विस चुनाव 2024: ईचागढ़ में फंसा आजसू भाजपा का कांटा! हरेलाल या साधु चरण कौन होगा एनडीए का चेहरा

रांची: विधान सभा चुनाव की औपचारिक घोषणा में भले ही अभी कम दो माह की देरी हो, लेकिन सियासी दलों के अंदर अपने-अपने प्यादों की खोज जारी है, इन सियासी पहलवानों को आहिस्ते-आहिस्ते मोर्चे पर खड़ा करने की शुरुआत हो चुकी है, तो कई सीटों पर बदले सियासी हालात में नये सिपहसलारों की खोज भी जा रही है, और इस इस सबके बीच वह चाहे इंडिया गठबंधन हो या एनडीए का कुनबा, घटक दलों के अंदर अपने अपने सीटों की संख्या में बढ़ोत्तरी और मन-माफिक सीट पर दावेदारी की जोर आजमाईश भी जारी है. कई सीटों पर सहयोगी दलों  के अंदर से भी टकराव की खबरें आ रही है. कुछ यही स्थिति रांची लोकसभा संसदीय सीट का हिस्सा और सरायकेला-खरसांवा जिले में स्थित इचागढ़ विधान सभा को लेकर आजसू और भाजपा के बीच देखने को मिल रही है. 

हरेलाल महतो को मैदान में उतराने का एलान 

दरअसल विधान सभा चुनाव 2024 को लेकर अभी तक आजसू-भाजपा के बीच में सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है. अंदरखाने खबर यह है कि भाजपा इस बार भी आजसू को वर्ष 2014 के समझौते की तरफ 8 सीटों पर निपटाना चाहती है, दूसरी तरफ आजसू 2019 के मुकाबला में अपनी वोट फीसदी का हवाला देते हुए कम से दो दर्जन सीटों पर दावेदारी ठोक रही है. सीट शेयरिंग के इसी पेंच में आजसू भाजपा गठबंधन के बीच रिश्तों में खटास के दावे भी किये जा रहे हैं, हालांकि दोनों ही दलों के द्वारा इस तरफ की सारी खबरों को भ्रामक बताया जा रहा है, आजसू भी अपने आप को एनडीए का सदाबहार सहयोगी बता रही है, लेकिन इसके साथ ही सात से आठ सीटों सहमति की खबरों पूरजोर तरीके खारिज भी कर रही है. सीट शेयरिंग की माथापच्ची के बीच आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने इचागढ़ विधान सभा से हरेलाल महतो को मैदान में उतराने का एलान भी कर दिया, साथ ही कार्यकर्ताओं से सारे दांवों की अनसुनी करते हुए जीत के लिए काम करने का आह्वान भी कर दिया, इसके पहले सुदेश महतो ने हुसैनाबाद विधान सभा शिवपूजन मेहता को अखाड़े में उतारने का भी संकेत दिया था, चूल्हा प्रमुखों की एक बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि हुसैनाबाद की जनता बदलाव चाहती है, और आजसू उनकी इस चाहत को अंजाम तक पहुंचायेगी. 

हुसैनाबाद में भी फंस चुका है कांटा

यहां ध्यान रहे कि हुसैनाबाद सीट पर फिलहाल कमलेश सिंह विधायक है, और वह एनसीपी, जिसके सिंबल पर वह जीत कर आये हैं, एनडीए का हिस्सा बताते हैं, दूसरी ओर से शिवपूजन मेहता का दावा है कि झारखंड में एनडीए के अंदर सिर्फ दो ही घटक दल भाजपा और आजसू है, तीसरे की इसमें कोई भूमिका नहीं है. इस प्रकार पहले हुसैनाबाद और अब इचागढ़ से प्रत्याशी के एलान के कारण भाजपा के अंदर बेचैनी बढ़ती दिख रही है. दूसरी ओर आजसू कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर फुसफुसाहट शुरु हो चुकी है कि 2019 की तरह इस बार भी भाजपा अपनी मर्जी थोपती नजर आ रही है. यदि इसी प्रकार आजसू 8-10 सीटों पर चुनाव लड़ती रही तो एक दिन उसका वजूद भी खतरे में आ जायेगा, 2019 के विधान सभा चुनाव के परिणाम को सामने रखते हुए उनका दावा है कि भले ही आजसू को वर्ष 2014 में 8 सीटों पर चुनाव लड़कर 5 पर जीत मिली हो, लेकिन वर्ष 2019 में जब वह भाजपा से अलग होकर खुद के बूते अखाड़े में उतरी तो उसके वोट फीसदी में अप्रत्याशित इजाफा हुआ, जहां भाजपा को 33.37,  झामुमो को 18.72, कांग्रेस को 13.88 वोट मिला, वहीं आजसू भी 8.10 फीसदी वोट अपने नाम करने में कामयाब रही. इसके साथ ही हमार आधार क्षेत्र में भी बढ़ोत्तरी हुई, नये नये कार्यकर्ता सामने आये. इस हालत में आजसू की चाहत कम से कम 24 सीटों पर चुनाव लड़ने की है. 

 अधिक सीटों पर चुनाव लड़कर मत फीसदी बढ़ाने की चाहत 

जबकि भाजपा का मानना है कि आजसू का आधार क्षेत्र बेहद सीमित है, पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो की खुद की सीट ही फंसी नजर आ रही है, और जिस तरीके से जयराम महतो की सियासी एंट्री हुई है. उसके बाद कुर्मी महतो पॉलिटिकिस का भी आजसू अब एक मात्र चेहरा नहीं है, यह उसकी सियासी मजबूरी है कि भाजपा के साथ खड़ा होकर अपने अस्तित्व को सुरक्षित करे. इसी द्वन्द के बीच सुदेश महतो दिल्ली निकल चुके हैं, दावा किया जाता है कि वहां उनकी मुलाकात अमित शाह के साथ होनी है, जिसके बाद भी कोई सहमति बन पायेगी.

हरेलाल और साधु महतो के बीच महज 351 वोट का था फासला

जहां तक हरेलाल महतो की दावेदारी का सवाल है तो वर्ष 2019 में जब भाजपा आजसू ने अलग-अलग होकर चुनाव लड़ा था, ईचागढ़ में सबिता महतो के सामने हरेलाल महतो ने मजबूत चुनौती पेश की थी, जहां झामुमो उम्मीदवार सविता महतो को 57,546 के साथ जीत मिली थी, वहीं हरेलाल 38,836 के साथ दूसरे स्थान पर रहे थें. लेकिन भाजपा उम्मीदवार साधुचरण महतो ने भी अच्छा मोर्चा संभाला था, उनके हिस्से भी 38,485 वोट आया था, यानि वह आजसू उम्मीदवार हरेलाल महतो से महज 351 वोट से पीछे थें. और यदि आजसू भाजपा के वोट को आपस में जोड़ दिया जाय तो यह सविता महतो को प्राप्त 57,546  मत से 19,775 ज्यादा  है. यदि इस बार आजसू भाजपा एक साथ मुकाबला करती है तो सविता महतो पर संकट मंडरा सकता है. लेकिन मुख्य सवाल यह है कि अपनी दावेदारी को वापस कौन लेगा और उस हालत में क्या भितरघात का खेल नहीं होगा? दूसरी तरफ इस संकट से झामुमो भी अनजान नहीं है, खबर है कि इस बार सविता महतो के बजाय उनकी बेटी स्नेहा महतो पर दांव लगाने की तैयारी है. स्नेहा महतो एक उच्च शिक्षित युवती है, विदेशी विश्वविद्यालयों में उनकी शिक्षा दीक्षा हुई है, और इधर के दिनों में अपनी मां सविता महतो के साथ मिलकर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है. युवाओं के बीच भी स्नेहा महतो एक लोकप्रिय चेहरा है. यानि भाजपा आजसू की संयुक्त ताकत की काट खोजी जा रही है, लेकिन मुख्य सवाल तो यही है कि क्या आजसू भाजपा संयुक्त रुप से इस सियासी संग्राम में कूदेगी या फिर 2014 की तरह राहे जूदा होगी.    

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More