कोडरमा: शारदा माइंस में अवैध खनन को लेकर वन विभाग की छापेमारी, एक गिरफ्तार

कोडरमा: कोडरमा से सटे नवादा जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के सवैयाटांड़ पंचायत के शारदा माइंस में बेरोकटोक चल रहे अवैध खनन को लेकर वन विभाग ने छापेमारी कर एक कमांडर वाहन के साथ एक खनन माफिया और कमांडर चालक को गिरफ्तार किया है। छापेमारी टीम का नेतृत्व रेंजर मनोज कुमार ने किया।

रेंजर ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध खनन में जुटे माइका माफिया रजौली थाना क्षेत्र के सिमरातरी निवासी रामाकली के पुत्र शौकत अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। अवैध खनन की गुप्त सूचना पर वन विभाग की टीम दोपहर में ही सवैयाटांड़ स्थित शारदा माइका माइंस पहुंची। माइंस में व्यापक पैमाने पर अवैध माइका का खनन किया जा रहा था।

संयुक्त टीम कोडरमा होते हुए लगभग से करीब 80 किलोमीटर का सफर तय कर छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान वहां आसपास के अन्य खदानों में भी छापेमारी की गयी लेकिन वहां किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। रेंजर ने कहा कि अवैध उत्खनन करने के मामले में सिरिसियाटाड़ निवासी मनीर मियां के पुत्र सदाम अंसारी पर वन अधिनियम के तहत प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

 इस दौरान कमांडर में लदा लगभग दो टन अबरख जब्त किया गया है। सवैयाटांड़ पंचायत में दर्जनों अवैध अबरख माइंसों पर खनन माफियाओं द्वारा उत्खनन का कार्य लगातार किया जा रहा है। यहां के लोगों को ना तो वन विभाग का का डर है और ना ही पुलिस का डर है। हाल यह है कि पुलिस छापेमारी कर इधर हटती है और उधर माफिया तुरंत पैर पसार कर अवैध खनन में लग जाते हैं। यहां दर्जनों अबरख माइंस पर दिन के उजाले में जिलेटीन और डेटोनेटर से विस्फोट किया जाता है, जिससे जंगलों में रहने वाले पशुओं को हमेशा खतरा बना रहता है और माफियाओं की चांदी रहती है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More