कल्पना सोरेन को डिप्टी सीएम बनाने की मांग या दीपिका से बाजी मारने की रणनीति! इरफान अंसारी के फिरकी में कांग्रेस

रांची: सियासत में ऐसे अवसर कम ही आते हैं, जब किसी सत्ताधारी गठबंधन का विधायक अपनी पार्टी के बजाय दूसरे पार्टी के विधायक को डिप्टी सीएम बनाने की मांग करता है. शायद यह राष्ट्रीय राजनीति का भी पहला अवसर हो, लेकिन इन दिनों झारखंड की सियासत में यही सब हो रहा है. मंत्रिमंडल विस्तार के चर्चाओं के बीच कांग्रेसी विधायक डाक्टर इरफान ने अपनी फिरकी में कांग्रेसी रणनीतिकारों को इस कदर उलझा दिया है, कि वह ना तो इस मांग का समर्थन कर रहे हैं और ना ही विरोध करने की स्थिति में है. हालांकि अपनी सियासी जमीन का एहसास तो उन्हे भी है कि सत्ता का जिस चासनी का स्वाद आज चखने को मिल रहा है, वह चासनी झामुमो के जमीन पर तैयार हुई है. अपने बूते तो कांग्रेस के लिए एक सीट पर भी आफत है. इसका ताजातरीन उदाहरण लोकसभा चुनाव परिणाम है, जहां सात सीटों पर चुनाव लड़ने के जिद के बावजूद वह महज दो सीट निपट गयी. और वह भी दो सीट खूंटी और लोहरदगा जैसे आदिवासी बहुल इलाके की थी, कहा जा सकता है कि झामुमो ने अपने कंधे पर बैठाकर कांग्रेस को इन दो सीटों पर जीत दिलवायी, बाकि की पांच सीट, जो गैर आदिवासी बहुल सीट थी, और कांग्रेस के सियासी कुब्बत की असली परीक्षा होनी थी, अपना खाता खोलने में भी नायामयाब रही, कुल मिलाकर कांग्रेस जो आज सत्ता का प्रसाद चख रही है, उसके पीछे झामुमो की जमीनी ताकत और हेमंत सोरेन का चेहरा है.
कल्पना सोरेन को डिप्टी सीएम बनाने की चाहत या कुछ और
बावजूद इसके क्या कोई विधायक अपने दल के बजाय दूसरी पार्टी से डिप्टी सीएम की मांग करता है, और वह भी उस हालत में जबकि सीएम का पद भी उसी पार्टी के पास हो, तो क्या इरफान अंसारी इतने भोले हैं, उन्हे इस सच्चाई का भान नहीं है, इसके बाद कांग्रेस में उनका पर कतरने की शुरुआत हो सकती है, या फिर इस बात का अंदेशा हो गया है कि इस मंत्रिमंडल विस्तार में हाथ कुछ आने वाला नहीं है, और वह इसी हारी हुई बाजी को पलटने का चाल चल रहे हैं. कल्पना सोरेन को डिप्टी सीएम बनाने की मांग कर कांग्रेस के बजाय झामुमो पर डोरा डाल रहे हैं. ताकि झामुमो की ओर से कोई जादू हो जाय और मंत्रिमंडल में शामिल होने की चिर प्रतिक्षित चाहत पूरी हो जाय..
क्या मंत्री पद की दावेदारी में पीछे छुट्ट गये इरफान
ध्यान रहे कि जब से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हुई है, कांग्रेसी खेमे से दो नाम तेजी से उछल रहा है, एक नाम तो खुद इरफान अंसारी का है, दूसरा नाम महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह का है. जबकि मंत्रिमंडल में रिक्ति सिर्फ एक है, एक रिक्ति कल्पना सोरेन के हिस्से जाना तय है, चंद दिन पहले तक इस जोर आजमाईश में बाजी इरफान के हाथ लगती दिख रही थी, लेकिन अब जिस तरीके से इरफान की ओर से कल्पना सोरेन को डिप्टी सीएम बनाने की मांग हुई है, उससे इस बात का आभास मिल रहा है कि दीपिका पांडेय सिंह की पकड़ मजबूत हुई है, कल्पना सोरेन को डिप्टी सीएम बनाने की मांग इसी बाजी को पलटने की कोशिश भर है.
