विधान सभा चुनाव 2024- ‘ठाकुर’ डुबायेंगे महागठबंधन की नैया या चेहरा बदल कांग्रेस खेलेगी सामाजिक न्याय का कार्ड!

रांची: पिछले 16 दिनों में सीएम चंपाई ने 8 बड़ी घोषणायें कर झारखंड को चुनावी मोड में ला खड़ा किया है तो दूसरी तरफ पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बन कर सामने आए कल्पना सोरेन ने उस पलामू से विधान सभा चुनाव का शंखनाद करती नजर आ रही है, जिस पर अब तक झामुमो के अपेक्षाकृत राजद और कांग्रेस की मजबूत दावेदारी रही थी. जिस तरीके से हुसैनाबाद की सभा में कल्पना सोरेन ने पलामू जिला उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के साथ ही राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव का दायां हाथ माने वाले प्रदेश महासचिव जाकिर अली को झामुमो में शामिल करवाया. संकेत साफ है कि झामुमो को इस बात का एहसास हो चला है कि यदि भाजपा की वापसी रोकनी है तो उसे महागठबंधन के दूसरे घटक दलों पर निर्भरता कम करते हुए खुद ही मोर्चा संभालना होगा. लोक सभा चुनाव में जिस तरीके से कांग्रेस सात सीट पर अड़ी नजर आयी और राजद ने तो बगैर किसी सहमति के ही पलामू से  उम्मीदवार का एलान भी कर दिया, बावजूद इसके महागठबंधन के हाथ एक भी सीट नहीं आयी, जिन दो सीटों पर कांग्रेस को जीत भी मिली, उसका कारण इन सीटों पर आदिवासी समाज की बहुलता थी, जो आज के दिन स्वाभाविक रुप से झामुमो का जनाधार है, यानि कांग्रेस की इस सफलता के पीछे झामुमो का जनाधार था. सारे गैर आदिवासी सीटों से कांग्रेस, राजद और वाम दलों का एक बारगी सफाया हो गया. इस हालत में झामुमो के रणनीतिकारों का मानना है कि कांग्रेस हो या राजद सिर्फ उन्ही सीटों पर अपना परचम फहरा पाती है, जहां उसके साथ झामुमो का जनाधार होता है. इस हालत में झामुमो के लिए बेहतर होगा कि वह गैर आदिवासी इलाकों में अपनी सक्रियता का विस्तार कर एक मजबूत सियासी जमीन खड़ा करे, जिसका लाभ आखिरकार दूसरे घटक दलों को भी होगा.

कांग्रेस के पास पिछड़े चेहरे का अभाव

हुसैनाबाद में कल्पना सोरेन की एंट्री के बाद सिर्फ राजद की नींद ही नहीं उड़ी है, अंदरखाने कांग्रेस भी हलकान है, झामुमो के इस विस्तारवादी रुख से उसे अपनी बची-खुची जमीन भी खिसकती नजर आ रही है. लेकिन बड़ा सवाल है यह है कि आखिर झामुमो को यह रवैया अख्तियार क्यों करना पड़ा? तो उसका जवाब है कांग्रेस-राजद के पास मजबूत चेहरे का अभाव और संगठन का निष्प्रभावी होना. निश्चित रुप से राजद के पास तेजस्वी एक बड़ा चेहरा हैं, लेकिन झारखंड राजद के पास वैसा कोई दूसरा चेहरा नजर नहीं आता, जो अपने बूते राजद को मजबूती प्रदान कर सके, सब कुछ पटना से होता नजर आता है, संगठन की हालत भी बेहद खस्ता है. कांग्रेस जो झामुमो के बाद सबसे बड़ा घटक है, संगठन के नाम पर वहां भी सिर्फ गुटबाजी है. जिस पिछड़ा कार्ड को खेल कर भाजपा सफलता दर सफलता हासिल कर रही है, झारखंड कांग्रेस में कोई प्रभावी पिछड़ा चेहरा नहीं है. खुद प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर कितना प्रभावशाली है, पार्टी के अंदर से ही यह सवाल लगातार उठता रहा है.

पिछड़े चेहरे से कांग्रेस को मिल सकता है संगठन विस्तार

ध्यान रहे कि 26 फीसदी आबादी वाले आदिवासी समाज को हेमंत और कल्पना सोरेन में आज अपना चेहरा नजर आता है. भाजपा अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को आगे कर पिछड़ा कार्ड खेलने की तैयारी में है, जबकि राज्य की करीबन 16 फीसदी आबादी कुर्मी जाति पर जयराम से लेकर सुदेश महतो की दावेदारी तेज है, विधान सभा चुनाव में कुर्मी जाति भूमिका अहम होने वाली है, झामुमो के पास पहले से ही कई कुर्मी चेहरे भी है, लेकिन राजद-कांग्रेस के पास कुर्मी जाति का कोई चेहरा नहीं दिखता. कांग्रेस के इसी संकट में झामुमो को अपना विस्तार नजर आ रहा है, पलामू में जाकर आलोक कुमार सिंह को अपने पाले में करना इसी रणनीति का हिस्सा है. अब वह खुद ही अगड़ी जातियों को अपना साथ खड़ा कर कांग्रेस पर अपनी निर्भरता का खत्म करना चाहती है. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि क्या कांग्रेस आलाकमान को इस संकट की खबर नहीं है, या फिर प्रदेश नेतृत्व केन्द्रीय आलाकमान को गलत फीड बैक दे रहा है?  खबर है कि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने केन्द्रीय नेतृत्व को अपना फीड बैक दिया है, अब देखना होगा कि कांग्रेस आलाकमान क्या फैसला लेती है, लेकिन इतना तय है कि यदि विधान सभा चुनाव के पहले पहले कांग्रेस किसी पिछड़े चेहरे को आगे करती है, कुर्मियों की नाराजगी को दूर करने की कोशिश करती है तो पिछड़ी जातियों का एक हिस्सा उसके साथ खड़ा हो सकता है, जो कांग्रेस की सांगठनिक मजबूती के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है.

चेहरे के संकट के बीच भी 32 सीटों का दावा 

हालांकि चेहरे के इस संकट के बीच भी कांग्रेस विधान सभा की करीबन 32 सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक रही है, उधर राजद जो पिछले विधान सभा चुनाव में सात सीटों पर उम्मीदवार उतार कर एक सीट पर सिमट गयी थी, इस बार 30 सीटों पर दावेदारी करती नजर आ रही है. जबकि बदले सियासी हालात में झामुमो की रणनीति अधिक से अधिक सीटों पर खुद ही चुनाव लडऩे की है, लोकसभा चुनाव से सबक लेते हुए वह राजद कांग्रेस के खाते में सीट सौंप  हार का जाखिम नहीं लेना चाहती. दावा है कि झामुमो कम से कम 50 सीटों पर खुद चुनाव लडऩे की तैयारी में है, सबसे अधिक कटौती कांग्रेस की सीटों की होने वाली है. साफ है कि यदि कांग्रेस राजद को साथ रहना है, तो कुर्बानी के लिए तैयार रहना होगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More