सीएम चंपाई सोरेन के विधान सभा में गीता कोड़ा ने खिलाया भाजपा का कमल, जानिये क्या है यह कहानी

चाईबासा: लोकसभा चुनाव का सियासी संग्राम समाप्त हो गया. झारखंड के परिप्रेक्ष्य में इस लोकसभा चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि किसी भी पार्टी के बागी को चुनावी सफलता हाथ नहीं लगी, जनता की अदालत में बागियों के सियासी हसरतों को विशुद्ध व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा माना. जिसका आम-अवाम की जिंदगी से कोई सरोकार नहीं था, उनके मुद्दे और पार्टियों से उनकी नाराजगी महज अपनी सियासी चाहत को उड़ान देने की कोशिश मानी गयी. जिस खुशफहमी के साथ सोरेन परिवार की बड़ी बहू मैदान में उतरी थी, दुमका के अवाम ने उस सियासी चाहत पर मुहर लगाने से इंकार कर दिया.

महागठबंधन के बागियों को जनता का सबक

झामुमो का वह अभेद किला कोल्हान, जहां 2019 के विधान सभा चुनाव में भाजपा एक सीट पर भी कमल नहीं खिला पायी थी, छह में पांच पर झामुमो तो एक पर कांग्रेस का परचम लहराया था, अपने चेहरे के बूते झारखंड में भाजपा की वापसी का सपना पाले बाबूलाल मरांडी ने गीता कोड़ा को भगवा पट्टा पहनाकर एक दांव तो जरुर खेला, भाजपा के रणनीतिकारों के साथ ही कई सियासी जानकारों ने भी सीता-गीता के इस प्रयोग को भाजपा का मास्टर कार्ड माना, गोया, सीता-गीता आयी नहीं और पूरी बाजी बदल गयी. लेकिन जनता की अदालत में इस सियासी छल माना गया. बाबूलाल का यह प्रयोग असफल हुआ और कोल्हान फतह का यह सपना सारंडा के जंगलों में जमींदोज होता नजर आया. कुछ यही कहानी विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा और बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम के साथ भी होता दिखा, अपने-अपने गढ़ में भी ये महारथि पार्टी उम्मीदवारों के सामने पिछड़ते नजर आयें.

भाजपा के बागियों पर भी नहीं लगी जनता की मुहर

ठीक यही हालत भाजपा के बागियों की हुई, इस बार भाजपा के जिस बागी की चर्चा सबसे अधिक हुई, वह नाम था, मांडू से भाजपा विधायक जेपी भाई पटेल का, चंद दिन पहले तक जेपी भाई पटेल हजारीबाग में मनीष जायसवाल की जीत का हुंकार लगा रहें थें. मनीष जायसवाल को इस बात की भनक भी नहीं थी कि जेपी भाई पटेल का अंदरखाने कांग्रेस से बात भी चल रही है, जैसे ही कांग्रेस आलाकमान ने जेपी भाई पटेल को हजारीबाग से प्रत्याशी बनाने का एलान किया, भाजपा हैरत में पड़ गयी, चारों ओर सन्नाटा पसरता नजर आया. और इधर मोदी परिवार का तमगा उखाड़ फेंक जेपी भाई पटेल अब उसी मनीष जायसवाल को उखाड़ फेंकने का एलान करने लगें, जिसके पक्ष मे चंद दिन पहले तक जयकारा लगा रहे थें. लेकिन जनता की अदालत में इसे भी सियासी प्रपंच माना गया, और हालत यह हुई कि वह अपने ही विधआन सभा में मनीष जायसवाल के हाथों 32 हजार के भारी अंतर से पिछड़ गयें.

सीएम चंपाई के विधान सभा में गीता कोड़ा ने खिलाया कमल

लेकिन इस सियासी संग्राम में कई रोचक तथ्य भी सामने आयें. सीता सोरेन को भले ही चुनावी सफलता हाथ नहीं लगी हो, लेकिन अपने देवर बसंत का प्यार मिलता जरुर दिखा. दुमका लोकसभा चुनाव परिणाम के जो आंकड़ों सामने आये है, उससे भाभी सीता के प्रति देवर बसंत के प्यार की झलक मिलती है, दुमका जहां से बसंत सोरेन विधायक है, झामुमो प्रत्याशी नलीन सोरेन के बजाय सीता सोरेन को बढ़त मिली, कुछ यही कहानी चाईबास के दंगल में भी देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री सीएम चंपाई सोरेन का विधान सभा क्षेत्र सराईकेला में कमल खिलता दिखा. इस विधान सभा सीट से झामुमो प्रत्याशी जोबा मांझी को महज 98488 वोटों से संतोष करना पड़ा, वहीं आश्चर्यजनक रुप से गीता कोड़ा को 118773 वोट मिला.

सराईकेला विधान सभा से अब तक छह बार जीत दर्ज कर चुके हैं चंपाई सोरेन

ध्यान रहे कि सराईकेला वह सीट है, जहां से चंपाई सोरेन (1991,1995,2005,2009,2014 और 2019) अब तक कुल छह बार जीत दर्ज चुके हैं, 2005 के बाद से तो वह लगातार अपना पचरम फहरा रहे हैं, बावजूद उस सीट से गीता कोड़ा को करीबन 20 हजार से बढ़त मिलना, कई सवाल खड़ा करता है. लेकिन यहां यह भी याद रखने की जरुरत है कि इसके सिवा पूरे लोकसभा क्षेत्र में गीता कोड़ा को कहीं भी उल्लेखनीय सफलता नहीं मिली, हद तो तब हो गयी, जब गीता कोड़ा को अपना ही गढ़ जगन्नाथपुर से भी पिछड़ना पड़ा.

अपने ही विधान सभा में पिछड़ गयी गीता कोड़ा

ध्यान रहे कि जगन्नाथपुर विधान सभा की वह सीट है, जहां से अभी चाईबासा संसदीय सीट का एकलौता कांग्रेसी विधायक सोनाराम सिंकू हैं, इस सीट से मधु कोड़ा वर्ष 2000, 2005 में विधान सभा पहुंचे थें और गीता कोड़ा 2009 और 2014 में सफलता मिली थी. यानि वर्ष 2000 से इस सीट पर कोड़ा दंपति का कब्जा है, वर्ष 2019 में भी सोना राम सिकूं के जीत के पीछे भी कोड़ा दंपति का ही आर्शीवाद था. बावजूद इसके जगन्नाथपुर विधान से इस बार गीता कोड़ा को निराशा हाथ लगी, गीता कोड़ा को यहां से महज 49,105 वोट मिले, जबकि जोबा मांझी के हिस्से में 70,082 वोट हाथ आया.

दीपक बरुआ ने भी किया कमाल

कुछ यही स्थिति चाईबासा विधान सभा सीट की रही, यही वही सीट है, जहां से दीपक बुरुआ विधायक है, और हो जनजाति का एक प्रमुख चेहरा है, इस बार भाजपा का दावा था कि जोबा मांझी हो जनजाति का वोट नहीं मिलने व वाला है, हो जनजाति की पहली पसंद हो जनजाति का सबसे बड़ा चेहरा गीता कोड़ा होगी, लेकिन दीपक बिरुआ ने पूरी कहानी पलट दी, दीपक बिरुआ ने चाईबासा विधान सभा से जोबा मांझी को 59 हजार का मजबूत बढ़त दिया, जहां गीता कोड़ा को महज 45338 वोट मिला, वहीं जोबा मांझी के हिस्से 104833 वोट आया. ठीक यही स्थिति मंझगांव विधान सभा की भी रही, झामुमो विधायक निरल पूर्ति के नेतृत्व में जोबा मांझी को बड़ी बढ़त मिली, गीता कोड़ा को महज 35171 वोट मिला, जबकि जोबा मांझी के हिस्से में 95164 वोट आया. मनोहरपुर जहां से खुद जोबा मांझी विधायक थी, गीता कोड़ा को 48587 वोट मिले, जबकि जोबा मांझी के हिस्से 76263 वोट आया. चक्रधरपुर से गीता कोड़ा को 52032 वोट मिले, जबकि जोबा मांझी के हिस्से में 71159 आया. कुल मिलाकर जिस हो-संताल विवाद को हवा देकर भाजपा अपनी सियासी फसल काटने का मंशा पाल रही थी, आदिवासी समाज ने उसे सिरे से ठुकरा दिया, और इससे के साथ ही बाबूलाला का ऑपरेशन सीता-गीता भी नाकाम हो गया.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More