“मैं सुखदेव भगत मां सरना को साक्षी मान शपथ….” विधान सभा चुनाव के पहले सरना धर्म कोड का ब्रह्मास्त्र

रांची: सियासी अखाड़े में नैरेटिव का अपना एक अलग स्थान और भूमिका है. पिछले कुछ वर्षों में पूरी जंग इसी विसात पर बिछाई और जीती जाती रही. चुनाव दर चुनाव भाजपा की जीत के पीछे नैरेटिव गढ़ने और उस नैरेटिव को जमीन पर स्थापित करने में उसके सियासी रणनीतिकारों की सफलता रही. भाजपा नैरेटिव गढ़ती रही और कांग्रेस समेत दूसरे तमाम विपक्षी दल उस नैरेटिव में फंसते रहे. उनके पास खुद का नैरेटिव गढ़ने का ना तो वक्त था और ना ही सोच, वह पूरी तरह भाजपा के बिछाये नैरेटिव में उलझ चुके थें. लेकिन पिछले दस वर्षों में भाजपा पहली बार विपक्ष के नैरेटिव में फंसती दिख रही है. संविधान पर खतरा इसी नैरेटिव का एक हिस्सा था, जिसमें उलझ कर उसे मोदी की सरकार के बजाय इस बार एनडीए की सरकार चलाने पर मजबूर होना पड़ा. जिस चार सौ पार के नेरैटिव के सहारे वह विपक्ष को चुनावी जंग से पहले ही हौसला तोड़ना चाह रही थी, विपक्ष ने बेहद खूबसूरती से उसी नैरेटिव को संविधान पर खतरा के रुप में प्रस्तूत कर कथित मोदी मैजिक की पूरी हवा निकाल दी. अब उसी नैरैटिव का खेल विधान सभा चुनाव के पहले एक और रुप में झारखंड में होता दिख रहा है.
दिल्ली से चला झारखंड का ब्रह्मास्त्र
हालांकि इस नैरेटिव को झारखंड के बजाय दिल्ली में गढ़ा गया है, लेकिन दिल्ली से छोड़ गया यह तीर झारखंड भाजपा को बेधता नजर आ रहा है. दरअसल वह तीर है, सरना धर्म कोड का और इसे छोड़ा है लोहरदगा से नवनिर्वाचित सांसद सुखदेव भगत ने, जब दूसरे विपक्षी सांसदों की ओर से ईश्वर, अंतरात्मा आदि-आदि के नाम पर शपथ लिया जा रहा था. सुखदेव भगत ने वह रास्ता चुना, जिसकी परिकल्पना अब तक इस पर बैटिंग करते रहे झामुमो और ना ही कांग्रेस के दूसरे सांसदों ने की थी. खुद खूंटी से निर्वाचित कांग्रेस के दूसरे सांसद कालीचरण मुंडा ईश्वर के नाम पर शपथ ले रहे थें, तब सुखदेव भगत ईश्वर, अंतरात्मा के बजाय मां सरना के नाम पर शपथ लेकर सभी को एक बारगी चौंका दिया.
सुखदेव भगत ने छीना भाजपा का सुख-चैन
जैसे ही संसद हॉल में यह स्वर गूंजा की “मैं सुखदेव भगत मां सरना के नाम पर शपथ लेता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रहूंगा” सारी नजरें एकबारगी सुखदेव भगत की ओर मुड़ती चली गयी, शायद यह भारतीय इतिहास की पहली घटना थी, जब कोई निर्वाचित प्रतिनिधि मां सरना के नाम पर शपथ लेकर विशाल आदिवासी-सरना समाज को यह आशान्वित करने की कोशिश कर रहा हो कि हम आपकी मुखर आवाज बन कर, उस संसद तक पहुंच चुके हैं. जहां आपके लिए कानून का निर्माण होता है, अब आपके अधिकारों के साथ छेड़ा-छाड़ का कुचक्र रचने की इजाजत नहीं होगी. जिस जल जंगल और जमीन की लड़ाई आप लड़ रहे हैं, हम संसद में आपकी आवाज बन कर खड़ा रहेंगे.
विधान सभा चुनाव में भाजपा के सामने खड़ी हो सकती है मुश्किल
लेकिन इस शपथ ग्रहण का एक दूसरा पहलू भी है, आने वाले दिनों में झारखंड में विधान सभा का चुनाव होना है, तमाम सियासी दलों के द्वारा सियासी सरगर्मी भी तेज हो गयी है. भाजपा ने असम के सीएम हिमंता विस्व सरमा को मोर्चे पर तैनात कर साफ कर दिया है कि विधान सभा चुनाव में एक बार फिर कथित बांग्लादेशी घुसपैठ को मुद्दा बनाया जायेगा. लव जेहाद से लेकर जमीन जेहाद के दावे सामने आयेंगे, और इन नारों के बीच धार्मिक धुर्वीकरण की सियासी जमीन तैयार की जायेगी, लेकिन इधर सुखदेव भगत ने संसद भवन के अंदर सरना धर्म कोड का राग छेड़ कर विधान सभा चुनाव में इसे एक बड़ा सियासी मुद्दा बना दिया है.
सरना धर्म कोड पर कांग्रेस का साथ
यहां बता दें कि राहुल गांधी ने पहले ही सरना धर्म को लेकर अपने सर्मथन का दावा कर दिया है, गुमला की रैली में राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि यदि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आती है, तो सरना धर्म को जनगणना के कॉलम में स्थान प्रदान किया जायेगा, जबकि दूसरी ओर से हेमंत सरकार इसे विधान सभा से पारित कर केन्द्र के पास भेज चुकी है, जो पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल से लंबित पड़ा है, हालांकि झारखंड भाजपा के कई आदिवासी नेता भी सरना धर्म कोड का समर्थन करते हैं, लेकिन केन्द्रीय भाजपा इसे खारिज करती रही है और यह हालत तब थी, जबकि जनजातीय मामलों का मंत्रालय अर्जुन मुंडा जैसे कद्दावर आदिवासी चेहरे के पास था. बावजूद आदिवासी समाज की यह मांग पूरी नहीं की गयी, अब जिस तरीके से सुखदेव भगत ने अपने शपथ ग्रहण के साथ सरना धर्म कोड को एक बार फिर से सुर्खियों में ला दिया है, निश्चित रुप से यह विधान सभा चुनाव में बड़ा सियासी मुद्दा बनने वाला है, अब तक अपने नैरेटिव से विपक्ष को मात देती रही भाजपा के सामने आदिवासी समाज के बीच अपनी सफाई देने की चुनौती होगी.
