लोकतंत्र में वंशवाद का जहर! विधान सभा चुनाव में बेटे-बेटियों की फौज

रांची: जिस राजनीति को चुनावी सभाओं में जन सेवा का दर्जा दिया जाता है, दावा किया जाता है कि राजनीति का मकसद सत्ता की मलाई खाना नहीं, बल्कि जनता-जनार्दन की सेवा भर है, सियासतदानों की अंदर की यह सेवा भावना अब आपके लिए परेशानी का सबब भी बन सकता है या फिर कहें की बन गया है.  क्योंकि यह सेवा भावना, उनके बाद अब उनके बाल-बच्चों को भी संक्रमित कर रही है. बेटा हो या बेटी सभी पर सेवा का जुनून इस कदर सवार है कि वे अपने आगे किसी और को यह अवसर देने को तैयार नहीं है और सेवा करने की जल्दबाजी भी इतनी है, किसी को अपने वृद्ध पिता में जवानी देख खीज आ रहा है, इस बात का फिक्र खाये जा रहा है कि यदि बुढ़ापा ने सही समय पर अपना असर नहीं दिखलाया तो फिर अगले पांच वर्ष तक सेवा विहीन इंतजार करना होगा.  एक नेताजी में सेवा का यह संक्रमण इतना घातक स्तर तक पहुंचा कि बेटे का अन्तरजातीय विवाह करवा इस सेवा भावना को आगे बढाने का जुगाड़ लगाना पड़ा. सियासी जानकारों का तो दावा है कि  सियासतदानों की यह सेवा भावना कोरोना से भी अधिक संक्रामक है, कोरोना का संक्रमण तो अधिक से अधिक एक माह में ठीक हो जाता है, लेकिन सेवा का यह संक्रमण तब तक नहीं जाता, जब तक दुनिया से विदाई अंतिम फरमान नहीं आ जाय.

 

एक दर्जन सियासतदानों के बेटे-बेटियों की एंट्री

 

दरअसल हम बात करे रहे हैं आने वाले विधान सभा चुनाव की. खबर है कि इस विधान सभा चुनाव में करीबन एक दर्जन नेताओं के बेटे-बेटियों की एंट्री होने वाली है, सभी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी के लिए बेकरार है, लेकिन यह बेकरारी मतदान करने की नहीं है, यह छटपटाहट तो विधान सभा चुनाव लडऩे की है और इसमें सता पक्ष और विपक्ष का कोई भेद नहीं है. इस मामले में सबकी सहमति है, सता पक्ष के सियासतदान हो या और विपक्ष के सुरमा, सभी इस बात पर एकमत है कि आने वाले दिनों में जन सेवा का यह कार्य अपने ही बेटे-बेटियों को सौंपना है, यदि यह रास्ता नहीं अपनाया गया तो सदन में राह चलते लोगों की भीड़ लगने वाली है. सड़क पर इंकलाब जिंदाबाद तक तो ठीक है, लेकिन संसद और विधान सभाओं का दरवाजा आम लोगों के लिए खोलना खतरनाक साबित होगा. 

 

यशस्विनी सहाय की एंट्री 

 

इसकी एक झलक लोकसभा चुनाव के वक्त भी दिखलायी पड़ी, जब रामटहल चौधरी को कांग्रेसी पट्टा पहना कर एन वक्त पर किनारा करते हुए बेटी यशस्विनी को मैदान में उतारा गया. जिस रांची को पिछले दो दशक में खुद सुबोध कांत सहाय फतह नहीं कर पाये, भाजपा के उस किले को ध्वस्त करने की जिम्मेवारी बेटी को सौंपी गयी, बाकि जो कांग्रेसी कार्यकर्ता पिछले दो दशक से कांग्रेस का झंडा ढो रहे थें, यह तो उनकी नासमझी थी. यह तो उन्हे भी पता था कि सुबोध कांत के बाद रांची की बागडोर बेटी यशस्विनी के हाथ जाने वाली है. यशस्विनी उच्च शिक्षित युवती है, मूलभूत मुद्दों को समग्रता से समझती है. उनके इस व्यापक अनुभव का लाभ  रांची लोकसभा को भी मिलेगा. जीत के साथ ही  विकास की एक नयी गाथा लिखी जायेगी. 

 

जोबा मांझी के बेटे को अखाड़े में उतारने की तैयारी 

 

कुछ यही हालत अब मनोहरपुर विधान सभा की होती नजर आने लगी है. इस सीट से पांच-पांच बार विधान सभा पहुंच चुकी जोबा मांझी, दिल्ली के सफर पर हैं. खबर है कि इस बार पार्टी जोबा मांझी के स्थान पर उनके बेटे को चुनाव अखाड़े में उतारने की तैयारी में है. हालांकि बेटे का सियासी अनुभव क्या है, पार्टी के दूसरे कार्यकर्ताओं पर उनके बेटे का अनुभव क्यों भारी है?  फिलहाल इसका कोई माकूल जवाब किसी के पास नहीं है. कुछ यही हालत चतरा विधान सभा की है, यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, सत्यानंद भोक्ता जिस भोक्ता जाति से आते हैं, अब केन्द्र सरकार ने उसे अनुसूचित जाति में सूचिबद्ध कर दिया है, यानि सत्यानंद भोक्ता अब चुनाव नहीं लड़ सकते, तो सत्यानंद भोक्ता ने इसका भी तोड़ निकालते हुए बेटे की शादी अनुसूचित जाति से आने वाली युवती के साथ कर दिया. यानि अन्तरजातीय विवाह का संदेश भी और सेवा-कार्य को घर में ही रखने का तोड़ भी, एक साथ दो शिकार. यानि अब चतरा विधान सभा से सत्यानंद भोक्ता के बजाय पतोह रश्मी प्रकाश चुनाव लड़ेगी. 

 

ईचागढ़ में सविता महतो के बदले बेटी स्नेहा पर दांव
 

झारखंड की सियासत में एक बड़ा कुर्मी चेहरा और उपमुख्यमंत्री की कमान संभाल चुके सुधीर महतो और सविता महतो की बेटी स्नेहा महतो इस बार ईचागढ़ विधान सभा से चुनावी अखाड़े में उतरने की तैयारी में है. स्नेहा महतो भी यशस्विनी सहाय की तरह उच्च शिक्षित युवती है,  नामचीन विश्वविद्यालयों से उनकी शिक्षा पूरी हुई है, इतनी उच्ची डिग्री के बावजूद पिछले कुछ वर्षों  से सविता महतो के साथ मिलकर जन सेवा का कार्य कर रही है.

 

लोहरदगा में रामेश्वर उरांव के बदले रोहित को कमान 

 

सरकार में वित्त मंत्री के बतौर झारखंड के आर्थिक स्वास्थ्य का देख भाल करते रहे रामेश्वर उरांव भी अब अपने उम्र के आखिरी पड़ाव पर हैं और अब लोहरदगा  विधान सभा का बागडोर अपने बेटे रोहित उरांव को सौंपना चाहते हैं. जबकि दुमका लोकसभा से जीत का परचम फहराने वाले नलिन सोरेन शिकारीपाड़ा विधान सभा से अपने बेटे आलोक सोरेन को चुनाव लड़वाने की तैयारी में हैं, आपको बता दें कि नलिन सोरेन अब तक कुल सात बार शिकारीपाड़ा विधान सभा से जीत दर्ज करने का रिकार्ड बना चुके हैं, और अब जब खुद संसद पहुंचे हैं तो अपने बेटे आलोक सोरेन को शिकारी पाड़ा से अगले विधायक के रुप में देखना चाहते हैं.  कुछ यही स्थिति महेशपुर विधान सभा से चार बार के विधायक रहे झामुमो के एक बड़ा चेहरा स्टीफन मरांडी का भी है, स्टीफन मरांडी भी इस बार अपने स्थान पर अपनी बेटी उपासना मरांडी को  महेशपुर से चुनाव लड़ाना चाहते हैं.

 

पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन भी रेस में

 

इस रेस में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन भी है, खबर है कि इस बार चंपाई सोरेन के स्थान पर सराईकेला विधान सभा से बाबूलाल सोरेन मैदान में उतरने की तैयारी में है, हालांकि एक खबर यह भी है कि खुद चंपाई सोरेन इसके पक्षधर नहीं है. लेकिन बेटे की चाहत जल्द से जल्द सराईकेला के अपने कब्जे में लेने की है. इधर ग्रामीण विकास मंत्री के रुप में कैश कांड के बाद सुर्खियों में आये आलमगीर आलम के बेटे तनवीर आलम भी इस बार पिता को सेवा कार्य से मुक्त कर पाकुड़ का प्रतिनिधित्व करने को बेकरार है, खबर है कि आलमगीर आलम पर लगे दाग के बाद कांग्रेस आगे का सेवा कार्य की जिम्मेवारी उनके बेटे तनवीर आलम को सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रही है.

 

राजेन्द्र सिंह के परिवार पर कांग्रेस मेहरबान

 

इसके साथ ही बेरमो विधायक अनुप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को लोकसभा चुनाव में अखाड़े में उतारने के बाद अब खबर यह है कि इस विधान सभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से  छोटे भाई गौरव सिंह को भी सेवा का अवसर प्रदान किया जा सकता है. यानि कांग्रेस एक ही परिवार के तीन-तीन सदस्यों को उपकृत करेगी. आपको बता दें कि अनुप सिंह के पिता राजेन्द्र सिंह भी बेरमो से चार बार के विधायक रहे हैं, उनकी मौत के बाद बेरमो की कमान अनुप सिंह को सौंपी गयी, फिर पतोह अनुपमा सिंह को लोकसभा चुनाव में धनबाद से सियासी अखाड़े में उतारा गया, हालांकि सफलता हाथ नहीं लगी, और ढुल्लू महतो के सामने शिकस्त का सामना करना पड़ा और अब गौरव सिंह की एंट्री की चर्चा है.

 

सिर्फ कांग्रेस-झामुमो नहीं, भाजपा भी संक्रमण का शिकार

 

इसका मतलब यह कदापी नहीं है कि यह सब कुछ कांग्रेस और झामुमो में ही हो रहा है, भाजपा भी इसमें पीछे नहीं है. विश्रामपुर विधान सभा से 2005,2014 और 2019 में विधायक रहे रामचन्द्र चन्द्रवंशी की उम्र(75) भी अब ढलान पर है, एक रामचन्द्र चन्द्रवंशी ने एक लम्बा वक्त जन सेवा और समाज सेवा में गुजारा है, उम्र के इस पड़ाव पर अब वह आगे का सेवा-कार्य की जिम्मेवारी अपने बेटे ईश्वर सागर को सौंपना चाहते हैं. खबर है कि विपक्षी दलों पर वंशवाद का तोहमत लगाने वाली भाजपा भी इसके लिए रजामंद है, यानि इस बार के विधान सभा चुनाव में विश्रामपुर विधान सभा से ईश्वर सागर भाजपा का उम्मीदवार होंगे, जिन कार्यकर्ताओ ने कभी रामचन्द्र चंद्रवंशी के लिए खून पसीना बहाया था, अब वह ईश्वर सागर के लिए दिन रात एक करेंगे. इस सूची में सीता सोरेन भी बेटी जयश्री सोरेन का नाम भी शामिल है, खबर है कि इस बार भाजपा सीता सोरेन के साथ ही बेटी जयश्री सोरेन को भी मैदान में उतारने की तैयारी में हैं. देखना होगा कि इसमें से किसकी -किसकी मनोकामना पूरी होती है. लेकिन इतना तय यदि इसी तरीके राजनीति में वंशवाद की फसलें लहलहाती रही, तो सामान्य घरों से आने वाले युवाओं का सपना टूटने वाला है.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More