विस चुनाव 2024: गढ़वा की बाजी किसके हाथ! एक और पलटी की तैयारी में गिरिनाथ!

रांची: राजधानी रांची के सियासी गलियारों में गढ़वा के पूर्व विधायक और राजद के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे गिरिनाथ सिंह की एक और सियासी पलटी की चर्चा जोरों पर है. हालिया कुछ वर्षों में गिरिनाथ सिंह लगातार अपनी पलटी से गढ़वा की सियासत को हिचकोले देते रहे हैं.  वर्ष 2014 में राजद के साथ अपनी लम्बी पारी को विराम देते हुए भाजपा का दामन थामा. लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा को झटका देते हुए एक बार फिर से राजद में शामिल हुए थें, उनकी इस पलटी को घर वापसी बताया जा रहा था. मंशा चतरा से चुनाव लडऩे की थी. लेकिन चतरा की सीट महागठबंधन के तहत कांग्रेस के कोटे में गयी और जिस टिकट की आस में भाजपा को बाय-बाय किया था, वह चाहत राजद में भी पूरी नहीं हुई. अब एक बार फिर से सियासी गलियारों में पलटी की चर्चा जोरों पर है. इसका कारण है गढ़वा विधानसभा चुनाव. गिरिनाथ सिंह गढ़वा से चार बार के विधायक रहे हैं और चाहत पांचवी बार विधानसभा पहुंचने की है.

गिरिनाथ सिंह का पुश्तैनी किला

गढ़वा गिरिनाथ सिंह का पुराना किला रहा है. पिता गोपीनाथ सिंह भी 1962 और 1969 में जनसंघ के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं. बाद के दिनों में इंदर सिंह नामधारी के नेतृत्व में गठित सम्पूर्ण क्रांति दल का भी हिस्सा बने और 1985 और 1990 में गढ़वा से निर्वाचित हुए. खुद गिरिनाथ सिंह की सियासी पारी की शुरुआत वर्ष 1993 के उपचुनाव से होती है. 1993 में जनता दल के टिकट पर चुनाव जीत कर पहली बार विधान सभा पहुंचे, 1995 और 2000 में जनता दल और राजद के टिकट पर पचरम लहराया, अंतिम जीत 2005 में मिली. वर्ष 2009 में झाविमो के सत्येन्द्रनाथ तिवारी के हाथों हार का सामना करना. और इस हार के साथ ही राजनीतिक पराभव की शुरुआत होती है. वर्ष 2014 आते-आते सत्येन्द्रनाथ तिवारी झाविमो झोड़ भाजपा की सवारी कर चुके थें और इस बार भी गिरिनाथ सिंह के हिस्से हार का प्रसाद आया. 2019 में पहली बार गढ़वा से झामुमो को जीत मिली और मंत्री मिथिलेश ठाकुर हेमंत सरकार में मंत्री पद को सुशोभित कर रहे हैं. 

विस चुनाव 2024: गढ़वा की बाजी किसके हाथ! एक और पलटी की तैयारी में गिरिनाथ!
पूर्व विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी (फाइल फोटो)

झामुमो का बंद दरवाजा खोलने की तैयारी

बाबजूद इसके सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि इस बार गिरिनाथ सिंह झामुमो का हिस्सा बन सकते हैं. हालांकि इस दावे का किसी के पास कोई पुख्ता सबूत नहीं है, सारी कहानी और दावे सूत्रों पर आधारित हैं. लेकिन जिस तरीके से गिरिनाथ सिंह गढ़वा की सियासत में फंसे हुए हैं, 2005 के बाद एक अदद जीत की तलाश है. वह किसी का भी झंडा उठाने को तैयार है, बशर्ते की जीत की थोड़ी सी भी उम्मीद हो. मुश्किल यह है कि भाजपा के अंदर भी कोई वैकेंसी नहीं है. सत्येन्द्रनाथ तिवारी झंडा उठाये हुए हैं, तो झामुमो के अंदर मिथिलेश ठाकुर की चुनौती है. जिस राजद का फिलहाल हिस्सा हैं. सीटिंग-गेटिंग फार्मूले के तहत यह सीट उसके हिस्से आनी नहीं है. कुल मिलाकर गिरिनाथ सिंह सियासी विकल्पहीनता के शिकार हैं. इस हालत में अगला पड़ाव कहां होगा, इसकी ठीक-ठीक भविष्यवाणी करना मुश्किल है. कहीं भी कोई सियासी ठिकाना नजर नहीं आ रहा. झामुमो और भाजपा में तो कोई गुंजाईश नहीं बनती है और राजद के हिस्से सीट आनी नहीं है. बावजूद इसके यदि कोई चमत्कार हुआ और गिरिनाथ सिंह झामुमो की सवारी करने में सफल रहते हैं तो मिथिलेश ठाकुर के लिए एक बड़ा झटका होगा.

रंका को अनुमंडल और डंडा को प्रखंड बनाने का श्रेय

हालांकि फिलहाल रंका को अनुमंडल और डंडा को प्रखंड बनाने का श्रेय को लेकर गिरिनाथ सिंह का स्थानीय स्तर पर झामुमो नेताओं के साथ तू-तू-मैं की स्थिति भी बनी हुई है. गिरिनाथ सिंह रंका को अनुमंडल बनाने का श्रेय अपने सिर पर लेना चाहते हैं, लेकिन झामुमो के स्थानीय नेता गिरिनाथ सिंह को यादास्त ठीक करने की सलाह दे रहे हैं. उनका दावा है कि रंका को अनुमंडल बनाने का श्रेय झामुमो को जाता है, 2008 में तात्कालीन सीएमम शिबू सोरेन के कर कमलों इसकी आधारशीला रखी गयी थी. लेकिन इस टकराव के बीच भी झामुमो का दामन थामने की भी खबर फैल रही है.

क्या है सामाजिक समीकरण

आपको बता दें कि गढ़वा विधान सभा में करीबन 30 हजार ब्राह्मण, 35 हजार मुस्लिम, 25 हजार वैश्य और करीबन 17 हजार खरवार जाति है. इसके साथ ही दूसरी सामान्य जातियां और दलित जातियों की अच्छी खासी संख्या है. हार जीत में ब्राह्मण और मुस्लिम मतदाताओं का अहम रोल होता है. इस हालत में देखना होग कि गिरिनाथ सिंह इस बार किस समीकरण को साधने की कोशिश करते हैं, क्योंकि यदि ब्राह्मण मुस्लिम कार्ड चला तो मिथिलेश ठाकुर से सामने एक बार फिर से परचम फहराने का अवसर होगा, और यदि दूसरी सभी जातियां इनके खिलाफ गोलबंद होने में सफल रहती है तो फिर सत्येन्द्रनाथ तिवारी की वापसी भी हो सकती है, इन दोनों के बीच गिरिनाथ सिंह की गाड़ी कितनी आगे बढ़ती है, यह देखने वाली बात होगी. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More