झरिया विधानसभा: अदावत की आग में तीन बहुओं का सियासी संग्राम
.jpg)
रांची: झरिया का नाम सुनते ही जेहन में करीबन सौ वर्ष से धरती के अंदर सुलगती आग की तस्वीर सामने आती है. झरिया यानी कोयला का भंडार और उस कोयले को बाहर निकालने की होड़ में धरती के अंदर धधकती आग, झरिया यानी सैकड़ों वर्षों से बसे लोगों के आशियानों का कब्रगाह. झरिया यानी कोल माफियाओं की नगरी. कभी इस धऱती पर भी हरे-भरे पेड़ होते थें, एक खूशहाल जिंदगी और उपजाऊ जमीन होती थी, मूल वाशिन्दे पीढ़ी दर पीढ़ी इसी जमीन से अपनी भूख को मिटाते आ रहे थें. लेकिन जब से ‘कोयले की भूख’ तेज हुई, यह प्रवासियों का शहर बनता चला गया. कोयले की इस भूख के कारण इसके मूल वाशिन्दों के सामनेे ‘रोटी की भूख’ एक बड़ा सवाल हो गया, हर गुजरते दिन के साथ एक-एक कर आशियाना जमींदोज होता रहा और इसके साथ ही जमीदोंज होता रहा, पुरखों की पहचान और इनका सपना..
आग से धधकती धरती पर सियासत का संघर्ष

बताया जाता है कि 1894 में पहली बार झरिया की धरती पर कोयले खनन की शुरुआत हुई और इसके साथ ही शुरु हुआ गांवों का उजड़ने का सिलसिला. धऱती के अंदर पसरी इस आग को नियंत्रित करने के लिए पहली बार वर्ष 1922 में समिति का गठन किया गया. उसके बाद तो ना जाने कितनी कमेटियां बनी, कितने रिपोर्ट आयें, लेकिन कागजों के इस ढेर से धरती की आग में कोई कमी नहीं आयी, आज भी इस ‘धधकती धरती’ पर जिंदगियां बसी हुई है. मानो यह आग नहीं होकर, जिंदगी का ही एक हिस्सा हो. लेकिन, इस आग के साथ ही झरिया की जमीन पर सियासत की आग भी काफी पुरानी है. सियासत की आग, अदावत की आग और आग अपने को खोने और अपनों से बिछुड़ने की.
एक ही वंश के तीन घरानों के बीच वर्चस्व का संघर्ष

जी, हां हम बात करे रहे हैं, झरिया विधान सभा और उस पर वर्चस्व को लेकर सियासी संघर्षों की. झरिया विधान सभा पर सिंह मेंशन की धमक वर्ष 1977 से शुरु होती है. बाद में इसी सिंह मेंशन से ही एक हिस्सा अलग होकर ‘रघुकुल’ के रुप में सामने आता है. और इसके साथ ही सिंह मेंशन और रघुकुल के बीच वर्चस्व के जंग की शुरुआत होती है. फिलहाल झरिया की कमान रघुकुल की बहु पूर्णिमा नीरज सिंह के हाथ में हैं. लेकिन,अब इस सियासी संघर्ष में एक और ‘मेंशन’ की एंट्री होने जा रही है. अब तक जो मुकाबला ‘सिंह मेंशन’ की रागिनी सिंह और ‘रघुकुल’ की पूर्णिमा नीरज सिंह के बीच होता रहा था, अब उसमेंं तीसरी इंट्री पृथ्वी मेंशन की बहु आसनी सिंह की होने जा रही है.
अब तक के चुनावी संघर्ष की एक झलक
इसके पहले की हम इन तीनों का संघर्ष और सियासी जमीन को समझने की कोशिश करें, झरिया विधानसभा के अब तक के चुनावी संघर्ष पर एक नजर डाल लेना बेहतर होगा. हम इसकी शुरुआत वर्ष 1977 से कर सकते हैं. यह वही वर्ष है, जब पहली बार झरिया में सिंह मेंशन झंडा फहराया था. सूर्यदेव सिंह विधायक बन विधान सभा में पहुंचते थें. सूर्यदेव सिंह का यह सफर वर्ष 1991 तक अविराम चलता रहा. इसके बाद झरिया की सियासत में बच्चा सिंह की एंट्री होती है. बच्चा सिंह नीतीश कुमार की पार्टी समता पार्टी से विधान सभा पहुंचते हैं और बाबूलाल मरांडी की सरकार में मंत्री भी बनते हैं.
.jpg)
याद रहे कि वर्ष 2000 के मुकाबले में कांग्रेस की ओर से बच्चा सिंह के सामने अब्दूल क्यूम अंसारी को मोर्चे पर तैनात किया गया था. लेकिन, दोनों के जीत हार के बीच एक बड़ा फासला था. जहां बच्चा सिंह को 56,401 के साथ जीत की वरमाला मिली थी, वहीं अब्दूल क्यूम अंसारी को महज 28,362 वोट के साथ कहीं दूर खड़े नजर आयें. इसके बाद वर्ष 2005 में झरिया की कमान कुंती सिंह (भाजपा) के हाथ में आयी, इस बार कुंती सिंह के सामने कांग्रेस ने सुरेश सिंह को अखाड़े में उतारा था, लेकिन सुरेश सिंह भी कोई चमत्कार करने में विफल साबित हुए, कुंती सिंह को 62,900 के साथ जीत मिली तो सुरेश सिंह को 31,312 पर सिमटना पड़ा. यानि इस बार भी हार जीत में दुगने का फासला रहा. वर्ष 2009 में एक बार फिर से सुरेश सिंह और कुंती सिंह के बीच ही मुकाबला हुआ. इस बार सुरेश सिंह ने जोर तो पूरा लगाया. लेकिन इसके बावजूद, 46,115 से आगे का आंकड़ा पार नहीं पायें और कुंती सिंह 49,131 के साथ एक बार फिर से जीत अपने नाम करने में कामयाब रही. वर्ष 2014 में इस सीट पर संजीव सिंह की एंट्री होती है. संजीव सिंह सिंह मेंशन के ही सूर्यदेव सिंह के बेटे थें. जबकि इनके सामने इस बार कांग्रेस की ओर से इनके चेचरे भाई और धनबाद के मेयर नीरज सिंह कांग्रेस के टिकट ताल ठोंक रहे थें.
नीरज सिंह के सीने पर दागी गयी थी 25 गोलियां
इस मुकाबले में संजीव सिंह को 74,062 के साथ जीत मिली तो नीरज सिंह को 40,370 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. लेकिन 22 मार्च 2017 की रात को नीरज सिंह की हत्या कर दी गयी. हमलावरों ने नीरज सिंह पर 25 गोलियां दागी थी. इस सनसनीखेज वारदात में नीरज सिंह के साथ ही तीन और लोगों को अपनी जिंदगी गंवानी पड़ी. इसके बाद आया वर्ष 2019 का मुकाबला, इस बार कांग्रेस ने नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा नीरज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि भाजपा ने संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह पर दांव खेला. लेकिन इस बार पूर्णिमा नीरज सिंह कांग्रेस की झोली में जीत का सेहरा डालने में कामयाब रही. पूर्णिमा नीरज सिंह को 79,786 के साथ जीत मिली तो रागिनी सिंह को 67,732 दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. यानी सिंह मेंशन से निकल कर अब यह सीट रघुकुल का हाथ में चुकी थी.
झरिया के सियासी अखाड़े में एक और बहू की सियासी लॉचिंग

‘रघुकुल’ की कोशिश इस बार भी अपना परचम फहराने की है. पूर्णिमा नीरज सिंह (कांग्रेस) का एक बार फिर से अखाड़े में उतरना तय माना जा रहा है, वहीं रागिनी सिंह (भाजपा) की चाहत सिंह मेंशन का पुराना गौरव को पुनर्स्थापित करने की है. लेकिन इस बार झरिया के सियासी अखाड़े में एक और बहू की लॉचिंग होने वाली है. बताया जा रहा है कि पृथ्वी मेंशन की बहू आसनी सिंह भी किस्मत आजमाने का इरादा रखती हैं. हालांकि पार्टी कौन ही होगी, अब तक इसकी तस्वीर साफ नहीं है. लेकिन इतना साफ है कि मुकाबला दिलचस्प होने वाला है.
तीन बहुओं का सियासी संग्राम
आपको बता दें कि आसनी सिंह सूर्यदेव सिंह के भाई रामधीन सिंह के बेटे शशि सिंह की पत्नी है. रागिनी सिंह स्व सूर्यदेव सिंह के बेटे संजीव सिंह की पत्नी हैं. जबकि पूर्णिमा नीरज सिंह, स्व सूर्यदेव सिंह के भाई स्व विक्रमा सिंह के बेटे स्व नीरज सिंह की पत्नी हैं. इस प्रकार यह मुकाबला एक ही परिवार के तीन बहुओं के बीच सियासी वर्चस्व का होगा. हालांकि सियासी अखाड़े में किसके हिस्से जीत और किसे मायूसी हाथ लगती है, इसका फैसला तो मतदाताओं को करना है. लेकिन इस बार भी झरिया की धरती एक रोचक मुकाबला होने वाला है. इस बात के इंकार नहीं किया जा सकता.
