विधान सभा चुनाव 2024: जामा में भाभी सीता की अग्नि परीक्षा! कौन होगा झामुमो का तुरुप का पत्ता

रांची: पांच महीने के बाद काल कोठरी से वापस निकल पूर्व सीएम हेमंत कल भोगनाडीह में एक नये उलगुलान की तैयारी में हैं. दावा किया जा रहा है कि इसी भोगनाडीह से जेल यात्रा के बाद आभार यात्रा की शुरुआत होने वाली है. यह आभार यात्रा राज्य के सभी 81 विधान सभाओं से होकर गुजरेगी. इसके माध्यम से हेमंत की गैरमौजूदगी में पार्टी को जो जन समर्थन मिला, उसका आभार व्यक्त किया जायेगा. इसके साथ ही जिन कारणों से, उन्हे काल कोठरी में कैद कर रखा गया, उसकी सच्चाई सामने लायी जायेगी. साजिश की वह परतें खोली जायेगी, जिसका ताना बून झूठे आरोपों का पिटारा खोला गया और आखिरकार कोर्ट ने  सभी आरोपों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि अब तक की जांच में ईडी पूर्व सीएम हेमंत के खिलाफ कोई मजबूत तथ्य प्रस्तूत करने में सफल नहीं हो पायी है. जिसके आधार पर मनी लांड्रिंग का प्रथम दृष्टया साक्ष्य बनता हो. हालांकि यह झामुमो का अपना वर्जन है. मामला अभी भी कोर्ट में है. हेमंत सोरेन को सिर्फ जमानत मिली है, आरोपों से मुक्त नहीं किया गया है. आज के दिन भी वह एक आरोपी हैं, जिसकी जांच चल रही है और अंतिम फैसला कोर्ट को ही करना है.

कोर्ट के फैसले से झामुमो और हेमंत को मोरल बूस्ट अप 

लेकिन इस जमानत से झामुमो और पूर्व सीएम हेमंत को एक मोरल बूस्ट अप जरुर मिला है. जिसकी झलक हेमंत के भाव भंगिमा और झामुमो के तेवरों में भी दिखालाई पड़ रही है और इस भाव-भंगिमा की असली अग्नि परीक्षा विधान सभा चुनाव में होनी है, जो सितम्बर के बाद किसी भी वक्त हो सकता है. यानि झारखंड की सियासत  विधान सभा चुनाव की ओर मुड़ चुकी है. सारे समीकरण और सियासी दांव इसी के इर्द-गिर्द बूने जा रहे हैं. यह आभार यात्रा भी इसी एक कड़ी है. हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में आदिवासी बहुल सभी सीटों पर जीत हासिल करने वाले महागठबंधन के सामने विधान सभा चुनाव में गैर आदिवासी बहुल सीटों पर परचम लहराने की चुनौती है, तो भाजपा के सामने लोकसभा चुनाव में गैर आदिवासी सीटों पर अपना जलबा दिखलाने के बाद विधान सभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों पर विजय पताका फहराने की चुनौती.  इस सियासी संघर्ष में बाजी किसकी हाथ लगती है, यह तो  विधान सभा चुनाव का परिणाम ही बतायेगा. लेकिन भाजपा-झामुमो के इस अग्नि परीक्षा के साथ ही एक और अग्नि परीक्षा उस सीता सोरेन की भी होनी है, जिनका विधान सभा उसी संताल में पड़ता है, जहां से कल देवर हेमंत एक नये उलगुलान का शंखनाद का दावा कर रहे हैं. 

झामुमो के सियासी जमीन पर सीता का सफर

अब तक तो सीता सोरेन झामुमो की सियासी जमीन पर खड़ा होकर जामा में विजय हासिल कर जाते थें. लेकिन इस बार पहली बार उनके साथ झामुमो की सियासी जमीन नहीं होगी. दिशोम गुरु का प्यार और देवर हेमंत और बसंत की कृपा दृष्टि नहीं होगी. सीता सोरेन की कूल जमा पूंजी उस भाजपा का जमीनी पकड़ होगा, जो संताल में पहले से ही बेहद कमजोर नजर आती है. लेकिन हम जिस जामा विधान सभा की बात कर रहे हैं, भाजपा की जमीन उस जामा में संताल के दूसरे विधान सभा की तुलना में बेशक कुछ मजबूत जरुर नजर आती है और उसका प्रमाण पिछले विधान सभा के नतीजें हैं.

जामा विधान सभा में चुनावी संघर्ष के आंकड़ें 

यहां याद रहे कि जामा  विधान सभा में झामुमो को पहली जीत 1980 में मिली थी, तब दीवान सोरेन ने मदन बेसरा को शिकस्त देते हुए यह सीट झामुमो के नाम किया था. 1985 में इस सीट पर खुद दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने मोर्चा खोला और जीत मिली. 1990 में झामुमो ने मोहरिल मुर्मू को मैदान मे उतारा और मोहरिल मुर्मू भी झामुमो का झंडा फहराने में सफल रही, फिर आया 1995 का चुनाव और इस बार गुरुजी ने पहली बार अपने बड़े बेटे दुर्गा सोरेन को मैदान में उतारने का फैसला किया. जामा की जनता ने दुर्गा सोरेन को भी वही प्यार दिया. 2000 के विधान सभा चुनाव  में भी इस सीट से दूर्गा सोरेन को जीत मिली,  दुर्गा सोरेन के मुकाबले में उतरे भाजपा के रविन्द्र मरांडी को महज 25,117 वोट से संतोष करना पड़ा, जबकि दुर्गा सोरेन को 41,165 वोट आया. 

2005 में पहला और अंतिम बार खिला था भाजपा कमल

लेकिन 2005 के मुकाबले में पहली बार सुनील सोरेन भाजपा का कमल खिलाने में सफल रहें. जिसके बाद आज भी भाजपा एक और जीत की इंतजार में है. यह जानना भी कम रोचक नहीं है कि यह वही सुनील सोरेन हैं, जिन्होंने 2005 में सीता सोरेन के पति दुर्गा सोरेन को जामा में पटकनी देने में कामयाबी हासिल की थी और इसी सुनील सोरेन के हाथों ससुर शिबू सोरेन को दुमका लोकसभा चुनाव में सियासी शिकस्त का सामना करना पड़ा था, इस बार भी सीता सोरेन के पहले भाजपा ने दुमका से सुनील सोरेन को ही उम्मीदवार बनाया था, लेकिन एक वक्त पर सुनील सोरेन को बेटिकट कर सीता सोरेन को मैदान में उतारा, इस प्रकार अपने पति दुर्गा सोरेन और ससुर शिबू सोरेन को सियासी मात देने वाले सुनील सोरेन को बेटिकट करने में सीता सोरेन कामयाब जरुर हुई,  2005 के उस मुकाबले में सुनील सोरेन को 44,073 वोट मिला था, वहीं दुर्गा सोरेन को 37,443 पर संतोष करना पड़ा था. इस बीच दुर्गा सोरेन की आकस्मिक मृत्यू हो गयी. दुर्गा सोरेन की मौत झामुमो के लिए बड़ा झटका था. इस संकट के बीच वर्ष 2009 में दिशोम गुरु ने दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन को मैदान में उतारने का फैसला किया. इस बार भी झामुमो को बड़े अंतर से जीत मिली. जहां सीता सोरेन को 38,550 वोट आया, वहीं भाजपा के मनोज कुमार सिंह को महज 25,844 वोट आया, लेकिन 2014 आते-आते यह मुकाबला नजदीकी बनता दिखने लगा. इस मुकाबले में सीता सोरेन को 53,250 वोट मिला, वहीं भाजपा के सुरेश मुर्मू को 50,944 वोट आया, यानि सीता सोरेन को मुश्किल से 2,306 से जीत मिली और 2019 में भी करीबन यही स्थिति रही. सीता सोरेन को 60,925 वोट मिले तो सुदेश मुर्मू को 58,499 वोट आया. यानि इस बार भी जीत हार का अंतर महज 2,426 वोट का रहा.

जामा में भी दिखा था पीएम मोदी का जादू

इन आंकड़ों को देख कर कोई भी कह सकता है कि जामा में भाजपा एक मजबूत सियासी जमीन पर खड़ी  है, लेकिन यह भी नहीं भूलना चाहिए कि ये आंकड़ें तब के हैं, जब देश की सियासत में पीएम मोदी की एंट्री हो चुकी थी. पूरे देश में पीएम मोदी का जलबा चलता दिख रहा था.  यानि यह भाजपा का सर्वोतम स्कोर था. आज की परिस्थितियां बदली हुई है. अब ना तो पीएम मोदी की हनक दिखलायी पड़ रहा है, और ना ही भाजपा के अंदर एकजुटता. जिस सीता को सामने लाकर भाजपा संताल में जादू की उम्मीद पाल रही थी, वह जादू ही उसके लिए एक बड़ी समस्या बनती नजर आ रही है. दुमका में अपनी हार का ठीकारा भाजपा नेताओं और विधायकों पर फोड़ कर सीता सोरेन पहले ही नाराजगी मोल ले चुकी है. इस हालत में विधान सभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता कितनी  मुस्तैदी के साथ सीता के साथ खड़ा नजर आयेगा, एक बड़ सवाल है. उपर से देवर हेमंत की गिरफ्तारी के बाद जिस तरीके के संताल और कोल्हान की सियासत बदलती नजर आ रही है, सीता सोरेन के सामने उन चुनौतियों से पार पाने की  गंभीर चुनौती होगी.

क्या सुदेश मुर्मू  को आगे कर सीता के सपने व्रजपात की तैयारी में है झामुमो

और इससे जुड़ा एक सवाल और भी है, जिस सुदेश मुर्मू को आगे कर भाजपा अपनी ताकत दिखलाती रही थी, इस बदली परिस्थिति में उस सुदेश मुर्मू की भूमिका क्या होगी, क्या सियासी हालात के मद्देनजर सुदेश मुर्मू  भी अपना नया ठिकाना खोजेंगे या फिर जामा के लिए झामुमो के पास कोई दूसरा तुरुप का पत्ता भी है? कुल मिलाकर भाभी सीता की सियासी गाड़ी फंसती नजर आ रही है, इस हालत में एक ही खेवनहार  दिखलायी पड़ता है, और वह कोई दूसरा नहीं, खुद देवर हेमंत है और यदि छोटा देवर बसंत चाहें तो भाभी सीता को इस बंद सुराग से  बाहर निकलाने  का रास्ता तलाश सकते हैं. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More