नाला विधान सभा चुनाव 2024- रवीन्द्रनाथ महतो की वापसी या सत्यानंद झा खिलायेंगे कमल
.jpg)
रांची– हर गुजरते दिन के साथ विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है. सियासी दलों के बीच दंगल में जाने के पहले नये नारों के शक्ल में तीर कमान की खोज जारी है. पुराने हथियारों को भी नया रंग रौदन किया जा रहा है. घिस चुके नारों और मुद्दों में नयी धार देने की कोशिश जारी है. कुछ यही हालत राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा की भी है. हालांकि इन तमाम कोशिशों के बावजूद भी संताल और कोल्हान आज भी भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती है. संताल झामुमो को वह किला है, जिसे भेद पाना भाजपा के लिए मुश्किल साबित हो रहा है. गोड्डा, देवघर, सारठ और राजमहल पर भाजपा तो जरमुंडी, महागामा, पोड़याहाट, पाकुड़ और जामताड़ा पर कांग्रेस का परचम है, जबकि बाकि की नौ सीटों दुमका, जामा, शिकारीपाड़ा, लिट्टी पाड़ा, महेशपुर, बोरियो, बरहेट (सभी अनुसूचित जन जाति के लिए आरक्षित) के साथ मधुपुर और नाला जैसी सामान्य सीट पर भी झामुमो का झंडा फहर रहा है. यानि संताल परगना के कुल 18 में से आज के दिन कांग्रेस और झामुमो को कब्जा है.लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को संताल से निराशा हाथ लगी. राजमहल के साथ ही इस बार उसके हाथ से दुमका भी निकल गया. सीता सोरेन के पालाबदल के बावजूद भी संताल की धरती से कमल का सफाया हो गया.
संताल की धरती से कमल साफ, लेकिन लड़ाई जारी है

बावजूद इसके झामुमो के इस किले को ध्वस्त करने की कोशिश जारी है, हार के बाद हार के बावजूद भाजपा हथियार डालने को तैयार नहीं है. इसी रणनीति के एक नयी धार के साथ बांग्लादेशी घुसैपठिया का सवाल को फिर से खड़ा किया जा रहा है, हालांकि इसी बांग्लादेशी घुसपैठिया के नारे बावजूद लोकसभा चुनाव में सफाया हुआ था. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल हो या नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी या फिर चुनाव प्रभारी का दायित्व संभाल रहे हिमंता विस्व सरमा और शिवराज सिंह चौहान, हर किसी का मुख्य फोकस बांग्लादेशी घुसपैठिया है.
आसान नहीं है नाला में कमल का खिलना
झामुमो के इसी अभेद किले में एक विधान सभा नाला भी आता है, फिलहाल यहां से विधान सभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो विधायक हैं. यदि सब कुछ सामान्य रहा तो इस बार भी भाजपा की ओर से रवीन्द्रनाथ महतो का रास्ता रोकने की जिम्मेवारी पुराने सिपाही सत्यानंद झा पर होगी. सत्यानंद झा इसके पहले वर्ष 2009 में रवीन्द्रनाथ महतो पटकनी दे कमल खिला चुके हैं. दोनों के बीच सियासी संघर्ष काफी पुराना है. वर्ष 2000 से नाला में पांच विधान सभा का चुनाव संपन्न हुआ है. जिसमें तीन बार झाममो, एक बार भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी और एक बार भाजपा को सफलता हाथ लगी है. यानि ट्रैक रिकार्ड के हिसाब से नाला विधान सभा भाजपा के लिए एक चुनौती पूर्ण सीट है. बावजूद इसके सियासत में कब कौन सी गोटी चल जाय और जीती हुई बाजी हार में तब्दील हो जाय, इसकी पुख्ता भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है. भले ही रवीन्द्रनाथ महतो जीत का परचम फहराते रहे हैं, लेकिन भाजपा भी मजबूत चुनौती देती रही है.
अब तक के चुनावी संघर्ष की एक झलक
यदि हम वर्ष 2000 से इसकी शुरुआत करें तो 20,324 मतों के साथ जीत की वरमाला भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के विशेश्वर खान के पास गयी थी, जबकि 19,690 के साथ रवीन्द्रनाथ महतो तो दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. तब भाजपा के सत्यानंद झा को 16,339 मतों के साथ चौथे स्थान पर सिमटना पड़ा था. जबकि कांग्रेस की ओर से अखाड़े में उतरी राजकुमारी हिम्मत को 17,752 मत के साथ तीसरा स्थान मिला था. यानि वर्ष 2000 में इस सीट पर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी, झामुमो, कांग्रेस और भाजपा का संयुक्त शक्ति प्रर्दशन हुआ था, लेकिन जीत की बाजी भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के विशेश्वर खान के हाथ लगी थी.
2005 में रवीन्द्रनाथ महतो का लम्बा छलांग
लेकिन वर्ष 2005 में झामुमो की ओर से रवीन्द्रनाथ महतो ने लम्बी छंलाग लगाई और 30,847 मतों के साथ इस सीट को अपने नाम कर लिया. जबकि भाजपा के सत्यानंद झा ने अपने प्रर्दशन में सुधार करते हुए 16,339 से अपना आंकड़ा आगे बढ़ाते हुए 29,725 तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की. वर्ष 2000 में जीत का परचम फहराने वाले विशेश्वर खान को इस बार 24,493 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. लेकिन आखिरकार 2009 के मुकाबले में सत्यानंद झा नाला में कमल खिलाने में कामयाब रहें. 38,119 वोटों के साथ सत्यानंद झा के हिस्से जीत की वरमाला मिली, जबकि 34,171 के साथ रवीन्द्रनाथ महतो को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. इस बार भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने विशेश्वर खान के बदले कनाईचन्द्र माल पहाड़िया पर दांव लगाया, लेकिन कनाईचन्द्र को 19,014 पर सिमटना पड़ गया.
जारी है रवीन्द्रनाथ महतो का जलबा
वर्ष 2014 में एक बार फिर से रवीन्द्रनाथ महतो ने 56,131 वोट के साथ यह सीट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की, जबकि 49,116 के साथ सत्यानंद झा दूसरे स्थान पाने में कामयाब रहें. लेकिन इसी मुकाबले में नाला में बाबूलाल की पार्टी झाविमो की दमदार एंट्री भी होती है. बाबूलाल की ओर से मैदान में उतरे माधव चन्द्र महतो ने 20,970 वोट के साथ मजबूत दस्तक दी और एक हद तक भाजपा की हार की वजह भी बनें. वर्ष 2019 में रवीन्द्रनाथ महतो ने एक बार फिर से अपनी शानदारी वापसी की. 61,356 वोट के साथ लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने में कामयाब रहें. भाजपा की ओर से एक बार फिर से मोर्चा संभाल रहे सत्यानंद झा को इस बार भी 57,836 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के कनाईचन्द्र माल पहाड़िया को इस बार तीसरा स्थान मिला, जबकि वर्ष 2014 में बाबूलाल की ओर से मोर्चा संभालने वाले माधव चन्द्र महतो ने पाला बदल करते हुए आजसू का दामन थाम लिया. बावजूद इसके 16,778 के साथ चौथे स्थान पर सिमटना पड़ा.
झामुमो के हाथ में ब्रह्मास्त्र के बाद निशिकांत ने थमाया सुदर्शन चक्र

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस बार क्या होगा, क्या सत्यानंद झा एक बार फिर से कमल खिलाने में कामयाब होंगे? लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रर्दशन को देखते हुए इसकी उम्मीद नहीं बंधती, संताल के फिजाओं में इन दिनों जो हवा चल रही है, वह भाजपा के अनुकूल नजर नहीं आयी. हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का बाद झामुमो के हाथ में वैसे ही ब्रह्मास्त्र हाथ लगा चुका था. जिसकी झलक लोकसभा चुनाव में देखने को मिली, उपर से अब कल्पना सोरेन पांच वर्ष और पांच महीने का सवाल जिस तल्खी से उछाल रही है, यह सवाल दाग रही है कि हेमंत सोरेन के उन पांच महीनों को गुनाहगार कौन है? किस जुर्म में एक आदिवासी सीएम को जेल की दीवारों में कैद किया गया, क्या उसका आदिवासी होना ही गुनाह था? क्या भाजपा और उसकी लूट की नीतियों के खिलाफ सिर उठाना ही उसका जुर्म था? और इस सबके बीच गोड्डा सांसद निशिकांत ने संताल को झारखंड से अलग कर केन्द्र शासित प्रदेश बनाने की मांग कर पहले से ही मुश्किलों में फंसी भाजपा की चुनौतियां और भी बढ़ा दी है. आदिवासी-मूलवासी समाज में अचानक से झारखंडी अस्मिता सवाल हलोरें मारने लगा है. यानि झामुमो के पास हेमंत की गिरफ्तारी का ब्रह्मास्त्र तो पहले से ही था, निशिकांत के इस बयान के बाद उसके हाथ सुदर्शन चक्र भी हाथ लग गया है. इस हालत में कमल खिलेगा या झामुमो का परचम लहरायेगा, देखने वाली बात होगी.
