विधान सभा चुनाव 2024: जयराम की आंधी और कल्पना की हुंकार, कैसे खिल पायेगा मामा शिवराज का कमल?

रांची: झारखंड में भाजपा की वापसी के लिए केन्द्रीय आलाकमान ने मध्यप्रदेश जैसे आदिवासी बहुल राज्य में चार-चार बार सीएम की कुर्सी संभाल चुके शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा को मोर्चे पर तैनात कर चुनावी सरगर्मी तेज कर दी है. शिवराज सिंह की पहचान कुशल संगठनकर्ता की है, जो मुश्किल से मुश्किल हालात में भी अपना हौसला नहीं खोतें. पार्टी और संगठन में सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं. झारखंड जैसा राज्य, जहां भाजपा के अंदर आपसी गुटबाजी सरेआम है. उम्मीवारों के द्वारा अपनी हार का ठीकरा प्रदेश नेतृत्व पर फोड़ा जा रहा है, विधायक सांसद के उपर मुकदमा दर्ज कर रहा है. दलित जाति का विधायक ब्राह्ण जाति से आने वाले सांसद पर गुंडों को भेज कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप मढ़ रहा है. पार्टी कार्यकर्ता एक दूसरे का कुर्ता फाड़ने में मशगूल है. झारखंड भाजपा के अंदर कई भाजपा होने के दावे है. शिवराज सिंह का व्यापक अनुभव काम आ सकता है.
भाजपा की वापसी के सामने “कल्पना” की दीवार
लेकिन इसके साथ ही उन चुनौतियों को भी सामने रखने की जरुरत है, जो भाजपा की वापसी में दीवार बनती दिख रही है. जहां हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद कल्पना सोरेन आदिवासी समाज के बीच एक बड़ा चेहरा बन कर सामने आयी हैं. वहीं पहली बार झामुमो के अंदर से एक ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसका आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं के साथ ही शहरी और सामान्य जाति के मतदाताओं पर भी व्यापक प्रभाव है. फिलहाल झारखंड में किसी दूसरी पार्टी के पास ऐसा मास अपील वाला चेहरा नजर नहीं आता. निश्चित रुप से बाबूलाल मरांडी झारखंड के पहले सीएम और एक बड़ा आदिवासी चेहरा हैं. लेकिन कल्पना सोरेन के सामने वह फिका पड़ते नजर आते हैं. कल्पना सोरेन का मास अपील का वह दूर-दूर तक मुकाबला करते नजर नहीं आते. विधान सभा चुनाव में कल्पना सोरेन भाजपा की वापसी के खिलाफ एक मजबूत दीवार बनती दिखलायी दे सकती है.
गैर आदिवासी बहुल इलाकों में जयराम की आंधी
वहीं दूसरी ओर गैर आदिवासी इलाकों में जयराम की आंधी बहती दिख रही है. रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद लोकसभा चुनाव में जयराम की पार्टी का जो प्रदर्शन रहा और जिस प्रकार उसके उम्मीदवारों ने भाजपा झामुमो जैसे स्थापित पार्टियों के सामने मजबूत चुनौती पेश की, उसको पार पाना भी भाजपा की एक मुश्किल चुनौती होगी? जयराम महतो ने गिरिडीह में आजसू के चन्द्रप्रकाश चौधरी और झामुमो के मथुरा महतो की मौजदूगी में निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में ताल ठोकते हुए 3.5 लाख वोट लाकर एक कीर्तिमान स्थापित कर दिया. इस हालत में एक तरफ आदिवासी बहुल सीटों पर भाजपा को कल्पना सोरेन की लोकप्रियता से टकराना होगा, वहीं गैर आदिवासी बहुल सीटों पर जयराम की आंधी का सामना करना पड़ेगा, इस सियासी झंझावात के बीच उसे अपनी राह बनानी होगी और यही मामा शिवराज की अग्नि परीक्षा होगी.
आदिवासी समाज के बीच बाबूलाल मरांडी को लेकर विश्वनीयता का संकट
दूसरी मुश्किल उस बाबूलाल मरांडी को लेकर है, जिस चेहरे को आगे कर भाजपा चुनाव में जाने वाली है. शिवराज सिंह ने साफ कर दिया है कि विधान सभा चुनाव में पार्टी का चेहरा बाबूलाल मरांडी ही होंगे. लेकिन मुश्किल यह है कि 14 वर्षों के वनवास के बाद बाबूलाल ने घर वापसी तो कर ली, लेकिन उनके चेहरे के आसरे भाजपा की वापसी मुश्किल नजर आ रही है, और उसका कारण है आदिवासी समाज के बीच बाबूलाल मरांडी को लेकर विश्वनीयता का दिखता संकट. भले ही हेमंत सोरेन के उपर भ्रष्टाचार का आरोप हो, साहिबगंज में खनन घोटाला से लेकर भुंइहरी जमीन मामले में उनका नाम उछल रहा हो, लेकिन आज भी आदिवासी समाज हेमंत सोरेन के चेहरे में अपना नायक देख रहा है. जिन आरोपों का सामना हेमंत सोरेन कर रहे हैं, आदिवासी समाज को उन आरोपों में कोई तथ्य नजर नहीं आ रहा है, उसे यह सब कुछ भाजपा और बाबूलाल का दुष्प्रचार नजर आता है.
अब देखना होगा कि इन चुनौतियों के बीच मामा शिवराज कमल कैसे और कितना खिला पाते हैं, वर्तमान संख्या को बनाये रखने में कामयाब भर होते हैं या फिर सारे विध्न -बाधाओं को पार कर सत्ता में वापसी करवाने में कामयाब होते है. राजनीति में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, हालांकि एक सत्य यह भी है कि पूरे चुनाव में शिवराज सिंह की भूमिका तो महज एक मार्गदर्शक की होगी, असली लड़ाई तो बाबूलाल मरांडी के चेहरे पर ही होगा.
