Dumka Lok Sabha Election Results: देवर बसंत के गढ़ में भाभी सीता का जादू, चुनाव के पहले भाभी-देवर की मुलाकात बनी थी सुर्खियां

रांची: लोकसभा चुनाव का सियासी संग्राम समाप्त हो गया. झारखंड के परिप्रेक्ष्य में इस लोकसभा चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि मतदाताओं ने  सभी पार्टी के बागियों को उनकी जगह दिखला दी. ना तो दुमका में सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन का जादू चला और ना ही बाबूलाल का गीता के सहारे झाममो कोल्हान का किला ध्वस्त करने का सपना पूरा हुआ, और ना ही भाजपा छोड़ पंजे की सवारी करने वाले जेपी भाई पटेल का संसद पहुंचने का अरमान पूरा कर पायें. कुछ यही कहानी विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा और बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम के साथ होता दिखा, अपने-अपने गढ़ में भी ये महारथि पार्टी उम्मीदवारों के आगे पिछड़ते नजर आयें. लेकिन इस सियासी संग्राम में कई रोचक तथ्य भी सामने आयें. सीता सोरेन को भले ही चुनावी सफलता हाथ नहीं लगी हो, लेकिन अपने देवर बसंत का प्यार मिलता  जरुर दिखा. दरअसल दुमका लोकसभा चुनाव परिणाम के आंकड़ों से जो तथ्य सामने आये है, उससे भाभी सीता के प्रति देवर बसंत का प्यार की झलक मिलती दिख रही है.

दुमका विधान सभा से भाभी सीता सोरेन के बढ़त के मायने

यहां ध्यान रहे कि दुमका संसदीय सीट के अंतरगर्त कुल छह विधान सभा आता है, इसी में एक दुमका सुरक्षित विधान सभा भी है, जहां से विधायक बसंत सोरेन है, देवर भाभी के बीच सियासी संग्राम अपनी जगह, लेकिन जब मतपेटियां खुली तो दुमका से झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन को कुल 78,778 वोट आयें, जबकि भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के हिस्से 89,211 वोट निकला, ठीक यही हालत नाला विधान सभा में रही, जहां से विधान सभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो विधायक है, यहां भी नलिन सोरेन को 74041 वोट आया, जबकि सीता सोरेन के पक्ष में 95700 मत निकला. जामताड़ा विधान सभा, जहां से इरफान अंसारी विधायक है, नलिन सोरेन को 126013 वोट आया, जबकि सीता सोरेन के हिस्से महज 90859 वोट आया. यानि लगभग 35 हजार की मजबूत बढ़त मिली. आंकड़े साफ है कि विधायक इरफान अंसारी ने भाभी सीता को निराश किया है. लेकिन सीता सोरेन को निराशा सिर्फ जामताड़ा में ही नहीं मिली, सारठ विधान सभा, जहां से दुमका लोकसभा का एकलौता भाजपा विधायक रणधीर सिंह है, भाजपा को मजबूत बढ़त नहीं मिली, सारठ में नलिन सोरेन को 106241 वोट मिला, जबकि सीता सोरेन को कुल 107373 वोट आया, यानि भाजपा  को  महज 1,132 वोट की बढ़त मिली, निश्चित रुप से यह आंकड़ा भाजपा को परेशानी में डालने वाला हो सकता है.

नामांकन के पहले भाभी-देवर की मुलाकात बनी थी चुनावी सुर्खियां     

यहां भी याद रहे कि दुमका से नामाकंन से ठीक पहले बसंत सोरेन और सीता सोरेन के बीच दु्मका में एक मुलाकात हुई थी, तब यह मुलाकात अखबारों की सुर्खियां बनी थी, इस मुलाकात के बाद बसंत सोरेन ने दावा किया था कि भाभी सीता सोरेन का भाजपा से मन भर चुका है, और वह जल्द ही झामुमो में वापसी करना चाहती है, नामांकन वापसी के पहले भाभी सीता सोरेन कोई बड़ा फैसला ले सकती है. हालांकि सीता सोरेन ने बसंत सोरेन के इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि कहानी तो ठीक उलट है, झामुमो में बसंत सोरेन को कोई सियासी भविष्य नजर नहीं आ रहा है, छोटी देवरानी कल्पना सोरेन ने पूरी पार्टी पर कब्जा कर लिया है, इस हालत में बसंत सोरेन भी जल्द ही झामुमो को अलविदा कह सकते हैं, दोनों की यह बयानबाजी काफी चर्चित रही थी, लेकिन अब जब बसंत सोरेन के विधान सभा से सीता सोरेन को बढ़त मिली है, एक बार फिर से देवर भाभी के पुराने बयान को नये सिरे से समझने की कोशिश की जा रही है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More