विधान सभा चुनाव 2024: बड़कागांव से बढ़त बना भाजपा ने उड़ायी अम्बा की नींद! क्या पूरा होने वाला है रोशनलाल चौधरी का अधूरा सपना?

रांची: लोकसभा चुनाव के ठीक पहले जैसे ही बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी अखबारों की सुर्खियां बनी, सियासी गलियारों में इस बात पर मुहर लगती दिखी कि इस बार कांग्रेस इस युवा चेहरे को अखाड़े में उतार कर भाजपा का सबसे मजबूत किला में एक हजारीबाग को ध्वस्त करने की तैयारी में है. यह संदेश इसलिए भी पसरा, क्योंकि अम्बा प्रसाद के पिता और पूर्व विधायक योगेन्द्र साव बार-बार यह संकेत देने की कोशिश कर रहे थें कि इस बार भाजपा के लिए हजारीबाग आसान नहीं रहने वाला है. साफ है कि तब तक कांग्रेसी रणनीतिकारों और अम्बा के बीच कोई संवाद चल रहा था, अम्बा प्रसाद की सक्रियता तेज होती नजर आ रही थी, कभी वह पूर्व सांसद यशवंत सिन्हा से मुलाकात की तस्वीर जारी कर रही थी, तो कभी जन सम्पर्क की मुद्रा में दिख रही थी, लेकिन आखिरकार कांग्रेसी रणनीतिकारों ने दो खेल एक साथ किया.

फुस्स हुआ कांग्रेस का तुरुप का पत्ता

जहां एक खेल अम्बा प्रसाद के साथ हुआ, वहीं दूसरा भाजपा के साथ. संताल में सीता और कोल्हान में गीता तोड़ कर जश्न में मशगूल भाजपा के पाले से कद्दावर कुर्मी चेहरा टेकलाल महतो के पुत्र और मथुरा महतो का दामाद जेपी पटेल को अपना साथ लाकर भाजपा का रंग में भंग कर दिया. यह  दर्शाने की कोशिश हुआ कि ऑपरेशन सिर्फ भाजपा ही नहीं चलाती है, इसका एक पुराना और सिद्धहस्त खिलाड़ी कांग्रेस भी है. लेकिन जब इस खेल का परिणाम सामने आया, तब तक कांग्रेस बचाव की मुद्रा में थी, जिस जेपी पटेल को तुरुप का पत्ता बता कर मैदान में उतारा गया था, वह जेपी पटेल अपने भी विधान सभा में भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल के हाथों पिछड़ चुके थें, लेकिन इससे भी बड़ा आश्चर्य तब हुआ, जब बड़कागांव विधान सभा से जहां योगेन्द्र साव की तूती बोलती है, जेपी पटेल को 74548 को वोट मिला, जबकि मनीष जायसवाल के खाते में 133579 वोट आया. यानि जेपी पेटल तो जेपी पेटल, जिस अम्बा कांग्रेस की पहली पसंद थी, वह भी अपना किला बचाने में नाकामयाब रही.

अब कितना सुरक्षित है योगेन्द्र साव का किला?

अब इसके साथ ही सवाल विधान सभा चुनाव को लेकर भी खड़ा हो रहा है कि जो अम्बा प्रसाद अपना किला बचाने में नाकाम रही, वह विधान सभा चुनाव में वापसी कैसे कर पायेगी? बड़कागांव से भाजपा की बढ़त मनीष जायसवाल के चेहरे की लोकप्रियता हो या अंदरखाने किसी खेल का नतीजा, लेकिन यह संदेश तो चला ही गया कि योगेन्द्र साव का किला सुरक्षित नहीं है और यदि विधान सभा चुनाव का, यही वोटिंग पैटर्न रहा तो अम्बा प्रसाद की वापसी मुश्किल में पड़ सकती है. क्योंकि बढ़त कोई हजार दो हजार की नहीं है, 38 हजार की मजबूत लिड थी, विधान सभा चुनाव में इस अंतर को भर पाना एक मजबूत चुनौती होगी.

बड़कागांव विधान सभा का अब तक का चुनावी संघर्ष की एक झलक

आपको बता दें कि बड़कागांव विधान सभा कभी वामपंथियों का मजबूत किया हुआ करता था,1980,1985, और 1990 में सीपीआई के रमेन्द्र कुमार ने इस सीट से लगातार जीत दर्ज की थी, लेकिन 1995,2000 और 2005 में लोकनाथ महतो ने इस सीट पर लगातार भाजपा का कमल भी खिलाया. 2005 के मुकाबले में पहली बार कांग्रेस ने यहां से योगेन्द्र साव को मैदान में उतारा था, हालांकि उस मुकाबले में योगेन्द्र साव को जीत नहीं मिली, लेकिन लोकनाथ के 47,283 मुकाबले 30,902 वोट लाकर एक मजबूत  जमीन जरुर तैयार करने में सफलता प्राप्त की, जिसका लाभ उन्हे 2009 के मुकाबले में मिला, योगेन्द्र साव ने 38,683 वोट लाकर यह सीट कांग्रेस के नाम कर दिया, लेकिन भाजपा के लोकनाथ महतो ने भी 37,319 वोट लाकर यह साफ कर दिया कि आज भी यहां भाजपा की जमीन कमजोर नहीं हुई है. हार जीत अपनी जगह लेकिन भाजपा एक मजबूत जमीन पर खड़ी है. लेकिन 2014 आते-आते योगेन्द्र साव पर मुकदमों की बरसात हो चुकी थी, इस हालत में योगेन्द्र साव ने अपनी पत्नी निर्मला देवी को मैदान में उतारने का फैसला किया, जबकि भाजपा अपने इस मजबूत जनाधार वाली सीट को आजसू के खाते में दी चुकी थी. और आजसू ने इस सीट से रोशनलाल चौधरी को मैदान में उतारा, यह मुकाबला भी बेहद दिलचस्प रहा, आजसू ने भी मजबूत चुनौती पेश की, लेकिन किसी तरह निर्मला देवी यह सीट 411 वोट से निकालने में सफल रही, लेकिन जैसे ही 2019 में योगेन्द्र साव ने इस सीट से अपनी पत्नी निर्मला देवी के बजाय बेटी अम्बा प्रसाद को उतारने का फैसला किया, पूरी तस्वीर बदलती नजर आयी. रोशनलाल चौधरी के वोट में इजाफा तो हुया, लेकिन सबसे बड़ा उछाल कांग्रेस के वोट बैंक में देखने को मिला, जहां आजसू उम्मीदवार रोशनलाल चौधरी को अपने वोट को 67,348 ले जाने में सफल रहे, वहीं अम्बा प्रसाद ने 98,862 की लम्बी छलांग लगायी. 

योगेन्द्र साव के सियासी जमीन पर अम्बा प्रसाद ने खड़ा किया मजबूत किला

इस आंकड़े के साफ है कि भले ही अम्बा प्रसाद को पिता योगेन्द्र साव की ओर से सियासी जमीन मुहैया करवायी गयी हो, लेकिन अम्बा प्रसाद ने उस सियासी जमीन को अपने चेहरे के बूते एक किला में तब्दील कर दिया है, जिसे अब भेद पाना एक मुश्किल टास्क है और शायद अम्बा की यही लोकप्रियता है, जिसके कारण कई सियासी जानकार कांग्रेसी रणनीतिकारों के फैसले पर सवाल उठा रहे थें, उनका मानना था कि यदि कांग्रेस ने हजारीबाग से जेपी पेटल बदले अम्बा को मैदान में उतारा होता तो, आज परिणाम दूसरा होता, अंतिम समय में कांग्रेसी रणनीतिकारों ने अम्बा प्रसाद का पत्ता क्यों काटा, इसका जवाब तो कांग्रेसी रणनीतिकारें के पास ही होगा, लेकिन इतना निश्चित है कि अम्बा प्रसाद एक लोकप्रिय चेहरा है, युवाओं के बीच उसका क्रेज है, और वह जेपी पटेल की तुलना में एक मजबूत उम्मीदवार हो सकती थी. लेकिन फिर से वही सवाल, अपनी तमाम खुबियों और जमीनी पकड़ के बावजूद अम्बा अपने ही विधान सभा से कांग्रेस को बढ़त क्यों नहीं दिला सकी.

क्या विधान सभा चुनाव में तय है अम्बा की वापसी?

बड़कागांव में भाजपा की बढ़त मनीष जायसवाल की लोकप्रियता थी या किसी सियासी रणनीति का हिस्सा?  और यदि सियासी रणनीति का हिस्सा तो क्या विधान सभा चुनाव में इसका अम्बा की वापसी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला? या  फिर इस बढ़त से आजसू-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जिस उत्साह का संचार होता नजर आ रहा है, उससे योगेन्द्र साव के किले में दरार की गुजाइंश बन रही है? यहां यह भी याद रहें कि इस बार बड़कावगांव में जयराम की पार्टी ने भी सेंधमारी करने में सफलता प्राप्त की है. टाइगर जयराम की दस्तक बड़कागांव तक पहुंच चुकी है, अब  देखना होगा कि विधान सभा चुनाव में इसका असर किस रुप में सामने आता है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More