कोडरमा: वज्रपात से बुजुर्ग महिला की मौत, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

कोडरमा: जिले के मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामु में वज्रपात से एक अधेड़ महिला की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि जामु निवासी लाटो साव की 55 वर्षीया पत्नी कुंती देवी धान गुरुवार को खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान लगभग 3 बजे दिन बारिश के दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गयी. आनन फानन में परिजनों ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो ले आये जहां प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर भेजा गया. जहाँ डॉक्टर ने उक्त महिला को मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आक्सीजन नहीं रहने के कारण महिला को ऑक्सीजन नहीं लगाया जा सका. डॉक्टर ने बताया कि ऑक्सीजन लगाकर जल्दी लाते तो बचाया जा सकता था.
सुगुन गांव में वज्रपात से एक ही परिवार के पांच लोग झुलसे
इधर चलकुशा थाना अंतर्गत ग्राम सुगुन में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए. घटना बुधवार देर शाम की है. सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब एक ही परिवार के सदस्य धान की बुआई कर अपने घर लौट रहे थे. बारिश हो रही थी सभी लोग छाता से बच रहे थे. बारिश के साथ अचानक जोरदार आवाज के साथ बिजली गर्जन के साथ गिरी और सभी लोग घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया. घायलों में राजेश यादव (22 वर्ष, पिता मथुरा यादव), अनमोल कुमार (4 वर्ष, पिता राजेंद्र यादव), मदोदर देवी, अर्चना देवी एवं संगीता देवी सभी ग्राम सुगुन थाना चलकुशा जिला हजारीबाग के निवासी हैं. सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति गंभीर है, लेकिन वे लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और हर संभव चिकित्सकीय सहायता प्रदान कर रहे हैं. राजेश यादव की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.
