चाईबासा: शिक्षाविद अंबालिका लकड़ा की पुण्यतिथि पर पाठ्य सामग्री वितरित, एकीकृत छुट्टी तालिका से शिक्षकों में संशय
चाईबासा: प्राथमिक विद्यालय कुम्हार टोली की पूर्व प्रधानाध्यापिका सह शिक्षाविद स्व. अंबालिका लकड़ा की पुण्यतिथि पर पठन-पाठन सामग्री का वितरण कुड़ुख प्रशिक्षण केन्द्र चाईबासा नदी पार उरांव टोली में बच्चों के बीच किया गया। ज्ञात हो कि 80 के दशक में में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दिलाने की पहल की थी। वे स्वयं बच्चो को ढूंढकर स्कूल में नामांकन अपनी जिम्मेदारी में कराती थी। ड्राप आउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने में वह काफी सक्रिय थी, जो अब सरकार का लक्ष्य बन गया है। वितरण कार्यक्रम में कुड़ुख शिक्षिका मधु मिंज, पिंकी कुजूर, ममता टोप्पो आदि मौजूद रहीं।
नई छुट्टी तालिका से शिक्षकों में संशय
प्राथमिक व मध्य विद्यालय के शिक्षक इस बार संशय में पड़े हैं क्योंकि उनकी 9 अदद छुट्टियों पर ग्रहण लग सकता है। प्राथमिक विद्यालयों में प्रत्येक कैलेंडर वर्ष में 60 छुट्टियां निर्धारित हैं। पहले प्राथमिक विद्यालयों की छुट्टी लिस्ट जिला शिक्षा अधीक्षक अपने अपने जिलों में निकलते थे और यह जिले के शिक्षक संघ की सहमति से निर्धारित होती थी। राजपत्रित अवकाश को छोड़ कुछ अन्य अवकाश अपने अपने जिले के पर्व त्योहार के अनुसार होता था लेकिन साल के बीच में अचानक जिलों द्वारा निकाली गई छुट्टी लिस्ट को रद्द कर एकीकृत छुट्टी लिस्ट निकाली गई।
झारखंड प्रदेश समग्र शिक्षा विभाग की और से पूरे राज्य के लिए एक ही छुट्टी तालिका दी गई।जिसमें 55 छुट्टियां निर्धारित तिथियों में लेनी है। साथ ही 5 स्थानीय अवकाश है, जो जिले के शिक्षा पदाधिकारी और जिला उपायुक्त के निर्देश पर ले सकते हैं। इधर छुट्टी तालिका में 1 जनवरी से 5 जनवरी तक 5 छुट्टी थी।जिस्में प सिंहभूम सहित अधिकांश जिले के शिक्षक मात्र 1 जनवरी की छुट्टी का उपयोग कर पाए हैं। जनवरी माह की 4 छुट्टी भी लंबित है। इस प्रकार शिक्षा विभाग और शिक्षक संघों की उदासीनता से 9 अदद छुट्टी पर ग्रहण लग सकता है। इसे लेकर आम शिक्षको में संशय व्याप्त है।
पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष शैलेश सुंडी ने कहा कि जनवरी की 4 छुट्टी और 5 स्थानीय अवकाश पर विभाग को जल्द संज्ञान लेकर इसके लिए अलग से जिला स्तर पर कैलेंडर बनाना चाहिए। वरना विधानसभा चुनाव के चक्कर में 9 अदद छुट्टी का उपभोग नही हो पायेगा। पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक बेहरा ने कहा विगत 25 अगस्त को शिक्षा विभाग के आदेश पर शिक्षकों ने पल्स पोलियों अभियान में सेवा दिया।पूर्णकालीन स्कूल में शिक्षक डटे रहे। इसका क्षतिपूर्ति अवकाश सहित कुल दस छुट्टियों का अलग से कैलेंडर निकाला जाए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष शमशेर आलम ने कहा।स्थानीय अवकाश पूर्व की तरह विद्यालय स्तर पर देय हो क्योंकि हर गांव की स्थानीय पर्व अलग अलग तिथियों में होती है।जिला स्तर पर स्थानीय अवकाश का कोई सार्थक लाभ नहीं मिलेगा।विभाग पेंडिंग कुल 9 छुट्टी और एक क्षतिपूर्ति अवकाश का यथा शीघ्र कैलेंडर जारी करे।
