विधान सभा चुनाव: भाजपा का खेल बिगाड़ेगी जदयू! एक दर्जन सीटों पर नजर

रांची: जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, सियासी दलों के अंदर सीट बंटवारें का सवाल गहराता जा रहा है. जहां झामुमो कांग्रेस और राजद की बढ़ती हसरतों के कारण हलकान है, वहीं अब भाजपा की मुसीबतें भी बढ़ने लगी है और इसका कारण है बिहार में तीसरे दर्जे की पार्टी होने के बावजूद बड़े भाई की भूमिका का निर्वाह करते जदयू की ओर से झारखंड में अपनी हिस्सेदारी की मांग करना. हालांकि अभी तक दावा इस बात का किया जा रहा है कि जदयू झारखंड में एनडीए खेमें में रहकर ही चुनाव लड़ेगी, लेकिन सियासत में हर दिन एक नयी कहानी लेकर आता है और यदि सामने नीतीश कुमार हों तो कोई भी भविष्यवाणी खतरे से खाली नहीं है.
रुपौली विधान सभा उपचुनाव में जदयू उम्मीदवार कलाधर मंडल की हार
खासकर लोकसभा चुनाव के बाद जिस तरीके से रुपौली विधान सभा उपचुनाव में जदयू उम्मीदवार कलाधर मंडल को लोजपा के पूर्व नेता शंकर सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा, उसके बाद एक बार फिर से बिहार के सियासी गलियारे में ऑपेरशन चिराग की चर्चा तेज हो गयी है. दावा किये जाने लगा है कि भाजपा एक बार फिर से चिराग पासवान को आगे कर जदयू को दायरे में रखना चाहती है. यह संकेत भी देना चाहती है कि आप बिहार की सियासत में तीसरे दर्जे की पार्टी है, यही जमीनी हकीकत है, इसलिए बेहतर होगा कि अपनी ख्वाहिशों पर लगाम लगायें. रुपौली की हार जदयू के लिए एक बड़ा संकेत है, आम रुप से किसी भी उपचुनाव में सत्ताधारी दल को ही विजय मिलती है, लेकिन सीएम नीतीश के धुंआधार प्रचार के बावजूद कलाधर मंडल को मुंह की खानी पड़ी. इस चुनाव परिणाम के बाद आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में किसी नये सियासी समीकरण की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. यानि जदयू के साथ भाजपा को भी आने वाले खतरे का एहसास है, और इस बीच झारखंड जदयू प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव की तैयारी तेज करने का अपने निहितार्थ है. इस हालत में यदि भाजपा जदयू को करीबन एक दर्जन सीटें सौंप देती है, जिसकी मांग जदयू की ओर से की जा रही है,और अपने पाला बदल के लिए विख्यात -कुख्यात नीतीश कुमार एक और पलटी मार सियासत को देश और बिहार की सियासत में उलटफेर लाते हैं, तो बिहार के साथ ही भाजपा झारखंड में भी फंसी नजर आ सकती है.
जदयू की एंट्री के बाद कुर्मी मतदाताओं का तीन हिस्सों में बंटवारा
आपको बता दें कि कभी झारखंड में जदयू की मजबूत उपस्थिति हुआ करती थी, करीबन दर्जन भर सीटों पर धमक थी. लेकिन बाद के दिनों में नीतीश कुमार झारखंड को पूरी तरह भाजपा के हाथ छोड़ गयें. जदयू के सारे नेता और कार्यकर्ता दूसरी पार्टियों में समाहित होते चले गयें, इधर भाजपा के पास कुर्मी पॉलिटिक्स का चमकता चेहरा सुदेश महतो का साथ था. लेकिन अब यदि जदयू की सक्रियता एक बार फिर से तेज होती है, तो पूरी कुर्मी पॉलिटिकस तीन हिस्सों में बंटी नजर आयेगी. जयराम महतो की एंट्री से सुदेश महतो की सांसे पहले से ही रुकी हुई है, उपर से जदयू की एंट्री के बाद कुर्मी मतदाताओं में एक और सेंधमारी होगी, लेकिन मुसीबत यह है कि यदि भाजपा जदयू को अपने पाले में नहीं रखती है और जदयू स्वंतत्र रुप से मैदान में उतरने का फैसला करती है, तो उस हालत में जदयू को जो भी वोट प्राप्त होगा, वह साफ तौर पर भाजपा-आजसू के वोट में सेंधमारी होगी. यानि जदयू को साथ रखने में भी नुकसान और साथ छोड़ने में भी चैन नहीं है. यही भाजपा की दुविधा है, इस बीच खीरु महतो ने साफ किया है कि एक दो दिनों के अंदर झारखंड जदयू की ओर से उन सीटों को चिह्नित कर केन्द्रीय नेतृत्व को सौंप दिया जायेगा, जिन सीटों पर वह हाथ आजमाना चाहती है.
