विधान सभा चुनाव 2024: बाधमारा का टाइगर कौन? कोयलांचल टाइगर के सामने कमल खिलाने की चुनौती!

रांची: सियासत की आड़ी-तिरछी चालों को समझना कभी भी इतना आसान नहीं रहा, लोकसभा चुनाव के बीच जैसे ही तीन बार के सांसद पीएन सिंह की विदाई करते हुए भाजपा ने कोयलांचल टाइगर बाधमारा विधायक ढुल्लू महतो को अखाड़े में उतारने का फैसला किया, टाइगर जयराम ने इसे अपनी सियासी सफलता से जोड़ते हुए दावा किया भाजपा का यह ह्दय परिवर्तन खतियान आंदोलन का कारण सामने आये सियासी बेबसी नतीजा है. यदि झारखंड और झारखंडीयत के सवाल को झारखंडी सियासत में विमर्श का हिस्सा नहीं बनाया गया होता, तो आज भी धनबाद के आदिवासी-मूलवासी समाज पर पीएन सिंह जैसे बाहरी चेहरे का राज होता. इस सियासी घमसान के बीच एक वक्त ऐसा भी आया, जब टाइगर जयराम के उपर ढुल्लू महतो के समर्थन का आरोप भी लगा, दावा किया गया कि कांग्रेस की ओर से अनुपमा सिंह को अखाड़े में उतारने के बाद जयराम ने अपने साथियों को ढुल्लू महतो को समर्थन का संदेशा भेजा था. ताकि धनबाद की सियासत से बाहरी चेहरों के वर्चस्व को समाप्त किया जा सके, भले ही इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा के ढुल्लू महतो को ही समर्थन देने की रणनीति ही क्यों नहीं अपनानी पड़े, आखिरकार ढुल्लू महतो, है तो एक खतियानी चेहरा. अब इस आरोप में कितनी सच्चाई और कितना फसाना है, यह एक जूदा विषय है, लेकिन इतना तय है कि सरयू राय का ढुल्लू महतो पर किया गया एक-एक बार पिछड़ी जातियों को धुर्वीकरण के लिए मजबूर कर गया, तमाम प्रयोग असफल रहें और एक हद तक अगड़ी जातियों के नाराजगी के बावजूद ढुल्लू महतो का झंडा बुलंद हुआ, हालांकि इस जीत में ढुल्लू महतो का अपना चेहरा कितना काम आया और भाजपा के झंडे से कितना सहयोग मिला, धनबाद की सियासत में पहली बार यह सवाल भी उमड़ता दिखा.
लोकसभा चुनाव समाप्त, बाधमारा के जंग में बाजी किसके हाथ?
अब लोकसभा चुनाव समाप्त हो चुका है, सियासी दलों के बीच हार जीत की समीक्षा अभी भी जारी है, खास कर गैर आदिवासी बहुल सभी पांच सीटों से सफाये के बाद झारखंड कांग्रेस के अंदर से नेतृत्व परिवर्तन की मांग तेज होती दिख रही है, और इधर आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के कारण भाजपा के अंदर बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व भी कटघरे में है. लेकिन हम यहां चर्चा उस बाधमारा विधान सभा की कर रहे हैं, जिसका नेतृत्व ढुल्लू महतो के पास था, अब वह विधायक से सासंद बन दिल्ली पहुंच चुके हैं और आने वाले चंद महीनों में विधान सभा की रणभेरी बजने वाली है.
कैसा रहा ढुल्लू महतो का अब तक का सियासी सफर
आपको याद दिला दें कि ढुल्लू महतो ने बाधमारा में पहली जीत भाजपा के बजाय बाबूलाल मरांडी की अगुवाई वाले झारखंड विकास मोर्चा, प्रजातांत्रिक के बनैर तले की थी. हालांकि अपनी इस जीत बाद वह कमल की सवारी कर बैठे, और 2014 और 2019 में लगातार जीत दर्ज की. इस हालत में साफ है कि बाधमारा में भजापा के बजाय ढुल्लू महतो का अपना चेहरा कहीं ज्यादा लोकप्रिय है. यह ठीक है कि भाजपा के बनैर से इस चेहरे को मदद मिलती है, लेकिन यह भी तय है कि ढुल्लू महतो को किनारा कर भाजपा यहां कोई बड़ा प्रयोग करने की स्थिति में भी नहीं है, इस हालत में आने वाले विधान सभा में बाधमारा में कमल खिलाने की चुनौती, ढुल्लू महतो के कंधों पर ही होगी. हालांकि इस बीच यह देखना भी महत्वपूर्ण होगा कि परिवारवाद के सवाल पर दूसरी पार्टियों को कटघरे में खड़ा करने वाली भाजपा का बाधमारा से चेहरा कौन होगा? क्या वह चेहरा ढुल्लू महतो के परिवार से अलग होगा या फिर परिवार के चेहरे पर भी कमल की मुहर लगेगी?
कोयलांचल टाइगर के गढ़ में टाइगर जयराम ने हासिल किया 46272 वोट
यहां यह भी याद रखने की जरुरत है कि भले ही गिरिडीह के मुकाबले में 3.5 लाख वोट लाने के बावजूद टाइगर जयराम के हिस्से में सियासी शिकस्त आया हो, लेकिन कोयलांचल के टाइगर का गढ़ बाधमारा विधान सभा से 46272 वोट निकाल कर आने वाले सियासी तूफान का संदेश जरुर दे दिया है. खबर है कि इस बार जयराम बाधमारा विधान सभा से अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं. हालांकि वह चेहरा कौन होगा, फिलहाल उसकी तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन जयराम जिस तरीके से सामाजिक समीकरणों को साधते हुए आगे बढ़ रहे हैं, उस हालत में साफ है कि पिछड़ा बहुल बाधमारा में चेहरा किसी ना किसी पिछड़ी जाति से ही होगा. जबकि कांग्रेस की ओर से 2005 से लगातार ढुल्लू महतो के हाथों शिकस्त का सामना कर रहे जलेश्वर महतो का मैदान में उतरना तय माना जा रहा है. इस हालत में इस बार बाधमारा का मुलाबला त्रिकोणीय हो सकता है.
ढुल्लू महतो के खिलाफ बाधमारा में एंटी इनकंबेंसी
भले ही ढुल्लू महतो को धनबाद से जीत हासिल कर संसद पहुंचने में कामयाबी हासिल हुई हो, लेकिन बाधामारा में उनके खिलाफ एक एंटी इनकंबेंसी भी है, इसकी झलक 2019 के मुकाबले में भी देखने को मिली थी, और वह जलेश्वर महतो से किसी तरह महज 824 वोट से चुनाव निकालने में सफल रहे थें. जबकि 2014 और 2009 के मुकाबले में वह इसी जलेश्वर महतो को 30 और 20 हजार से मात देने में कामयाब रहे थें. साफ है कि ढुल्लू महतो की लोकप्रियता का ग्राफ नीचे गिरा है, यही भाजपा की चुनौती है. इस हालत में बड़ा सवाल यह है कि इस बार, जबकि बाधमारा के मुकाबले से खुद ढुल्लू महतो का चेहरा गायब होगा, हालांकि बहुत संभव है कि ढुल्लूू महतो के परिवार से भाजपा अपना उम्मीदवार बनायेगी, जबकि दूसरी तरफ जलेश्वर महतो और टाइगर जयराम की पार्टी से चेहरा होगा, बाजी किसके हाथ होगी? निश्चित रुप से पहली बार बाधमारा का मुकाबला त्रिकोणीय शक्ल अख्तियार करने जा रहा है. इस हालत में सियासी परिणाम क्या होगा? क्या धनबाद फतह के बाद बाधमारा में ढुल्लू महतो की गिरती लोकप्रियता पर विराम लगेगा या फिर ढुल्लू महतो की अनुपस्थिति में जलेश्वर महतो की चाहत पूरी होगी या फिर इस त्रिकोणीय मुकाबले में जयराम की एंट्री होगी.
बाधमारा के अखाड़े में कौन होगा जयराम का चेहरा?
दरअसल यह बहुत कुछ इस बात पर भी निर्भर करेगा कि बाधमारा के अखाड़े में जयराम का चेहरा कौन होता है. यदि जयराम ने कुर्मी महतो चेहरे पर दांव लगाया तो जलेश्वर महतो और जयराम के बीच कुर्मी वोटों का बंदरवाट का खतरा भी होगा, जबकि दूसरी ओर ढुल्लू महतो को तेली और दूसरी वैश्य जातियों का वोट मिलेगा. लेकिन क्या इसी के सहारे बाधमारा में इस बार फिर से कमल खिल जायेगा? बड़ा सवाल यह है कि इस बार बाधमारा में अगड़ी जातियों का रुख क्या होगा? जिस तरीके से ढुल्लू महतो के चेहरे के सवाल पर धनबाद में अगड़ा पिछड़ा संघर्ष होता दिखा, क्या बाधमारा में वही अगड़ी जातियां भाजपा के बैनर के कारण ढुल्लू महतो के साथ खड़ी नजर आयेगी? और यदि ऐसा होता है तो एक बार फिर से बाधमारा में कमल खिलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन यदि बदले हालात में कुर्मी जाति का रुख जयराम की ओर होता है,और इसके साथ ही अल्पसंख्यक समाज का एक हिस्सा साथ आ खड़ा होता है, जैसा की गिरिडीह लोकसभा चुनाव में देखने को मिला, तो टाइगर जयराम कोयलांचल टाइगर के घर में ही अपना जलवा दिखलाने में कामयाबी हासिल कर सकते हैं, लेकिन तमाम समीकरणों के बावजूद यह याद रखने की जरुत है कि वर्ष 2019 में जलेश्वर महतो को महज 824 मतों से हार मिली थी.
