गिरिडीह लोक सभा: निशाने पर तीर या चूक गया टाईगर! जयराम की इंट्री से किसका बिगड़ा खेल

रांची: गिरिडीह जिले का गिरिडीह और डुमरी विधान सभा, बोकारो जिले का गोमिया, बेरमो विधान सभा और धनबाद जिले के टुंडी और बाधमारा विधान सभा को अपने आप में समेटे गिरिडीह लोकसभा की पहचान सिर्फ पारसनाथ की पहाडियों और जैनियों का पवित्र स्थल पार्श्वनाथ को लेकर ही नहीं है. इसकी पहचान सिर्फ कोयला और लोहा उद्योग के बावजूद बहुसंख्यक आबादी में बेरोजगारी और पलायन की दुश्वारियों को लेकर भी नहीं है. गिरिडीह की पहचान इस जमीन से उठती रही पिछड़ी जातियों की राजनीतिक-सामाजिक हिस्सेदारी से जुड़े जद्दोजहद से भी रही है. इसी गिरिडीह लोकसभा का एक विधान सभा टुंडी है, जहां कभी दिशोम गुरु ने अपनी राजनीतिक पाठशाला प्रयोग किया था. इसी टुंडी विधान सभा से वर्ष 1977 में सर्वप्रथम विधान सभा में इंट्री की कोशिश की थी, लेकिन तब एके. राय की साजिश के कारण में सत्य नारायण दुदानी हाथों में मूंह की खानी पड़ी थी, यह वह दौर था, पिछड़ावाद की राजनीति का उभार के कारण पिछड़ी जातियों और आदिवासी समाज के बीच अपनी सामाजिक पहचान और सियासी भागीदारी को लेकर झटपटाहट शुरु हो चुकी थी. शिबू सोरेन और विनोद बिहारी महतो इस आग को सियासी शक्ल देने की कोशिश कर रहे थें.

कुर्मी-पिछड़ा बहुल सीट पर लगातार अगड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व

यह वह दौर था जब कुर्मी-पिछड़ा बहुल इस सीट पर लगातार अगड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व हो रहा था. वह चाहे 1952- नागेश्वर प्रसाद सिन्हा, 1957- क्वाजि एसए मैटिन,1962- ठाकुर बटेश्वर सिंह, 1967-एआइ अहमद, 1971- चपलेंदू भट्टाचार्या, 1977- रामदास सिंह, 1980 बिंदेश्वरी दुबे, 1984 सरफराज अहमद या 1989 रामदास सिंह हो. सारे के सारे चेहरे अगड़ी जातियों के थें और पिछड़ों के लिए वोट देने के अधिकार को ही लोकतंत्र माना जाता था. लेकिन 1970 के दशक आते आते विनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन ने पिछड़ी जातियों में सियासी चेतना का विस्तार देने की कवादय शुरु की. अब पिछड़ी जातियों के बीच भी अपनी सियासी-सामाजिक भागीदारी का सवाल गहराने लगा, जहां वे सिर्फ महज मतदाता नहीं थें, बल्कि चुनावी अखाड़े में अपने चेहरे को देखने की बेचैनी भी थी और इसी सामाजिक बेचैनी का परिणाम था कि 1991 में बिनोद बिहारी महतो गिरिडीह संसदीय सीट से दिल्ली का सफर  करने वाला पहला पिछड़ा चेहरा बने. उनकी मृत्यू के बाद 1992 में बेटे राजकिशोर महतो ने गिरिडीह का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन उसके बाद 1996,1998,1999 में फिर एक बार से रवीन्द्र कुमार पांडेय ने जीत हासिल की, लेकिन 2004 में टेकलाल महतो एक बार फिर से रवीन्द्र कुमार पांडेय की राह रोकने में सफल रहें, लेकिन उसके बाद फिर से 2009, और 2014 में रविन्द्र कुमार पांडेय ने जीत का परचम लहराया, लेकिन पिछड़ी जातियों के बीच जिस सियायी भूख को शिबू सोरेन और विनोद बिहारी महतो ने जन्म दिया था, वह राख नहीं हुई, सियासी भागीदारी का सवाल उनके अंदर मचलता रहा और 2019 में भाजपा ने इस सीट को आजसू को देकर चन्द्रप्रकाश चौधरी के लिए रास्ता साफ कर दिया. तब चन्द्र प्रकाश चौधरी के सामने थें, झारखंडी टाईगर के रुप में विख्यात जगरनाथ महतो.

टाईगर जगरनाथ महतो को भी मिली दो बार-बार सियासी शिकस्त

उस मुकाबले में चन्द्रप्रकाश चौधरी को 6,48,277 वोट मिले, जबकि जगरनाथ महतो के हिस्से 3,99,930 वोट आया था. यानि जीत और हार का मार्जिन करीबन दो लाख का था. इसके पहले 2014 में भी जगरनाथ महतो को रवीन्द्र कुमार पांडेय के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. लेकिन वर्ष 2019 में दो लाख से जीत हासिल करने वाले चन्द्रप्रकाश चौधरी के लिए इस बार परिस्थितियां पूरी तरह से बदली नजर आ रही थी, उन पर गिरिडीह से दूर रहने का आरोप था, मतदाताओं के बीच भी उनके क्रिया-कलाप को लेकर एक हद तक नाराजगी थी. लेकिन बावजूद इसके यदि चन्द्रप्रकाश चौधरी जीत का परचम लहरान में सफल होते हैं तो इसका गंभीर आकलन की जरुरत है. पहली बात तो यह याद रखने की है कि पिछड़ा-कुर्मी बहुल इस सीट पर एक बड़ी आबादी उन प्रवासियों की भी है, जो यहां के विभिन्न कालियरियों में नौकरी काम करते हैं, इन प्रवासी झारखंडियों के सियासी मुद्दे और प्राथमिकतायें यहां के आदिवासी मूलवासी समाज के ठीक विपरीत है. बहुत संभव है कि इन प्रवासियों का वोट थोक भाव में पीएम मोदी के चेहरे कारण भाजपा के साथ गया हो. लेकिन इसके साथ ही एक दूसरा सवाल यह भी खड़ा होता है कि अपने पहली सियासी कोशिश में टाईगर जयराम ने जो 27 फीसदी मतों के साथ 3,47,322 का वोटों का पहाड़ खड़ा किया, उसका नुकसान और लाभ किसको हुआ.

टाइगर जयराम की इंट्री से किसको लाभ किसको हानी

यहां ध्यान रहे कि चन्द्रप्रकाश चौधरी को 35 फीसदी मतों के साथ कुल 4,51,139 वोट मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले झामुमो के मथुरा महतो के हिस्से में 29 फीसदी मतों के साथ 3,70,259 मत आया है. जबकि वर्ष 2019 में चन्द्रप्रकाश चौधरी को 58 फीसदी मतों के साथ 648,277 वोट मिले थें, दूसरे स्थान पर रहने वाले जगरनाथ महतो को 36 फीसदी मत के साथ 3,99,930 मत आया था. इस प्रकार वर्ष 2019 की तुलना में आजसू को करीबन 23 फीसदी मतों का नुकसान हुआ, इधर झामूमो को भी 7 फीसदी मतों का नुकसान उठाना पड़ा है, जबकि वोट उसे 2019 की तुलना में महज 29 हजार कम आये. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि टाईगर जयराम ने इस बार जो 3,47,322 का पहाड़ खड़ा किया है, उसका लाभ और नुकसान किसको हुआ? और क्या यदि इस बार टाइगर जयराम अखाड़े में नहीं होता, तो क्या भाजपा की कश्ती डूबने वाली थी?

प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे के समानान्तर ललकार लगाते हुए टाईगर जयराम ने खड़ा किया वोटों का पहाड़ 

पीएम मोदी की रैली और दहाड़ के बावजूद भाजपा को अपने  वोटों में भारी गिरावट का सामना करना पडा और सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे के समानान्तर खड़ा होकर भी जयराम 3,47,322 मतों का पहाड़ खड़ा कर जाता है तो यह कोई छोटी उपलब्धि है? निश्चित रुप से झारखंड की सियासत में एक नये चेहरे का उदय हो चुका है, जिसका नुकसान अलग-अलग स्थानों और बदलते घटनक्रम में विभिन्न सियासी दलों को उठाना पड़ेगा, अब किसी भी हालत में जयराम को नकारने की कोशिश सियासी आत्महत्या के समान होगा. भाजपा हो या आजसू या फिर भाजपा जयराम की चुनौती सबसे सामने खड़ी है, जिसके घातक असर विधान सभा चुनाव में देखने को मिलेगा. और सबसे महत्वपूर्ण बिन्दू पिछड़ी जातियों की सामाजिक सियासी हिस्सेदारी की जिस लड़ाई की शुरुआत दिशोम गुरु और विनोद बिहारी महतो ने की थी, लगता है उस सियासी संघर्ष को उसके अगले मुकाम तक पहुंचाने वाले एक नया सितारा जयराम के रुप में सामने है. अब यह लड़ाई और भी विस्तार लेगा और इसके कई आयाम सामने आयेंगे.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More