संताल-कोल्हान से साफ, कोयलांचल में सर-फुटव्वल, विधान सभा चुनाव में कैसे खिलेगा कमल!
.jpg)
रांची: लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद विधान सभा चुनाव में कमल खिलाने के लिए मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री और पूरे देश में ऑपरेशन कमल के लिए कुख्यात-सुविख्यात हिमंता विश्व सरमा को मोर्चे पर तैनात किया है. इस जिम्मेवारी के साथ ही दोनों नेताओं का झारखंड दौरा बढ़ चुका है, रणनीतियां तैयार की जा रही है, हेमंत रिटर्न के बाद उपजी सियासी परिस्थितियों के मद्देजनर नये मुद्दों की तलाश जारी है. बावजूद इसके कोई बड़ा सियासी मुद्दा हाथ लगता नहीं दिख रहा. ले-देकर वही पुराना बांग्लादेशी घूसपैठ के सहारे वापसी की संभावना तलाशी जा रही है. लेकिन आदिवासी समाज की नाराजगी को दूर करना तो दूर, उस नाराजगी के दर्द को भी समझने का कोई बड़ा उपक्रम होता नजर नहीं आता. जिस चंपाई सोरेन की विदाई को मुद्दा बनाकर कोल्हान की सियासत में एक दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही थी, वह भी चंपाई सोरेन का मंत्रिमंडल में एंट्री के साथ ही फुस्स हो गया. कुल मिलाकर भाजपा अभी भी संताल-कोल्हान की जमीन पर लोकसभा चुनाव की परिस्थितयों में ही खड़ी नजर आ रही है. अंदर खाने चर्चा तो इस बात की भी है कि भाजपा के रणनीतिकार आदिवासी बहुल सीटों पर किसी जादू की उम्मीद छोड़ चुके हैं. लोकसभा चुनाव के समान ही वह विधान सभा चुनाव में भी आदिवासी बहुल सभी 28 सीटों को झामुमो की झोली में मान रहे हैं, इसके बदले उनकी रणनीति गैर आदिवासी बहुल 53 सीटों के सहारे वापसी करने की है. उनका मानना कि इन 53 सीटों में 45/46 पर कमल खिलाकर झारखंड की सत्ता में वापसी की जा सकती है. यानि 2019 का विधान सभा चुनाव 2024 का लोकसभा चुनाव में शिकस्त के बावजूद भाजपा आदिवासी समाज के मूल भूत मुद्दों को समझने, उनका दर्द जानने और उस दर्द का उपचार खोजने के बजाय गैर आदिवासी मतदाताओं के सहारे के सहारे वापसी की संभावना तलाश रही है.
कोयलांचल की जमीन ही नहीं, कोयलांचल भाजपा में भी लगी हुई है आग
लेकिन संताल और कोल्हान से साफ भाजपा के लिए कोयलांचल का वह किला भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहा, जहां फिलहाल छह में पांच पर कब्जा है, और उसका कारण है ढुल्लू महतो की एंट्री के बाद का बदलता समीकरण. भले ही लोकसभा चुनाव में धनबाद संसदीय से भाजपा को जीत मिली हो, लेकिन इस जीत के बाद भी सर-फुटव्वल की स्थिति बरकरार है. कोयलांचल की सियासत में भाजपा साफ तौर पर दो खेमे में बंटी नजर आ रही है. एक खेमा ढुल्लू महतो का है, तो दूसरा खेमा राज सिन्हा और पीएन सिंह जैसे अगड़े चेहरों का. यदि और भी साफ शब्दों में कहा जाय तो ढुल्लू महतो की एंट्री के साथ ही धनबाद में अगड़ा बनाम पिछड़ा का संघर्ष तेज है और कोयलांचल की सियासत में ढुल्लू महतो पिछड़ी जातियों का चेहरा बन कर सामने आये हैं, जबकि दूसरी ओर राज सिन्हा का पीएन सिंह की कोशिश अभी भी अगड़ी जातियों के वर्चस्व को बनाये रखने की है. इसकी एक झलक अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में देखने को मिली.
अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में तार-तार पार्टी का अनुशासन
भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल की मौजूदगी में जमकर हंगामा हुआ, अनुशासन का दावा करने वाली पार्टी के अध्यक्ष के सामने ही कार्यकर्ताओं ने जम कर अपनी भड़ास निकाली, और निशाने पर थें राज सिन्हा. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि ढुल्लू महतो की जीत में खून पसीना तो हमने बहाया, लेकिन इसका क्रेडिट राज सिन्हा को दिया जा रहा है. जबकि लोकसभा चुनाव में राज सिन्हा की भूमिका क्या थी, इस सच्चाई से धनबाद का हर शख्स वाकिफ है. कार्यकर्ताओं के भारी हंगामे के बीच ढुल्लू महतो ने यह कह मामला शांत करने की कोशिश की आने विधान सभा चुनाव में बाबूलाल को सीएम बनाना है, इसलिए हंगामा के बजाय जीत के लिए जोर लगायें, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि हंगामा करने वाले कौन थें? राज सिन्हा को निशाने पर कौन ले रहा था? राज सिन्हा ने लोकसभा चुनाव में किसकी जड़ खोदने की कोशिश की थी.
कोयलांचल भाजपा में भी सुलग रहा है एक आग
साफ है कि आग सिर्फ कोयलांचल की धरती पर ही नहीं लगी है, एक आग कोयलांचल भाजपा में भी सुलग रहा है, और यदि वक्त रहते इस आग पर काबू नहीं पाया, तो एक बार फिर से छह में पांच सीटों पर परचम फहराने का सपना टूटने वाला है. इस बार निरसा, सिंदरी से लेकर धनबाद की सीट भी फंस सकती है. वैसे भी मन्नान मलिक वर्ष 2019 में राज सिन्हा को कड़ी चुनौती दे चुके हैं. ठीक यही हालत सिंदरी विधान सभा की है. वर्ष 2019 में मार्क्सवादी समन्वय समिति और झामुमो को अलग-अलग लड़ने का कारण भाजपा को लाभ मिला था, इस बार मार्क्सवादी समन्वय समिति का झामुमो के साथ विलय की खबर भी तेज है. यदि विलय नहीं भी होता है, तो मार्क्सवादी समन्वय समिति और माले के बीच समझौता की गुंजाईश बनती दिख रही है, निरसा में भी महागठबंधन की ओर से अरुप चटर्जी को समर्थन दिया जा सकता है, 2019 के मुकाबले में झामुमो ने यहां से अशोक कुमार मंडल को मैदान में उतार था, तब 47,168 वोट लाकर अशोक कुमार तीसरे स्थान पर रहे थें, 63624 वोट के साथ अरुप चटर्जी को दूसरा स्थान मिला था, जबकि 89,082 वोट के साथ भाजपा के अर्पण सेन गुप्ता के हिस्से में जीत आयी थी. यदि अशोक कुमार मंडल और अरुप चटर्जी के कुल वोट को जोड़ दें तो यह आंकड़ा 110,799 तक पहुंच जाता है, जबकि अर्पणा सेन गुप्ता 89,082 के साथ जीत की वरमाला पहनने में कामयाब हुई थी.
गैर आदिवासी सीटों के सहारे वापसी का सपना दूर की कौड़ी
इस हालत में आदिवासी बहुल सीटों को छोड़ कर बाकि के 53 सीटों के सहारे झारखंड में वापसी का सपना दूर की कौड़ी नजर आती है. भाजपा के लिए बेहतर होगा कि जितना जल्दी वह कोयलांचल भाजपा में पसरी आग पर काबू पाये, वैसे भी उसके लिए संताल और कोल्हान में करने को कुछ खास नहीं है. संताल में सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय उसकी असली चुनौती मौजूदा सीटों को बचाने की होगी. वर्ष 2019 में राजमहल, बोरियो, बरहैट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पौरैयाहाट, गोड्डा और महगामा में से सिर्फ सारठ, राजमहल, गोड्डा और देवघर में भाजपा को सफलता मिली थी. क्या भाजपा इस बार कोई चमत्कार की स्थिति में है, ऐसा नजर नहीं आता, उल्टे सारठ और गोड्डा के अंदर इस बार एक नयी सियासी खिचड़ी पकती नजर आ रही है. इस हालत में देखना होगा कि विधान सभा चुनाव में मामा शिवराज सिंह चौहान और हिमंता विस्व सरमा की ओर से कौन सा तीर सामने आता है. फिलहाल बाबूलाल तो इस युद्ध में निहत्थे नजर आ रहे हैं, गैर आदिवासी समाज तो दूर आदिवासी समाज में भी उनकी विश्सनीयता संदेह के घेरे में हैं. जबकि वह पार्टी का चेहरा और वापसी की उम्मीद हैं.
