कोडरमा: ग्रिजली विद्यालय में सम्मान समारोह सह काउंसलिंग सेशन का आयोजन

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग सेशन तथा सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में संघ लोक सेवा आयोग के द्वारा जारी की गई परीक्षा परिणाम में ग्रिजली विद्यालय के पूर्व छात्र हर्षित सिंह का चयन केंद्रीय सशत्र पुलिस बल में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ है, उन्हें सम्मानित किया गया. हर्षित का स्वागत विद्यालय के स्कूल कैप्टन विश्वायन सिंह और रीत भदानी द्वारा गुलदस्ता देकर किया गया. कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता हर्षित ने छात्रों से कहा की जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी, तभी सफलता प्राप्त होगी. उन्होंने कहा कि असफलता से घबराना नहीं है, बल्कि और मेहनत कर के लक्ष्य को प्राप्त करना है. 

विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा ग्यारहवीं तथा बारहवीं के छात्रों ने भाग लिया और मुख्य वक्ता हर्षित सिंह से सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण टिप्स की जानकारी ली. इस अवसर पर ग्रिजली विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने कहा कि हर्षित की इस सफलता से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है और आने वाले वक्त में विद्यालय के और छात्र भी इस मुकाम को प्राप्त करें यही विद्यालय परिवार की कामना है. वहीं प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि हर्षित की यह सफलता पूरे विद्यालय की सफलता है और ये दर्शाती है की निरंतर किए गए मेहनत से सफलता जरूर मिलती है. 

इस अवसर पर संयोजक विजय कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार चौधरी, स्पोर्ट्स को-ऑर्डिनेटर अमित दास, शिक्षक संजीव कुमार जयसवाल, नागेंद्र कुमार, कुमार राजीव आदि उपस्थित थे. कार्यक्रम में मंच संचालन स्कूल कैप्टन रीत भदानी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन स्टूडेंट सर्विस सेल के संयोजक सुधांशु कुमार ने किया. 

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More