विधान सभा चुनाव 2024: सिल्ली के जंग में देवेंद्रनाथ महतो की एंट्री, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के लिए खतरे की घंटी!
.jpg)
रांची: लोकसभा चुनाव में रांची संसदीय सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में ताल ठोकते हुए 1,32,000 वोट लाकर सनसनी फैलाने वाले देवेन्द्रनाथ महतो ने आगामी विधान सभा चुनाव में सिल्ली से मैदान में उतरने की घोषणा की है. देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा है कि हालांकि लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हे इचागढ़ विधान सभा से लोगों का प्यार मिला है, लेकिन सिल्ली कर्म भूमि रही है, इसी मिट्टी से हमने छात्र राजनीति की शुरुआत की, सामाजिक जीवन का ककहरा सीखा है, इस हालत में सिल्ली पहली प्राथमिकता होगी. सिल्ली में पहले ही सियासत के महारथियों का जुटान है, एक तरफ कुर्मी मतों पर अपना एकाधिकार जताने वाले आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो है, तो दूसरी तरफ सुदेश महतो को उनके ही गढ़ में हार का स्वाद चखाने वाले अमित महतो. यह भी एक कारण है, जिसके कारण सिल्ली को प्राथमिकता दे रहा हूं. लड़ाई में मजा तब ही आता है, जबकि सामने वाला मजबूत पहलवान हो, कमजोर से टकराना मेरी फितरत में नहीं. यहां तो दो-दो पहलवान एक साथ मौजूद है. हालांकि यह मेरी चाहत है, अंतिम फैसला टाइगर जयराम को लेना है. यदि वह इचागढ़ से ही मुकाबले में उतारने का एलान करते हैं, तो भी मैं पीछे नहीं हटूंगा.
लोकसभा चुनाव में देवेन्द्रनाथ महतो को सिल्ली से मिला था 49362 वोट
आपको याद रहे कि लोकसभा चुनाव के दौरान जेल में रहते हुए भी देवेन्द्रनाथ महतो ने इचागढ़ विधान सभा से 38564 मत हासिल किया था, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय को 58784 वोट और भाजपा के संजय सेठ को 96724 वोट आया था, जबकि सिल्ली विधान सभा में देवेन्द्रनाथ महतो को 49362 वोट, यशस्विनी सहाय को 34846 और संजय सेठ को 57281 मत मिला था. एक निर्दलीय उम्मीदवार के रुप देवेन्द्रनाथ महतो इसे अपनी बड़ी सफलता मान रहे हैं और अब विधान सभा चुनाव में ताल ठोकने की तैयारी में हैं.
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के लिए खतरी घंटी
देवेन्द्रनाथ महतो के इस दावे के साथ ही सिल्ली विधान सभा के संभावित चुनाव परिणाम पर चर्चा तेज हो चुकी है. सियासी गलियारे में यह सवाल उमड़ने लगा है कि इस बार आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का क्या होगा? विधान सभा में एक बार फिर से उनकी एंट्री होगी या 2014 का चुनाव और 2018 का उपचुनाव की तरह एक और झटका लगने वाला हैं. दरअसल वर्ष 2000, 2005 और 2009 में लगातार जीत हासिल करते रहे सुदेश महतो को 2014 में झाममो के अमित महतो के सामने हार का सामना करना पड़ा था, और हार भी मामूली नहीं थी, जहां अमित महतो को 79,747 मत आये थें, वहीं सुदेश महतो को पचास हजार पर सिमटना पड़ा था. जिस सुदेश महतो को कुर्मी पॉलिटिक्स का सितारा समझा जाता है, कुर्मी बहुल सिल्ली की सीट पर उसी सुदेश महतो को हार का सदमा लगा था. यह कहानी यहीं नहीं रुकी, जब एक मामले में फंस कर अमित महतो की विधायकी चली गयी तो 2018 में सिल्ली में उपचुनाव की स्थिति आ खड़ी हुई, इस उपचुनाव में भी सुदेश महतो ने अपनी वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन इस बार भी उन्हे अमित महतो की पत्नी सीमा महतो के हाथों हार का सामना करना पड़ा. उस मुकाबले में सीमा महतो को कुल 77,129 वोट लाये थें, वहीं सुदेश महतो को 63,619 पर सिमटना पड़ा था. हालांकि 2019 के मुकाबले में सुदेश महतो ने एक बार जीत अपने नाम कर लिया, और सीमा महतो को करीबन 20 हजार के साथ हार का सामना करना पड़ा. साफ है कि सिल्ली के अखाड़े में अमित महतो एक मजबूत सियासी जमीन पर खड़े हैं, अब तक माना जा रहा था कि इस बार एक बार फिर से अमित महतो और सुदेश महतो के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा.
झामुमो का साथ छोड़ खतियानी पार्टी बना चुके हैं अमित महतो
लेकिन इस बीच देवेन्द्रनाथ महतो ने यह कह कर सनसनी फैला दी है कि इस बार वह इन दोनों महारथियों टकराने आ रहे हैं. अमित महतो की मुसीबत यह है कि खतियान आधारित स्थानीयता के सवाल पर उन्होंने झामुमो का साथ छोड़ दिया था. उनका आरोप था कि झामुमो अब अपने वादे से पीछे हट रही है. जिस खतियान आधारित स्थानीयता नीति की घोषणा पर विश्वास करते हुए जनता ने अपना समर्थन दिया था, सत्ता में आने के बाद वह उससे मुकर रही है. हालांकि बाद में हेमंत सरकार ने खतियान आधारित स्थानीयता नीति को विधान सभा से पारित भी कर दिया, लेकिन अभी भी खतियान आधारित स्थानीयता का मुद्दा सियासी और कानूनी पेच में फंसा है. फिलहाल अमित महतो खतियानी झारखंड पार्टी गठन कर उसके बनैर तले सियासत करते नजर आ रहे हैं, इस हालत में सवाल खड़ा होता कि क्या इस बार अमित यादव अपनी खतियानी झारखंडी पार्टी के बनैर तले ही चुनावी अखाड़े में उतरेंगे या फिर घर वापसी की कोशिश करेंगे. यदि वह ऐसा करते हैं तो झामुमो उनकी घर वापसी पर तत्काल मुहर लगा सकती है. चर्चा तो इस बात की भी है कि अमित महतो इस बार जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के साथ भी जा सकते हैं. यदि ऐसा होता है तो यह मुकाबले त्रिकोणीय होगा. एक तरफ झामुमो होगा, दूसरी ओर सुदेश महतो और जयराम की पार्टी से अमित महतो, लेकिन यदि अमित महतो खुद की पार्टी से चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो यह मुकाबला चतुर्कोणीय शक्ल अख्तियार कर सकता है. जहां एक साथ झामुमो, आजसू, झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा और अमित महतो की खतियानी पार्टी के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है.
