स्वतंत्रता दिवस पर सीएम हेमंत की बड़ी सौगात! प्रति परिवार 15 लाख का स्वास्थ्य बीमा
1.jpg)
रांची: विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़ी झारखंड को हेमंत सरकार ने एक बड़ी सौगात दी है, अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और किसानों का दो लाख रुपये तक की कर्ज माफी के बाद अब अबुआ स्वास्थ्य बीमा की शुरुआत करने की घोषणा की गयी है. इस योजना के तहत प्रति परिवार 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा करवाया जायेगा. जल्द ही इसकी औपचारिक शुरुआत कर दी जायेगी.
35 लाख को पेंशन और 20 लाख अतिरिक्त को राशन
राजधानी रांची के मोहरबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का झंडातोलन के बाद इसकी घोषणा करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि जैसे ही हमारी सरकार बनी कोरोना महामारी का प्रकोप सामने आ गया, जिसके कारण पूरे देश में अफरातफरी की स्थिति मच गई. लेकिन हमारी सरकार ने पूरी मुस्तैदी के साथ उसका सामना किया. जिसके कारण झारखंड में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित रही. जैसे ही महामारी पर लगाम लगी, एक-एक कर योजनाओं की शुरुआत होने लगी, आज हम अबुआ आवास योजना के तहत तीन कमरों का आवास उपलब्ध करवा रहे हैं. कर्ज से दबे अन्नदाताओं को कृषि ऋण माफी योजना के सहारे संबल प्रदान करने की कोशिश की जा रही है. हमने किसानों का दो लाख तक का कर्ज माफ करने का फैसला किया है. 35 लाख जरुरतमंदो को पेंशन और 20 लाख अतिरिक्त लोगों को राशन प्रदान किया जा रहा है, 57 लाख लोगों को साल में दो बार वस्त्र दिया जा रहा है. बिरसा हरित ग्राम योजना और पशुधन विकास योजना के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की कोशिश हो रही है, तो फूलो झानों आशीर्वाद योजना, दीदी बाड़ी योजना और दीदी बगिया योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है और अब अबुआ स्वास्थ्य बीमा के तहत प्रति परिवार 15 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने की शुरुआत होने वाली है.
