओं को समझने की होगी. और यह सब कुछ सीएम चंपाई पर निर्भर करेगा कि वह कल्पना सोरेन को किस रुप में संवारते हैं. क्योंकि यह सत्य सीएम चंपाई को भी पता है कि आने वाला दिन कल्पना सोरेन का है, और कल्पना सोरेन के चेहरे पर भी विधान सभा चुनाव में जाना है, यह ठीक है कि चंपाई सोरेन सरकार का चेहरा बने रहेंगे, लेकिन पार्टी का चेहरा कल्पना सोरेन ही होगी.

किस विभाग की सौंपी जायेगी जिम्मेवारी

बावजूद इसके यह सवाल अपने जगह बरकरार है कि कल्पना सोरेन को किस विभाग की जिम्मेवारी सौंपी जा सकती है, क्या आलमगीर आलम के इस्तीफे से रिक्त हुए ग्रामीण विकास विभाग और संसदीय मंत्रालय की जिम्मेवारी होगी या फिर सीएम चंपाई जिस गृह और कार्मिक विभाग जो अब तक अपने पास रखे हुए हैं, कल्पना के हिस्से जायेगा, या फिर देवर बसंत सोरेन के विभागों में कटौती करते हुए पथ निर्माण, भवन निर्माण और जल संसाधन में किसी एक विभाग की जिम्मेवारी सौंपी जा सकती है. तलवार तो रामेश्वर उरांव के विभाग पर भी लटकती दिख रही है, जिस वित्त विभाग को रामेश्वर उरांव संभालते चले आ रहे हैं, क्या अब वह उनके हाथ से निकलने वाला है.
 

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More