छेड़खानी, साइबर अपराध या ATM धोखाधड़ी मामले में स्कैन करें डायल 112 का QR-Code
रांची: महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और एटीएम से संबंधित अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के लिए डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देशानुसार रांची पुलिस ने डायल-112 का क्यूआर कोड बनाया है. क्यूआर कोड को जिला के सभी ऑटो, ई-रिक्शा एवं नगर निगम के सभी बसों पर चिपकाया जायेगा, जिसे महिलाएं आसानी से स्कैन कर डायल-112 में छेड़खानी संबंधी एवं अन्य शिकायत दर्ज कर सकेंगी.
इसी तरह एटीएम से संबंधित धोखाधड़ी या साइबर अपराध की सूचना और शिकायत के लिए भी क्यूआर कोड बनाया गया है. जिसे शहर के सभी एटीएम पर चिपकाया जाएगा. जिसे सभी आम लोग आसानी से स्कैन कर सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर डायल-112 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.

इस प्रकार इन क्यूआर कोड की व्यवस्था के माध्यम से डायल-112 और अधिक प्रभावी हो गया है ताकि लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें. पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को डीआईजी अनूप बिरथरे, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा और सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने औपचारिक रूप से डायल-112 और क्यूआर-कोड को सार्वजनिक किया.
