अर्जुन मुंडा के हार से गहराया झारखंड भाजपा का संकट! रांची से दिल्ली तक सियासी सरगर्मी तेज

रांची: तीन-तीन बार के सीएम और जनजातीय मामले के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा का खूंटी से सियासी शिकस्त आदिवासी बहुल झारखंड की राजनीति का कोई सामान्य परिघटना नहीं थी. खास कर तब, जब भगवान बिरसा के जन्म स्थली उलिहातू से खूद पीएम मोदी शमा बांधने की कोशिश कर रहे हों. आदिवासी समुदाय के साथ अपने अटूट रिश्ते की दुहाई दे रहे हों. बावजूद इसके कालीचरण जैसे सामान्य कांग्रेसी कार्यकर्ता के हाथों 1.5 लाख से पराजय एक महत्वपूर्ण घटना थी. अर्जुन मुंडा के इस हार के बाद भाजपा के अंदर रांची से दिल्ली तक सियासी सरगर्मी तेज है. यह सवाल गहराने लगा है कि अब अर्जुन मुंडा का सियासी भविष्य क्या होगा? केन्द्रीय मंत्रिमंडल से विदाई के बाद क्या अर्जुन मुंडा को अगले पांच साल तक खूंटी का खाक छानने के लिए छोड़ दिया गया है, और अब वे 2029 में इस हार का हिसाब चुकता कर ही दिल्ली लौटेंगे? या विधान सभा चुनाव में एक बार फिर से अपनी परंपरागत सीट खरसांवा से ताल ठोकेंगे और यदि ऐसा होता है तो फिर झारखंड में पार्टी का चेहरा कौन होगा?
अर्जुन मुंडा की वापसी बाबूलाल के सामने एक नया संकट
यह वह सवाल है, जहां पूरी तरह से फंसी नजर आती है. क्योंकि झारखंड की राजनीति में बाबूलाल को खूली छूट देने के लिए ही तो पूर्व सीएम रघुवर दास को ओडिशा भेजा गया था, तो क्या झारखंड की राजनीति में अर्जुन मुंडा की वापसी बाबूलाल के सामने एक नया संकट नहीं होगा. क्या सियासत के ये दोनों महारथि अपने अपने सियासी चाल से एक दूसरे से टकराते नजर नहीं आयेंगे? और फिर इन दोनों की टकराहट से पार्टी की जो दुर्गती होगी, उसका जिम्मेवार कौन होगा? क्या अर्जुन मुंडा की वापसी बाबूलाल के एक नयी चुनौती नहीं होगी? क्या यह एक म्यान में दो तलवार की स्थिति नहीं होगी? क्या अर्जुन मुंडा की वापसी झारखंड भाजपा में एक और नया गुट पैदा नहीं करेगा? और क्या इस गुटबाजी में भाजपा की स्थिति और भी कमजोर नहीं होगी? यह वह सवाल है, जो आज भाजपा को रांची से दिल्ली तक बेचैन किये हुए है.
संकट दूर करने की कोशिश
हालंकि खबर यह भी है कि जैसे ही दिल्ली की उलझनें दूर होती है, अर्जुन मुंडा को लेकर पार्टी बड़ा फैसला लेगी. अर्जुन मुंडा को संगठन में स्थान बाबूलाल पर गहराते संकट को कम करने की कोशिश की जा सकती है. राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने जा रहा है, 30 जून के बाद नये अध्यक्ष के नेतृत्व में नयी टीम का गठन होगा. जेपी नड्डा के टीम में रघुवर दास को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आशा लकड़ा को सचिव की जिम्मेवारी मिली थी, हालांकि बाद में रघुवर दास को ओडिशा का राज्यपाल और आशा लकड़ा को अनुसूचित जनजाति आयोग सदस्य बना कर, सक्रिय राजनीति से दूर रहने का संदेश दे दिया गया. फिलहाल केन्द्रीय संगठन में झारखंड से कोई चेहरा नहीं है, इस हालत में अर्जुन मुंडा को केन्द्रीय संगठन में स्थान देकर बाबूलाल मरांडी के सामने पसरते सियासी संकट को कम करने की कोशिश की जा सकती है.
