विधान सभा चुनाव 2024: जरमुंडी के जंग का नायक कौन! बादल पत्रलेख से किनारा करने की तैयारी में कांग्रेस

रांची: एन विधान सभा चुनाव के पहले जरमुंडी विधायक और हेमंत पार्ट वन और चंपाई सरकार में कृषि मंत्री रहे बादल पत्र लेख को बाहर का रास्ता दिखलाकर कांग्रेस ने यह साफ कर दिया कि  इस बार वह जरमुंडी में एक नये सियासी बिसात की तैयारी में है. जिस बादल पत्रलेख को आगे कर वह 2014 और 2019 में जीत का पचरम फहराती रही है. अब वह चेहरा नागवार गुजरने लगा है. इसका कारण बादल पत्रलेख का बतौर मंत्री नन-परफोर्मर रहना तो हैं ही, इसके साथ ही संदेहास्पद सियासी प्रतिबद्धता भी है. मंत्री पद का दायित्व संभालते हुए भी जिस तरीके से अंदरखाने भाजपा के साथ गलबहिंया की कोशिश हुई या इसकी खबर बनी.  हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद महागठबंधन की वापसी पर जो सियासी बादल मंडराया, संकट के उस बादल  को दूर करने के बजाय भाजपा के साथ सियासी भविष्य तलाशने की चाहत नजर आयी और कथित रुप से इसी कोशिश में लोकसभा चुनाव के पहले केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का साथ बंद कमरे में घंटों की मुलाकात हुई, बादल पत्रलेख के उपर सियासी बादल मंडराने लगा. कांग्रेसी रणनीतिकारों के द्वारा जिस तरीके से बादल पत्रलेख को संताल की सियासत में अगड़ी जातियों का चेहरा बनाने की  कोशिश हुई थी, बादल पत्रलेख उस पैमाने पर खरे नहीं उतरे. भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ मोर्चा खोलते के बजाय वह अपने सियासी सफर में आशीर्वाद का आकांक्षी बनते ज्यादा नजर आये. इसके साथ ही कांग्रेस और झामुमो के अंदर बादल पत्रलेख की भूमिका लेकर सवाल खड़ा होता नजर आने लगा. यहां सवाल सिर्फ मंत्री पद से विदाई की नहीं है, सवाल तो आने वाले विधान सभा चुनाव में जरमुंडी विधान सभा से महागठबंधन का चेहरा कौन होगा, इसको लेकर भी है.

बादल पत्रलेख का पर कतरने की तैयारी

सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि क्या इस संदिग्ध सियासी प्रतिबद्धता के बीच बादल पत्रलेख को कांग्रेस जरमुंडी विधान सभा में अपना चेहरा बनायेगी या फिर बादल पत्रलेख का पर कतरने की तैयारी की जा रही है. क्या संताल की सियासत का सच समझते हुए कांग्रेस की कोशिश इस बार जरमुंडी को झामुमो की झोली में डालने की है या फिर कांग्रेस के पास बादल पत्रलेख के समानान्तर भी कोई चेहरा मौजूद है. इसके लिए जरुरी है कि जरमुंडी विधान सभा के सियासी जमीन पर एक नजर दौड़ाई जाय.

वर्ष 2000 से नहीं खिला भाजपा का कमल

आपको बता दें कि जरमुंडी विधान सभा में बादल पत्रलेख की पहली एंट्री वर्ष 2009 में होती है. तब कांग्रेस ने बादल पत्रलेख को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि सामने मुकाबले में स्वतंत्र उम्मीदवार के रुप में हरिनारायण रे थें. इसके पहले हरिनारायण 2005 में भी बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार अपना परचम फहरा चुके थें,  हालांकि वर्ष 2000 में हरिनाराण रे को बसपा उम्मीदवार के रुप में भाजपा के देवेन्द्र कुंअर के हाथों पराजित होना पड़ा था, बावजूद इसके वह दूसरे स्थान प्राप्त करने में सफल रहे थें. लेकिन वर्ष 2009 के मुकाबले में बादल पत्रलेख को सफलता नहीं मिली और उन्हे17,955 वोट के साथ तीसरे स्थान पर  संतोष करना पड़ा था, 23,025 वोट लाकर झामुमो के देवेन्द्र कुंवर दूसरे स्थान पर थें, जबकि 33,512 के मत  लाकर हरिनारायण को एक बार फिर से जीत मिली थी. इसके बाद 2014 में कांग्रेस ने एक बार फिर बादल पत्रलेख को अपना उम्मीदवार बनाया और इस बार बादल पत्रलेख 43,981 वोट लाकर जीत दर्ज करने में सफल रहें. आश्चर्यजनक रुप से इस बार हरिनारायण रे झामुमो की सवार कर चुके थें, और 41,273 मत लाकर वह दूसरे स्थान पर थें, जबकि 2009 का झामुमो उम्मीदवार देवेन्द्र कुंवर इस बार बाबूलाल की पार्टी की ओर से मोर्चा संभाल कर 14,189 वोट के साथ चौथे स्थान पर थें. वर्ष 2000 में जरमुंडी में कमल खिलाने वाले देवेन्द्र कुंअर 2019 आते -आते झामुमो, कांग्रेस और झाविमो होते हुए एक बार फिर से भाजपा की सवारी कर बैठे, लेकिन बावजूद इसके कमल नहीं खिला, यानि वर्ष 2000 में बाद आज भी भाजपा को जरमुंडी में कमल खिलने का इंतजार है.

एंटी-इनकम्बेंसी की दवाई बादल पत्रलेख की विदाई 

इन आंकडों से साफ है कि यदि झामुमो कांग्रेस एक साथ खड़ी रहती है तो भाजपा के लिए जरमुंडी में कमल खिलाना आज भी एक चुनौती है. वर्ष 2019 में राष्ट्रवाद की लहर और 2014 के मोदी मैजिक में भी जरमुंडी में कमल नहीं खिला, हालांकि जीत हार का अंतर जरुर कम हुआ, लेकिन इस बार आदिवासी -मूलवासी समाज के बीच जिस तरीके से हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी मुद्दा बनता नजर आता है.  आदिवासी मूलवासी वोटरों को जो मिजाज लोकसभा चुनाव में देखने को मिला है. उस हालत में क्या भाजपा इस बार इस अंतर को पाटने की स्थिति में आ खड़ी होगी? कहा  जा सकता है कि बादल पत्रलेख के खिलाफ लगातार दो जीत के बाद एक एंटी-इनकम्बेंसी होगी, जो साफ तौर पर  नजर भी आ रही है, खुद कांग्रेस और झामुमो कार्यकर्ताओं के द्वारा बादल पत्रलेख को लेकर कई शिकायतें हैं और बहुत संभव है कि इसी एंटी-इनकम्बेंसी की दवाई बादल पत्रलेख की विदाई में खोजी जा रही हो.

विधान सभा चुनाव के पहले पाला बदल का खेल

इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि बादल पत्रलेख के बदले कांग्रेस-झामुमो के पास चेहरा कौन होगा? निश्चित रुप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता, लेकिन जिस तरीके से देवेन्द्र कुंअर और हरिनारायण रे का पाला बदल का इतिहास रहा है, विधान सभा चुनाव आते-आते जरमुंडी में दोनों ही तरह से पाला बदल की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.  
 
 क्या कहता है सामाजिक समीकरण

यदि हम सामाजिक समीकरणों की बात करें तो जरमुंडी विधान सभा में अनुसूचित जाति की आबादी करीबन 10 फीसदी, अनुसूचित जनजाति-17 फीसदी, मुस्लिम-13 फीसदी की है, एक बड़ी आबादी पिछड़ी जातियों की भी है, बावजूद इसके अब तक कोई दलित-पिछड़ा या आदिवासी चेहरा सामने नहीं आया, इस सीट पर अगड़ी जातियों का कब्जा रहा है. अब देखना होगा कि इस बार कांग्रेस किस सामाजिक समीकरण के भरोसे इस जीत का दांव खेलती है, अगड़ी जाति से आने वाले चेहरे पर दांव लगा कर जीत का रास्ता चुनती है या फिर किसी पिछड़ी जाति के चेहरे को सामने कर बड़ा उलटफेर करती है, या फिर झाममो की झोली में इस सीट को डाल कर एक नया प्रयोग करती है. और यदि वह जरमुंडी की सीट छोड़ती है, तो उस हालत में वह किस सीट पर अपना नया दांवा ठोकेगी. फिलहाल इन सारे सवालों के लिए हमें इंतजार करना होगा, लेकिन इतना तय है कि इस बार जरमुंडी में बड़ा खेल होने वाला है और इस खेल में बादल पत्रलेख के उपर संकट के बादल तैरते दिख रहे हैं

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More