स्वतंत्रता दिवस समारोह: झारखंड के दो किसानों को विशेष मेहमान बनने का दिल्ली से आया न्योता

रांची: झारखंड के दो किसानों को नई दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. दोनों किसानों ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से राष्ट्र का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
दुशासन सिंह
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी के किसान दुशासन सिंह, जो लोढ़ाई गांव के एक उत्साही शिक्षाविद् हैं. उन्होंने स्कूल छोड़ने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए अथक प्रयास किया है. दुशासन सिंह 50 से अधिक ड्रॉप आउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में ला चुके हैं. उन्होंने 20-20 किलोमीटर दूर से आने वाले बच्चों का भी नामांकन विद्यालय में कराया है. वह अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करते हैं.
मोहन सिंह बारी
टोंटो के मोहन सिंह बारी ने बामेबासा गांव में एक प्रगतिशील किसान के रूप में अपनी पहचान बनाई है. मोहन सिंह बारी ने मनरेगा योजना का उपयोग करके आम की बागवानी को अपनाया है और अपनी सफलता से अपने साथी ग्रामीणों को प्रेरित किया है. आम की बागवानी और सेब की खेती से बने पहचान वहीं मोहन सिंह बारी ने अपनी यात्रा को याद करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने मनरेगा योजना का उपयोग करके अपनी आम की बागवानी का सपना साकार किया. उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना से 2021-22 में लगभग 125 आम के पौधे लगाये थे. उन्हें काफी मेहनत कर सींचा और वर्तमान में सभी पौधे जीवित हैं. इसके अलावा ये अपने यहां सेब की खेती भी कर रहे हैं.
पहली बार दोनों दिल्ली की करेंगे यात्रा
15 अगस्त को आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित दोनों किसानों को कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति आकांक्षी जिलों के निवासियों, विशेषकर उन लोगों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत होगी, जो प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं. यह पहली बार होगा जब दुशासन सिंह और मोहन सिंह बारी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की यात्रा करेंगे और स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनेंगे. वे इस अवसर पर अपने उत्साह और गर्व को व्यक्त करते हुए कहते हैं उन्हें दिल्ली में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है. यह उनके लिए बड़े ही गर्व की बात है. वे वहां जाने के लिए काफी उत्सुक हैं. अभी तक टीवी पर ही स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते थे. पहली बार इस समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं.
