विस चुनाव 2024: डाल्टनगंज में किसका डंका! भाजपा में दावेदारों की फौज

रांची: बिहार के सीमावर्ती पलामू की सियासत में जाति का फैक्टर महत्वपूर्ण है. बात भले ही सामाजिक समरसता की हो, लेकिन हार और जीत की पटकथा जातीय विसात पर ही लिखी जाती है. हालांकि इसी पलामी की धरती से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने वर्ष 80, 90, 95, 2000, 2005 और 2007 का मध्यावधि चुनाव सहित कुल छह बार जीत का सेहरा बांध कर इसक मिथक को तोड़ा भी है. आज भले ही इंदर सिंह नामधारी सियासी अखाड़े से बाहर हो चुके हों, लेकिन मौजूदा समय में भी पलामू की सियासत में इंदर सिंह नामधारी को काफी सम्मान के साथ याद किया जाता है. खैर, इंदर सिंह नामधारी तो अब सियासी रुप से अतीत का हिस्सा हैं, सवाल वर्तमान के पन्नों को खंगालने की है.

आलोक चौरसिया या किसी दूसरे चेहरे पर दांव!

मौजूदा समय में भाजपा का परचम आलोक चौरसिया के पास है, लेकिन यहां यह भी याद रखना होगा कि आलोक चौरसरिया को डाल्टनगंज से पहली जीत बाबूलाल की पार्टी झाविमो के झंडे पर 2014 में मिली थी, लेकिन इस जीत के साथ ही आलोक चौरसिया भाजपा की सवारी कर बैठे.  जिन छह विधायकों ने बाबूलाल  मरांडी को गच्चा देते हुए रघुवर दास के नेतृत्व में कमल की सवारी किया था, उसमें एक चेहरा आलोक चौरसिया का भी थें. मौजूदा हालात में रघुवर दास झारखंड की सियासत से दूर ओडिशा के राजभवन में है और यहीं से  इस बार आलोक चौरसिया का टिकट को लेकर संशय की स्थिति बनती है. सियासी गलियारों में कई कहानी तैरती  सुनाई पड़ रही है. 

भाजपा के अंदर टिकट के दावेदारों की लम्बी फौज

विस चुनाव 2024: डाल्टनगंज में किसका डंका! भाजपा में दावेदारों की फौज
मेयर अरुणा शंकर ( फाइल फोटो)

दरअसल डाल्टनगंज सीट को लेकर भाजपा के अंदर दावेदारी की लम्बी फौज है, इसमें एक बड़ा नाम निवर्तमान मेयर अरुणा शंकर का है. अरुणा शंकर के पति आनन्द शंकर को बाबूलाल और रघुवर दास दोनों का ही काफी करीबी माना जाता है. इस बार बाबूलाल के सामने उस जख्म का बदला लेने का सुनहरा अवसर मौजूद है, जो जख्म आलोक चौरसिया ने रघुवर दास के साथ मिलकर सीने में दिया था. और यदि टिकट अरुणा शंकर के खाते में जाता है तो यह रघुवर दास को भी नागवार नहीं गुजरेगा. इसके साथ ही मनोज सिंह का नाम भी तेजी से सामने आ रहा है. बताया जाता है कि मनोज सिंह को भी भाजपा के कई दिग्गजों का वरदहस्त प्राप्त है. इधर के दिनों में मनोज सिंह की सक्रिया भी बढ़ती दिखलायी देने लगी है.  इस हालत में मौजूदा हालात में यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता कि इस बार आलोक चौरसिया पर ही कमल खिलाने की जिम्मेवारी होगी, हालांकि मौजूदा विधायक के नाते दावेदारी जरुर मजबूत होगी, लेकिन इसके साथ ही दो बार विधायक रहने का जो एंटी इनकम्बेंसी है. वह भी साथ में होगा, इस हालत में देखना होगा कि भाजपा के रणनीतिकारों का अंतिम दांव कहां लगता है और टिकट वितरण में बाबूलाल की कितनी चलती है और रघुवर दास की क्या भूमिका होती है.

केएन त्रिपाठी या दिलीप सिंह नामधारी कांग्रेस के अंदर मंथन जारी

विस चुनाव 2024: डाल्टनगंज में किसका डंका! भाजपा में दावेदारों की फौज
दिलीप सिंह नामधारी ( फाइल फोटो)

यदि बात हम कांग्रेस की करें तो यहां भी के. एन त्रिपाठी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं. वर्ष 2009 में केएन त्रिपाठी ने अंतिम बार पंजे को जीत दिलवायी थी, उसके बाद लगातार हार का सामना कर रहे हैं. इस हालत में कांग्रेस के अंदर भी  वैकल्पिक चेहरे की खोज शुरु हो चुकी है. इंदर सिंह नामधारी के बेटे दिलीप सिंह नामधारी कांग्रेस से टिकट के लिए प्रयासरत होने की खबर है. दिलीप सिहं ने वर्ष 2014 में निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में चुनाव लड़कर और 18872 वोट प्राप्त किया था. अपने प्रथम प्रयास में एक निर्दलीय उम्मीदवार का 18872 वोट प्राप्त करना, उसकी मजबूत सियासी जमीन का पुख्ता संकेत है. इस बात का सबूत है कि लोगों के बीच उसके चेहरे की स्वीकार्यता है. इस हालत में देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस एक बार फिर से अपने पुराने घोड़े पर दांव लगाती है या फिर हार दर हार के बाद नये चेहरे को मौका देती है. 

चुनाव दर चुनाव बढ़ता हार-जीत का फासला

विस चुनाव 2024: डाल्टनगंज में किसका डंका! भाजपा में दावेदारों की फौज
केएन त्रिपाठी ( फाइल फोटो)

जहां तक केएन त्रिपाठी की बात है तो वर्ष 2014 में तो ठीक ठाक वोट प्राप्त किया था, जहां आलोक चौरसिया को 59,202 के साथ जीत की वरमाला मिली थी, वहीं 54,855 के साथ केएन त्रिपाठी को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. लेकिन वर्ष 2019 आते-आते आलोक चौरसिया ने के.एन त्रिपाठी को काफी पीछे छोड़ दिया. जहां 103,698 के साथ आलोक चौरसिया को जीत का तोहफा मिला, वहीं केएन त्रिपाठी को 82,181 के साथ एक बार फिर से दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. यानि वर्ष 2014 में हार जीत का जो अंतर 4,347 का था तो वर्ष 2019 में आते-आते वह 21,517 का हो गया. यह आंकड़ा ही अपने आप में इस बात का सबूत है कि यदि कांग्रेस को वापसी करनी है तो उसे किसी नये घोड़े की सवारी करनी होगी और शाय़द यही कारण है कि पिछले कुछ महीनों में अचानक से दिलीप सिंह नामधारी की चर्चा तेज हुई है. दावा किया जा रहा है कि दिल्ली तक जुगत लगा रहे हैं, हालांकि दिल्ली दरबार में केएन त्रिपाठी की पकड़ भी मजबूत है. इसका सबूत चतरा लोकसभा का चुनाव है, जब वह अचानक से दिल्ली से टिकट लेकर चतरा के अखाड़े में उतर गये थें, लेकिन यहां सवाल उस साख है, जो वर्ष 2009 के बाद की परिस्थितियों में ढहता नजर आया है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More