कोडरमा जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर लगेंगे एस्केलेटर

कोडरमा: पूर्व मध्य रेल द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा हेतु कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने के लिए कोडरमा जंक्शन समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इससे वरिष्ठ नागरिक, महिला एवं दिव्यांगजन विशेष रूप से लाभान्वित हो सकेंगे। पूर्व मध्य रेल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर 35 एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इनमें छह का काम चल भी रहा है। कोडरमा जंक्शन स्टेशन धनबाद मंडल में एक महत्वपूर्ण स्टेशन के रूप में शामिल है। यहां चार एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोडरमा स्टेशन के प्लेटफार्म पर ये एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। इस वर्ष तक एस्केलेटर काम करने लगेंगे। 

इन स्टेशनों पर लगेंगे एस्केलेटर 

धनबाद मंडल के पारसनाथ, गढ़वा रोड तथा डालटनगंज में दो-दो तथा कोडरमा में चार एस्केलेटर लगाए जाएंगे। वहीं दानापुर मंडल के पटना जंक्शन, पटना साहिब, दानापुर व आरा स्टेशनों पर दो-दो एस्केलेटर लगाए जाएंगे। वहीं, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सासाराम एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर दो-दो, सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर एवं खगड़िया स्टेशनों पर दो-दो एस्केलेटर लगाए जाएंगे। समस्तीपुर मंडल के सहरसा स्टेशन पर दो व दरभंगा स्टेशन पर एक एस्केलेटर लगाए जाएंगे। यानी, कुल 29 नए एस्केलेटर लगाए जाएंगे।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने कहा कि कोडरमा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में कोडरमा सहित अन्य स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More