विधान सभा चुनाव 2024: रांची के अखाड़े में महुआ माजी की वापसी या किसी नये चेहरे की तलाश में है झामुमो

रांची: हर गुजरते दिन के साथ विधान सभा चुनाव की गतिविधियां और भी तेज होती दिख रही है. एक तरफ असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा और शिवराज सिंह चौहान को चुनावी कमान सौंप कर भाजपा सत्ता में वापसी का दावा ठोक रही है, तो दूसरी ओर पूर्व सीएम हेमंत इस बात की हुंकार लगा रहे हैं कि विधान सभा चुनाव के बाद भाजपा दूरबीन से खोजने पर भी नजर नहीं आयेगी. इस बीच अलग-अलग विधान सभाओं के लिए मजबूत उम्मीदवारों की खोज भी तेज हो चुकी है, भाजपा हो या झामुमो दोनों ही 2019 की कमजोर कड़ियों को दुरुस्त करने में लगे हैं. जिस विधान सभा में हार का सामना करना पड़ा था, उसके लिए अलग से रणनीति बनायी जा रही है, मौजूदा सियासी हालात में पुराने पहलवानों की कमियों और मजबूती का नये सिरे से आकलन किया जा रहा है. रांची विधान सभा की भी स्थिति यही है. जहां भाजपा इस अमसंजस के दौर से गुजर रही है कि सीपी सिंह को एक बार फिर से अखाड़े में उतारा जाय, या किसी नये चेहरे के सहारे किले को सुरक्षित किया जाय, वहीं झामुमो भी इस बात की उलझन में है कि जिस महुआ माजी ने 2019 के मुकाबले में सीपी सिंह के सामने मजबूत चुनौती पेश की थी, क्या एक बार फिर से उसी महुआ माजी को मैदान में उतारा जाय.
2019 में महज छह हजार से सीपी सिंह को मिली थी जीत
आपको बता दें कि 2019 के मुकाबले में सीपी सिंह को 46.77 फीसदी मतों के साथ कुल 79,646 वोट मिला था. जबकि महुआ माजी को 43.31 फीसदी मत के साथ 73,742 मत आया था. साफ है कि मुकाबला बेहद कड़ा था, इसके पहले 2014 के मुकाबले में महुजा माजी को सीपी सिंह के हाथों करीबन 58 हजार मतों से पराजित होना पड़ा था. 2009 में सीपी सिंह का मुकाबला करते हुए कांग्रेस के प्रदीप तुलस्यान को महज 39,050 वोट मिले थें, जबकि 66,161 वोट हासिल कर सीपी सिंह ने जीत दर्ज की थी, साफ है कि 2014 से मुकाबले में उतरी महुआ माजी ने 2019 आते -आते मजबूत चुनौती पेश करनी शुरु कर दी थी और सीपी सिंह बामुश्किल 6 हजार से जीत दर्ज करने में सफल रहे थें.
राज्य सभा की सदस्यता का क्या होगा?
इस हालत में अब सवाल खड़ा होता है कि क्या झामुमो एक बार फिर से मुहआ माजी को मैदान में उतारेगी? इससे जुड़ा एक दूसरा सवाल यह भी है कि यदि महुआ माजी जीत दर्ज कायम करने में सफल हो जाती है, तो फिर राज्य सभा की सदस्यता का क्या होगा? क्या महुआ माजी विधायकी के लिए राज्य सभा की सदस्यता दांव पर लगायेगी? और नहीं तो फिर झामुमो का चेहरा कौन होने जा रहा है? क्या एक बार फिर से यह सीट कांग्रेस के खाते में आयेगी? लेकिन कांग्रेस तो खुद ही चेहरे के संकट से गुजर रही है, उसके पास रांची में कोई वैसा चेहरा नजर नहीं आता, तो क्या झामुमो के अंदर किसी मजबूत चेहरे की खोज शुरु हो चुकी है? जिस तरीके से शहरी मतदाताओं के बीच कल्पना सोरेन झामुमो का एक मजबूत चेहरा बन कर सामने आयी है, शहरी मतदाताओं के बीच कल्पना सोरेन की छवि निर्मित हुई है. उस हालत में झामुमो यह सीट कांग्रेस की झोली में डाल दे, इसके आसार दूर-दूर तक नजर नहीं आते. देखना होगा कि आने वाले दिनों में झामुमो किस चेहरे पर दांव लगाती है. बहुत संभव है कि इस बार भाजपा भी अपने चेहरे में बदलाव करें, इस हालत में यह मुकाबला दो नये चेहरे के बीच भी हो सकता है.
