विस चुनाव 2024: बेरमो का किंग कौन! योगेश्वर महतो की वापसी या खेल कुछ और

रांची: जैनियों के 24 में से 20 तीर्थकरों का समाधि स्थल को ‘एकाग्रता की चोटी’ पर समटे पारसनाथ की पहाडियां गिरिडीह की पहचान है. इसी गिरडीह जिले का एक विधान सभा है बेरमो. आदिवासी-महतो बहुल बेरमो विधान सभा की सियासी परिस्थितियों को यदि हम समझने की कोशिश करें तो 1957 से 2019 तक अब तक कुल 15 विधान सभा चुनाव संपन्न हुए है. इसमें 10 बार कांग्रेस, तीन बार भाजपा, एक बार सीएनपीएसपीजेपी और एक बार जनता पार्टी को विजय मिली है. यह वही विधान सभा की सीट है.
पूर्व मुख्यमंत्री बिन्देश्वरी दूबे को चार बार लगातार जीत
जहां से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बिन्देश्वरी दूबे लगातार 1962, 1967, 1969 और 1972 में विधायक बने. बिन्देश्वरी दुबे के बाद 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर मिथिलेश कुमार सिन्हा को जीत मिली, और 1980 में पहली बार बेरमो में कमल खिला. 1980 के बाद इस विधान सभा की कमान राजेन्द्र सिंह के हाथ में आयी और वह कुल छह बार (1985,1990,1995,2000,2009 और 2019) बेरमो से विधान सभा पहुंचने में कामयाब रहें, 2019 में उनकी मौत के बाद हुए उपचुनाव में उनके बेटे जयमंगल सिंह को जीत मिली, हालांकि इस बीच में 2005 और 2014 में योगेश महतो ने भाजपा का कमल खिलाने कमें कामयाबी हासिल की. यदि सियासी सफर को हम सामाजिक नजरिये से समझने की कोशिश करें तो कांग्रेस के साथ ही जनता पार्टी और सीएनपीएसपीजेपी ने भी बेरमो से अगड़ी जाति के उम्मीदवार को ही मोर्चे पर उतारा, हालांकि 1980 में भाजपा ने भी इस सीट से अगड़ी का चेहरा रामदास सिंह के सहारे भी जीत दर्ज की थी, लेकिन और बाद भी भाजपा की कोशिश अगड़ी जाति के चेहरे के बूत कांग्रेस के इस किले को ध्वस्त करने की रही, वर्ष 2000 में भाजपा ने रामाधार सिंह को मोर्चे पर तैनात किया. लेकिन रामाधार सिंह को करीबन 19 हजार से शिकस्त का सामना करना पड़ा और इस प्रकार यह सीट एक बार फिर से भाजपा के हाथ से निकल गयी.
48 वर्षों के इंतजार के बाद किसी पिछड़े चेहरे को सफलता
लेकिन वर्ष 2005 में भाजपा ने पहली बार पिछड़ा कार्ड खेलते हुए योगेश्वर महतो को अखाड़े में उतारने का फैसला किया और अपनी पहली ही कोशिश में योगेश्वर महतो चार- चार बार के विधायक रहे राजेन्द्र सिंह को पटकनी देने में कामयाब रहें और इसके साथ ही 1957 से बेरमो विधान सभा पर अगड़ी जातियों का जो प्रभुत्व था, उसमें एक सुराग कायम हो गया. इसके बाद 2009 में राजेन्द्र सिंह वापसी करने में तो सफल रहे, लेकिन जीत हार का अंतर सिमट चुका था. इस मुकाबले में जहां राजेन्द्र सिंह को 47,744 के साथ जीत मिली, वहीं 41,133 वोट के साथ योगेश्वर महतो दूसरे स्थान पर रहें. 2014 में योगेश्वर महतो ने एक बार फिर से बाजी पलट दी, और 80,489 वोट के साथ एक बार फिर से बेरमो को अपने नाम करने में कामयाब रहें, जबकि राजेन्द्र सिंह को 67,876 के साथ संतोष करना पड़ा. 2019 में एक बार फिर से राजेन्द्र सिंह की वापसी हुई, वह 88,945 के साथ जीत दर्ज करने में कामयाब रहें, जबकि 63,773 के साथ योगेश्वर महतो को संतोष करना पड़ा. इस बीच राजेन्द्र सिंह की मौत हो गयी और वर्ष 2020 में उपचुनाव हुआ, और राजेन्द्र सिंह के बेटे अनुप सिंह उर्फ जयमंगल सीट को 94022 के साथ जीत मिली, जबकि योगेश्वर महतो को 79,797 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. निश्चित रुप से उपचुनाव में अनुप सिंह को राजेन्द्र सिंह की मौत का सहानुभूति का लाभ मिला. लेकिन अब असली मुकाबला सामने इंतजार कर रहा है, और देखना होगा कि इस मुकाबले में विजय किसके हाथ लगती है.
क्या है बेरमो का सामाजिक समीकरण
यदि हम सामाजिक समीकरण को समझने की कोशिश करें तो बेरमो विधान सभा में अनुसूचित जनजाति की आबादी करीबन 15.8 फीसदी, अनुसूचित जाति 13.79 फीसदी, मुस्लिम 12.6 फीसदी और इसके साथ ही एक बड़ी आबादी पिछड़ी जातियों की है, जिसमें मुख्यत कुड़मी महतो की बहुलता है, कहा जा सकता है कि बेरमो में दलित आदिवासी और मुस्लिम के साथ ही पिछड़ों की ही ठीक-ठाक आबादी है. बावजूद बेरमो में आज तक कोई दलित, आदिवासी या मुस्लिम चेहरा जीत दर्ज करने में सफल नहीं हुआ और करीबन 48 वर्षों के बाद योगेश्वर महतो के रुप में किसी पिछड़े चेहरे को वर्ष 2005 में सफलता मिली और इसके बाद ही बीच-बीच में बेरमो में कमल खिलने की शुरुआत हुई. लेकिन इस बार का समीकरण क्या होगा, और जीत की बाजी किसके हाथ जायेगी,
टाइगर जयराम की एंट्री के बाद समीकरण ध्वस्त
इसके पहले यह जानना बेहद जरुरी है कि जयराम महतो की एंट्री के बाद पूरे गिरिडीह की सियासत बदलती नजर आ रही है, और इसका असर बेरमो विधान सभा में भी देखने को मिल रहा है, इस बीच खबर है कि जयराम महतो का एक पुराना सिपहसलार भी बेरमो में हाथ आजमाने को तैयार है, साफ है कि जयराम महतो की एंट्री के साथ ही अब तक के सारे समीकरण एक बारगी धवस्त भी हो सकता है. उस हालत में अनुप सिंह की वापसी होगी या कमल का फूल खिलेगा या फिर जीत की वरमाला टाइगर जयराम की पार्टी के हाथ जायेगी, फिलहाल इसका आकलन मुश्किल भरा है, लेकिन इतना साफ है कि इस बार अनुप सिंह की राह आसान नहीं रहने वाली है, यही ठीक है कि अनुप सिंह को हेमंत और कल्पना सोरेन के साथ का लाभ होगा, लेकिन जयराम की एंट्री खेल बिगाड़ भी सकती है.
