गद्दार कौन! भाजपा में सीता की अग्नि परीक्षा? क्या है वह होर्स ट्रेडिंग मामला, जिसे उछाल बोलती बंद करने की हो रही कोशिश

रांची: लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के अंदर अब गद्दार-गद्दार का खेल पूरे चमरोत्कर्ष पर है. एक तरफ जहां सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन भाजपा नेताओं पर दुमका में अपने हार का ठीकरा फोड़ते हुए गद्दारों की श्रेणी में खड़ा कर रही है. भाजपा आलाकमान से पार्टी में आस्तीन का सांप बन कर बैठे गद्दारों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रही है. इस बात का दुखड़ा रो हो रही है कि जनता तो साथ खड़ी थी, यह तो पार्टी के नेता और कार्यकर्ता थें, जो झामुमो के साथ खड़ा होकर, इस हार की पटकथा लिख रहे थें. सीधा निशाना दुमका विधान से पूर्व विधायक और मंत्री लुईस मरांडी और सारठ विधायक रणधीर सिंह पर था, लेकिन सीता सोरेन के इस ‘गद्दारी’ राग का जवाब भी अब उसी भाषा में मिलने की शुरुआत होती दिख रही है.

झामुमो का गद्दार, भाजपा का वफादार

झामुमो के साथ की गई गद्दारी और धोखेबाजी को याद दिलाते यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि दूसरे पर कीचड़ उछालने के पहले जरा अपने अतीत की भी तलाश कर लें, थोड़ा ठहरकर आत्म चिंतन भी कर लें, कि असली गद्दार कौन है? हम तो आज भी पार्टी के साथ खड़े हैं, यह ठीक है इतनी बड़ी पार्टी में कुछ नेताओं के साथ मतभेद चलते रहते हैं, इसका मतलब कदापी यह नहीं है कि हम पार्टी की हार की कामना करते हैं, हम तो वह हैं, जो दूसरी पार्टियों से गद्दारी कर पार्टी का दामन थामने वाले के लिए भी खून-पसीना बहाते है. हमारे लिए व्यक्तिगत पसंद और नापसंद से ज्यादा महत्वपूर्ण पार्टी का फैसला होता है. बावजूद इसके यदि कोई अपनी हार का ठीकरा हम पर फोड़कर, गम भूलना चाहता है, तो यह उसकी अपनी पीड़ा है, जिसका उपचार ना तो हमारे पास है और ना ही पार्टी के पास.

होर्स ट्रेडिंग का आईना दिखलाकर, गद्दार कौन? समझाने की कोशिश

दरअसल जिस गद्दारी के जुमले को उछाल-उछाल कर सीता सोरेन भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाने पर ले रही थी, भाजपा नेताओं का धैर्य टूटने लगा. और पलटवार की शुरुआत हो गयी. जिसकी शुरुआत करते हुए सारठ विधायक रणधीर सिंह ने बड़े ही सलीके से सीता सोरेन को उस होर्स ट्रेडिंग की याद दिला दी, जिसमें सीता सोरेन के उपर 2012 के राज्य सभा चुनाव  में निर्दलीय उम्मीदवार आर.के अग्रवाल और पवन कुमार धूत से 1.5 करोड़ रुपया लेने का आरोप है. रणधीर सिंह ने इशारों ही इशारों पर यह बताने की कोशिश भी की, भाजपा में आप अपनी मर्जी से नहीं आयी थी, यह तो होर्स ट्रेडिंग मामले का दवाब था कि झामुमो का साथ छोड़ कर कमल की सवारी करनी पड़ी. आपने तो भाजपा में शामिल होकर पाप धोने की कोशिश की, लेकिन यदि जनता ने ही रिजेक्ट कर दिया तो इसमें  पार्टी और कार्यकर्ताओं की क्या गलती है?

क्या है हौर्स ट्रेडिंग मामला और कैसे फंसी है सीता की गर्दन?

दरअसल सीता सोरेन के खिलाफ 2012 में राज्य सभा चुनाव के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार आरके अग्रवाल और पवन कुमार धूत से रिश्वत लेकर वोट देने का आरोप है, इस आरोप के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव का नोटिफिकेशन रद्द कर दिया था. जिसके बाद वर्ष 2013 में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मामला दर्ज किया. जिसके बाद वर्ष 2014 में सीता सोरेन ने सीबीआई कोर्ट में सरेंडर किया. सीबीआई ने अपने चार्जशीट में यह दावा किया है कि  सीता सोरेन ने आर.के अग्रवाल के पक्ष में वोट डालने के बदले में 1.5 करोड़ रुपया लिया था. जिबकी सीता सोरेन के पिता को ओडिशा में एक करोड़ दिया गया था, इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज है. लेकिन 1998 में एक फैसले को आधार बनाते हुए सीता सोरेन ने इस जांच के खिलाफ कोर्ट से रोक लगाने की  मांग की. दरअसल 1998 में देश की सबसे बड़ी अदालत ने अपने एक फैसले में सदन के अंदर की कार्रवाई को जांच के दायरे से बाहर रखा था. लेकिन चार मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में पुराने फैसले को पलट दिया. जिसके बाद सीता सोरेन की मुश्किल बढ़ने लगी. इस फैसले के तुरंत बाद भाजपा सांसद निशिकांत ने अपने ट्वीटर एकाउंट से सीता सोरेन को जेल जाने की भविष्यवाणी की थी, और ठीक इसके बाद सीता सोरेन ने भगवा पट्टा पहनने का ऑफर स्वीकार कर लिया.  रणधीर सिंह इसी दुखती रग पर अपना हाथ फेर कर गद्दार-गद्दार का खेल बंद करने की सलाह दे रहे हैं. साथ ही इस बात का इशारा भी कर रहे है कि हम तो आज भी भाजपा में बने हैं. सवाल तो उनसे पूछा जाना चाहिए, जिसने झामुमो के साथ गद्दारी की.

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More