विधान सभा चुनाव की तैयारी तेज! पूनम पासवान और प्रकाश जोशी झारखंड में खंगालेगे कांंग्रेसी प्रत्याशियों का बायोडाटा

रांची– विधान सभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच प्रत्याशी चयन लेकर सरगर्मी तेज हो चुकी है. हर सियासी दल की नजर मजबूत जनाधार वाले चेहरों पर है. विधान सभा में लोकप्रियता के साथ ही सामाजिक समीकरणों को भी खंगाला जा रहा है. उसे चहरे को सामने रख कर हार जीत की संभावना भी टटोली जा रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस ने भी स्क्रीमिंग कमिटी का गठन कर दिया है, झारखंड में प्रत्याशी चयन की जिम्मेवारी पूनम पासवान और प्रकाश जोशी पर डाली गयी है. स्क्रीमिंग कमिटी के द्वारा अनुशंसित सूची को पहले प्रदेश कमिटी और फिर प्रदेश कमिटी से कांग्रेस अघ्यक्ष को सौंपा जायेगा, जहां से प्रत्याशियों की किस्मत पर अंतिम फैसला होगा.
33 सीटों पर ताल ठोकने की तैयारी में है कांग्रेस
आपको बता दें कि कांग्रेस झारखंड में महागठबंधन का हिस्सा है, उसकी ओर से गठबंधन के अंदर विधान सभा की 33 सीटों पर अपनी दावेदारी की जा रही है. जिन सीटों पर अभी उसके विधायक है, वहां तो किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन विधान सभा की जिन सीटों पर भाजपा आजसू का कब्जा है, उसको लेकर मजबूत चेहरे की खोज है. हालांकि जीती हुई सीटों पर कुछ एक स्थान पर उलटफेर की भी संभावना है. विधायकों के पांच वर्ष का रिकार्ड और विधान सभा में लोकप्रियता को भी मापा जा रहा है. सामाजिक समीकरणों को एक बार नये सिरे से ठीक करने की कोशिश की जा रही है.
