कोडरमा: कांवरियों की बोलेरो पेड़ से टकरायी, एक की मौत, तीन घायल

कोडरमा: जिले के नवलशाही थाना अंतर्गत मारुति चौक के पास गुरुवार की सुबह कांवरियों वाली बोलेरो के पेड़ में टक्कर हो जाने से एक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान चंदन कुमार कसेरा (उम्र 35 वर्ष, पिता-बिजेंदर कसेरा, ग्राम चंपाडीह, हजारीबाग) बतायी गयी है. वहीँ, घायलों की पहचान विजय कुमार (30 वर्ष, पिता-महेश मेहता, हजारीबाग), संयोग पांडेय (37 वर्ष, पिता-अखिलेश किशोर, हजारीबाग) एवं आकाश मेहता (40 वर्ष, पिता-शिव शंकर मेहता, हजारीबाग) के रूप मे हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो में चार लोग सवार होकर देवघर से पूजा करके अपने घर हजारीबाग लौट रहे थे. इसी दौरान नवलशाही थाना क्षेत्र के मारुति चौक के पास सुबह लगभग 5 बजे जानवर बचाने के चक्कर में बोलेरो एक पेड़ से जा टकरायी, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों की मदद व पुलिस के सहयोग से घायलों को कोडरमा के सदर अस्पताल लाया गया. अस्पताल में डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
