चाईबासा: संपूर्ण शिक्षा कवच अभियान का हुआ आगाज़, फिलो एडटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू करार
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कुलदीप चौधरी के द्वारा उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, सहायक समाहर्ता अर्णव मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, जिला योजना पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर की मौजूदगी में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वाधान पर संचालित संपूर्ण शिक्षा कवच अभियान का शुभारंभ किया गया. शुभारंभ हेतु सभागार में आयोजित कार्यशाला के दौरान अभियान तहत शामिल 23 विद्यालयों के प्राचार्य/वार्डन को इससे संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई. ज्ञात हो कि अभियान के संचालन के लिए जिला प्रशासन के द्वारा फिलो एडटेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू हस्तगत किया गया. जिसका उद्देश्य ई-लर्निंग के माध्यम से जिला अंतर्गत कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में बेहतर रिजल्ट प्राप्त करना है.
कार्यशाला में बताया गया कि इस नवाचार के तहत जिले के 23 विद्यालयों के कुल 7953 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे. ई-लर्निंग के तहत फेलो एप्लीकेशन के माध्यम से अध्यनरत बच्चों को 24X7 वीडियो/ऑडियो व्यवस्था के साथ टीचर की उपलब्धता प्रदान की जाएगी तथा विद्यालयों में तैयार आईसीटी लैब के माध्यम से इसका संचालन होगा. उक्त एप्लीकेशन की मदद से विद्यार्थियों को वर्ग नोट, टेस्ट सीरीज, क्वेश्चन बैंक आदि की सुविधा भी मुहैया रहेगी. इस व्यवस्था के तहत विद्यालयों में टीचर की अनुपलब्धता रहने पर भी बच्चों को आईसीटी लैब के द्वारा जैक बोर्ड आधारित विषयों की पढ़ाई होगी तथा कक्षा तहत अध्ययन में कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त वर्ग के अलावा करियर काउंसलिंग की भी व्यवस्था सुनिश्चित होगी.
